त्विषा शर्मा मामले में कथित आरोपी गिरिबाला सिंह ने मंगलवार को भोपाल की एक अदालत के समक्ष आरोप लगाया कि त्विषा के वकील ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी। उन्होंने कहा कि दहेज हत्या के मामले में सुनवाई के दौरान जबलपुर कोर्ट में वकील ने उनके बेटे समर्थ सिंह पर हमला किया था।

पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने यह आरोप सीबीआई द्वारा मामले में समर्थ और गिरिबाला सिंह की पांच दिवसीय हिरासत पूरी होने के बाद कोर्ट के सामने पेश होने के बाद की कार्यवाही के दौरान सामने आया।

त्विषा के वकील ने किया इनकार

गिरिबाला सिंह ने दावा किया कि जबलपुर कोर्ट में कार्यवाही के दौरान त्विषा के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने समर्थ पर हमला किया था। इस आरोप का जवाब देते हुए अनुराग ने इससे इनकार किया और कहा कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में इस दावे की पुष्टि की जांच की जा सकती है।

उन्होंने समर्थ सिंह को यह बताने की चुनौती भी दी कि वह जबलपुर कोर्ट परिसर के भीतर कथित तौर पर कहां छिपा हुआ था। सुनवाई के दौरान, “गिरिबाला ने मामले के इर्द-गिर्द चल रहे मीडिया ट्रायल पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कोर्ट से कहा, मीडिया ट्रायल बंद होना चाहिए। हम जहां भी जाते हैं, मीडिया हमारा पीछा करता है, इसे रोकना होगा। हमारी जान खतरे में है।”

सीबीआई के सीन रिक्रिएशन पर उठाए सवाल

उन्होंने सीबीआई द्वारा हाल ही में किए गए क्राइम सीन रिक्रिएशन पर भी चिंता जाहिर की और प्रक्रिया के दौरान अनियमितताओं का आरोप लगाया। गिरिबाला सिंह ने सवाल करते हुए कहा कि उन्हें उनके दरवाजे पर छोड़ने के बजाय तीन घर दूर क्यों छोड़ा गया और मीडिया में इस प्रक्रिया के फुटेज प्रसारित किए जाने पर भी आपत्ति जताई।

ज्यूडिशियल कस्टडी मांग रही सीबीआई

सीबीआई ने कोर्ट को सूचित किया कि हालांकि वह वर्तमान में आरोपियों के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी की मांग कर रही है, लेकिन जांच के दौरा जरूरत पड़ने पर वह आगे पुलिस कस्टडी की भी मांग कर सकती है।

एजेंसी ने कोर्ट से कहा, इस चरण में हम ज्यूडिशियल कस्टडी का अनुरोध कर रहे। हालांकि जरूरत पड़ने पर हम पुलिस कस्टडी की मांग करेंगे।

जानकारी दे दें कि नोएडा की रहने वाली त्विषा शर्मा की 12 मई को भोपाल में उनके ससुराल में मौत हो गई थी। त्विषा के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उनके पति और ससुराल वालों ने दहेज उत्पीड़न और मानसिक यातनाएं दी। हालांकि इस मामले में अब सीबीआई जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: त्विषा शर्मा केस: दूसरे कैदियों से अलग रखे जाएंगे समर्थ और गिरिबाला, कोर्ट में CBI ने क्या बताया

त्विषा शर्मा मामले में भोपाल कोर्ट ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने दोनों की अतिरिक्त कस्टडी की मांग नहीं की। इसी वजह से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया। बताया जा रहा है कि गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह भोपाल सेंट्रल जेल में रहेंगे। दोनों को अन्य कैदियों से अलग रखा जाएगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें