इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वतंत्र भारत में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लम्बा नियमित कार्यकाल पूरा करने के लिए बधाई दी।। केंद्र में मोदी सरकार ने 12 साल पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है।

मेलोनी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, ”भारत के इतिहास में आज सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई।”

पिछले महीने रोम में हुई अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए मेलोनी ने कहा, “हाल के हफ्तों में रोम में आपसे दोबारा मिलकर खुशी हुई। साथ ही, हमने मिलकर एक विशेष रणनीतिक साझेदारी (Special Strategic Partnership) की शुरुआत की जो भविष्य की ओर देखते हुए हमारे देशों और लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।”

मई में प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की थी। दोनों की रोम स्थित ऐतिहासिक कोलोजियम यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं।

मोदी ने X पर अपनी मुलाकात की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था, “रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मेलोनी से रात्रिभोज पर मुलाकात का अवसर मिला। इसके बाद हमने प्रतिष्ठित कोलोजियम का भी दौरा किया।”

बाद में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफियां उपहार में देने का अंदाज भारत की राजनीति और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। भाजपा और विपक्ष, दोनों के नेताओं ने इस वायरल ‘Melodi’ पल पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।

यह हल्का-फुल्का और दोस्ताना बातचीत तब और लोकप्रिय हो गई जब मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर प्रधानमंत्री मोदी को तोहफे के लिए धन्यवाद दिया।

वीडियो में मेलोनी मुस्कुराते हुए कहती हैं, “प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक बहुत, बहुत अच्छी टॉफी गिफ्ट में लाए हैं- मेलोडी।” यह सुनकर मोदी भी हंस पड़ते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर ‘Melodi’ (Meloni + Modi) ट्रेंड करने लगा और दोनों नेताओं की इस मजेदार बातचीत ने खूब सुर्खियां बटोरीं।

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे

एनडीए के घटक दलों के नेता बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में मिलेंगे। एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी को स्वतंत्र भारत में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लम्बा नियमित कार्यकाल पूरा करने के लिए बधाई दी।