मत्स्य मंत्रालय बनाने की राहुल गांधी की मांग पर गिरिराज सिंह का तंज- आप नए मत्स्यपालन मंत्रालय में आएं
अपने एक अन्य ट्वीट में गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिमाग में सिर्फ इटली रहता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने तंज कसा है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि मैं आप से अनुरोध करता हूं कि नए फिशरी मंत्रालय द्वारा पूरे देश में चलाए जा रहे योजनाओं को जानने के लिए आप मंत्रालय में आएं। गौरतलब है कि पुडुचेरी के अपने दौरे में राहुल गांधी ने बुधवार को मछुआरों को संबोधित किया। मछुआरा समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को मछुआरों की समस्या के समाधान के लिए अलग मंत्रालय बनाना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने देश की रीढ़ कहे जाने वाले किसानों के खिलाफ तीन बिल पास किए हैं। आपको आश्चर्य होगा कि मैं यहां मछुआरों के बीच किसानों की बात क्यों कर रहा हूं। लेकिन मैं आप लोगों को समुद्र का किसान मानता हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जमीन पर काम करने वाले किसानों के लिए केंद्र सरकार में मंत्रालय हो सकता है तो फिर समुद्र में काम करने वाले किसानों के लिए अलग मंत्रालय क्यों नहीं बनाया जा सकता है।
राहुल जी!
मेरा आपसे अनुरोध है कि आप नए मत्स्यपालन मंत्रालय में आएँ या मुझे जहाँ बुलाएँ,मैं आ जाता हूँ। मैं आपको नए फ़िशरी मंत्रालय के द्वारा पूरे देश तथा पुदुच्चेरी में चलाए जा रहे योजनाओं के बारे में बताता हूँ। https://t.co/eV39avbeDt— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) February 17, 2021
बताते चले कि देश में मत्स्य पालन मंत्रालय पहले से ही कार्यरत है। मतस्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर राहुल गांधी से कहा कि राहुल जी! मेरा आपसे अनुरोध है कि आप नए मत्स्यपालन मंत्रालय में आएं या मुझे जहां बुलाएं मैं आ जाता हूं। मैं आपको नए फ़िशरी मंत्रालय के द्वारा पूरे देश तथा पुदुच्चेरी में चलाए जा रहे योजनाओं के बारे में बताता हूं।
साथ ही गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल जी ! आपको इतना तो पता ही होना चाहिए कि 31 मई,2019 को ही मोदी जी ने नया मंत्रालय बना दिया और 20050 करोड़ रुपए की महायोजना (PMMSY) शुरू की जो आज़ादी से लेकर 2014 के केन्द्र सरकार के खर्च 3682 करोड़ से कई गुना ज़्यादा है।
वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी एक ट्वीट कर राहुल गांधी पर तंज कसा है। गिरिराज सिंह को टैग करते हुए अनुराग ठाकुर ने लिखा है कि राहुल गांधी जी यह मंत्रालय और यह मंत्री हैं और फिर एक बार झूठ के चक्कर में कांग्रेस पार्टी की किरकिरी हो रही है।