पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद से केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में अभी और बढ़ोतरी होगी। दाम 20 रुपये या उससे अधिक भी बढ़ सकते हैं। हमने तीन महीने पहले ही सरकार को आगाह किया था। अब परिस्थिति सरकार के हाथों से निकल चुकी है। सरकार की नामसमझी की कीमत जनता चुकाएगी। न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा का भी जिक्र किया।

न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा, “संभव है कि यह बढ़ोतरी 20 रुपये से भी ज्यादा हो जाए। अब स्थिति उनके नियंत्रण में नहीं रही है। प्रधानमंत्री के सिर्फ एक कार्यक्रम पर जितना पैसा खर्च होता है, उतना एक आम आदमी पूरे साल में भी खर्च नहीं कर पाता। प्रधानमंत्री को संसद का सत्र बुलाना चाहिए और सदन को साफ-साफ बताना चाहिए कि देश के भीतर आखिर क्या चल रहा है।”

कांग्रेस सांसद ने जनता को किया आगाह

उन्होंने कहा, “यह एक वैश्विक संकट है, लेकिन अगर सही दृष्टिकोण अपनाया गया होता और सही फैसले लिए गए होते तो हम इस स्थिति में फंसे नहीं होते। हमारे नेता वर्षों से चेतावनी देते आ रहे हैं कि यह रास्ता हमें कहां ले जाएगा। लेकिन हमारी बातें सुनी जाती। अब सरकार की नामसमझी की कीमत जनता चुकाएगी। जनता को ही भुगतना है। अभी तो बहुत सारी पाबंदियां आएंगी।”

कांग्रेस सांसद कहा, “नीट का पेपर लीक हो गया। इससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। यह लोग हिजाब, जिहाद, मंदिर-मस्जिद की बात करते हैं। लेकिन देश के युवा का भविष्य क्या होगा, इस पर आप बात नहीं करते। देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बात नहीं करते। ऐसी बातें करके लोगों को उलझा कर रखते हैं। ताकि उन्हें बुनियादी सवालों का जवाब नहीं देना पड़े। पहले पेट्रोल-डीजल की कीमतों में पहले इजाफा होता था तो हंगामा मच जाता था। अब यह देशभक्ति के नाम पर दाम बढ़ाए जा रहे हैं। यह कैसी देशभक्ति है।”

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के बीच भारत सरकार ने शुक्रवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान किया है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये का इजाफा किया गया है। साथ ही सीएनजी के भी दाम में बढ़ोतरी की गई है। सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं।

कीमतों में बढ़तरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है जबकि डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

ईंधन के कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण जनता पहले से सशंकित थी। उन्हें यह डर सता रहा था कि ईंधन की कीमतों में बड़ा इजाफा हो है। इसके साथ ही आपूर्ति को लेकर भी वे संदेह की स्थिति में थे। इस कारण वो ईंधन की ‘पैनिक बाइंग’ कर रहे थे।

यह भी पढ़ें – पेट्रोल-डीजल-CNG महंगा होने पर कांग्रेस का वार, अखिलेश बोले- साइकिल ही विकल्प

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर एक कार्टून इमेज शेयर करते हुए लिखा कि आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है। ईंधन की कीमतों में इजाफे को लेकर कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी को ‘महंगाई मैन’ बताते हुए लिखा कि मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया। पूरी खबर पढ़ें…