राजस्थान के जीरा और सौंफ उत्पादक किसान ‘उंझा जीरा’ और ‘उझां सौंफ’ को मिले भौगोलिक संकेतक (GI) टैग का विरोध कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि गुजरात के मेहसाणा जिले की उंझा कृषि उपज मंडी समिति (APMC) के नाम पर यह GI टैग दिया गया है। किसानों के मुताबिक, उंझा मुख्य रूप से मसालों की खरीद-बिक्री का केंद्र है ना कि उत्पादन का।
बाड़मेर जिले के शिव तहसील के उंडू गांव की किसान लाछी चौधरी कहती हैं, ”उंझा में जीरा उगाया नहीं जाता, वहां सिर्फ उसका व्यापार होता है। फिर उसे ‘उंझा जीरा’ कैसे कहा जा सकता है?”
लाछी चौधरी अपनी 100 बीघा (करीब 16.7 हेक्टेयर) जमीन में से 70 बीघा पर जीरे की खेती करती हैं। गुजरात सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024-25 में मेहसाणा जिले में केवल 174 हेक्टेयर में जीरे की खेती हुई जबकि पूरे गुजरात में इसका रकबा 4.76 लाख हेक्टेयर से ज्यादा था। इसी तरह इसी तरह मेहसाणा का उत्पादन केवल 149 टन रहा जबकि पूरे राज्य में 4.07 लाख टन जीरा पैदा हुआ।
बेहतर दाम के लिए उंझा जाती हैं किसान
लाछी चौधरी ‘मारू लक्ष्मी क्यूमिन फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी’ की निदेशक भी हैं। उनका कहना है कि राजस्थान की जोधपुर और मेड़ता मंडियां उनके गांव से ज्यादा करीब हैं लेकिन वहां जीरे का उचित मूल्य नहीं मिलता। इसलिए वे करीब 370 किलोमीटर दूर उंझा मंडी में अपनी उपज बेचती हैं जहां बड़े निर्यातक और कारोबारी मौजूद रहते हैं।
उनकी संस्था ने वर्ष 2025026 के सीजन में 400 महिला किसानों से करीब 2000 टन जीरा इकट्ठा किया। इसमें से 500 टन IPM (इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट) गुणवत्ता वाला जीरा केरल की कंपनी AVT McCormick Ingredients Pvt. Ltd. को 230 रुपये प्रति किलो के भाव से बेचा गया। बाकी 1500 टन जीरा उंझा मंडी में 180 से 200 रुपये प्रति किलो के बीच बिका। औसतन 210 रुपये प्रति किलो के हिसाब से संस्था का कारोबार 42 करोड़ रुपये रहा।
लाछी चौधरी का आरोप है कि अब GI टैग का इस्तेमाल कर व्यापारी राजस्थान के जीरे को कमतर बताकर किसानों को कम कीमत देने की कोशिश करेंगे।
GI क्षेत्र सिर्फ मेहसाणा तक सीमित नहीं
28 मार्च को जारी GI प्रमाणपत्र के अनुसार, ‘उंझा जीरा’ का क्षेत्र केवल मेहसाणा तक सीमित नहीं है। इसमें गुजरात के बनासकांठा, पाटन, अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, बोटाद, मोरबी, जामनगर, राजकोट, अमरेली, गिर सोमनाथ, जूनागढ़, पोरबंदर, देवभूमि द्वारका और कच्छ सहित कई जिले शामिल किए गए हैं।
सौंफ उत्पादकों को भी चिंता
सिरोही जिले के कछोली गांव के किसान इशाक अली भी ‘उंझा सौंफ’ GI टैग को लेकर चिंतित हैं। वे अपनी 10 हेक्टेयर जमीन में से 9 हेक्टेयर पर सौंफ उगाते हैं और हर साल 22-23 टन उत्पादन करते हैं। उनकी करीब आधी उपज भी उंझा मंडी में बिकती है।
इशाक अली ने ‘अबू सौंफ-440’ नाम की विशेष किस्म विकसित की है जिसे पौध किस्म एवं किसान अधिकार संरक्षण अधिनियम के तहत किसान किस्म के रूप में पंजीकृत किया गया है। यह किस्म सिरोही जिले में 5000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में उगाई जाती है।
उनका दावा है कि उनकी मोटे दाने, चमकीले हरे रंग और खास सुगंध वाली सौंफ ऑनलाइन 450 से 500 रुपये प्रति किलो तक बिकती है। वहीं उंझा मंडी में इसका भाव 300 से 400 रुपये प्रति किलो मिलता है। वहीं सामान्य सौंफ की कीमत 100 से 200 रुपये प्रति किलो रहती है।
इशाक अली का कहना है कि ‘उंझा सौंफ’ का GI टैग राजस्थान की सौंफ, खासकर उनकी विकसित किस्म की पहचान और कीमत पर असर डाल सकता है। उनका सवाल है, ”किसी मंडी के नाम पर GI टैग कैसे दिया जा सकता है?”
उंझा APMC ने किया बचाव
उंझा APMC के अध्यक्ष दिनेश पटेल का कहना है कि उंझा क्षेत्र जीरे की खेती का ऐतिहासिक केंद्र रहा है। समय के साथ यहां से बीज दूसरे राज्यों और चीन तक पहुंचे जिससे अन्य जगहों पर खेती बढ़ी। उनके मुताबिक, जैसे ‘गिर केसर आम’ सिर्फ उसके मूल क्षेत्र के नाम से पहचाना जाता है, वैसे ही ‘उंझा जीरा’ भी अपनी भौगोलिक पहचान रखता है।
सौंफ के मामले में भी उन्होंने दावा किया कि उंझा क्षेत्र की सौंफ का स्वाद अलग है। उनका कहना है कि दोनों GI टैग के लिए 1000 से ज्यादा पन्नों के वैज्ञानिक दस्तावेज और शोध प्रमाण GI रजिस्ट्री को सौंपे गए थे। आवेदन 24 जून 2024 को गुजरात सरकार, सरदारकृष्णनगर दांतीवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय और एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के समर्थन पत्रों के साथ किया गया था।
विशेषज्ञों ने उठाए सवाल
जोधपुर स्थित साउथ एशिया बायोटेक्नोलॉजी सेंटर के संस्थापक निदेशक डॉ. भागीरथ चौधरी का कहना है कि GI टैग किसी उत्पाद की उस जगह से जुड़ी विशेष गुणवत्ता के आधार पर दिया जाना चाहिए जहां उसका उत्पादन होता है ना कि जहां उसका व्यापार होता है।
उनके अनुसार, उंझा दुनिया भर में मसालों के बड़े व्यापारिक केंद्र के रूप में जाना जाता है जबकि वहां बिकने वाला काफी जीरा और सौंफ राजस्थान से आता है। उनका यह भी कहना है कि गुजरात की जलवायु, मिट्टी और खेती की जिन विशेषताओं का हवाला GI आवेदन में दिया गया है, वे राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों पर भी समान रूप से लागू होती हैं।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक का भी मानना है कि किसी कृषि उत्पाद को GI टैग देने से पहले उसकी खुशबू, स्वाद, जैव-रासायनिक गुण, मिट्टी, जलवायु और खेती की तकनीकों का स्वतंत्र वैज्ञानिक मूल्यांकन होना चाहिए। उनके मुताबिक, इस मामले में अजमेर स्थित राष्ट्रीय बीज मसाला अनुसंधान केंद्र जैसे विशेषज्ञ संस्थान की राय ली जा सकती थी।
उत्पादन के आंकड़े
साल 2024-25 में राजस्थान में जीरे का 6.89 लाख टन उत्पादन हुआ और इसके साथ ही यह देश का सबसे बड़ा जीरा उत्पादक राज्य बन गया। वहीं गुजरात में 4.72 लाख टन जीरा पैदा हुआ। सौंफ उत्पादन में गुजरात 1.31 लाख टन के साथ पहले स्थान पर रहा जबकि राजस्थान का उत्पादन 0.44 लाख टन दर्ज किया गया।
