हिमाचल प्रदेश के रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नंद लाल का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 72 साल के थे। उन्होंने शिमला के चमियाणा स्थित अटल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अंतिम सांस ली। नंद लाल के निधन के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा की एक सीट खाली हो गई है।
इस सीट पर अब उपचुनाव होगा। दिसंबर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह उपचुनाव होगा। वहीं 68 सदस्यों वाली हिमाचल विधानसभा में सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर 39 रह गई है।
नंद लाल का सफर
नंद लाल का जन्म शिमला जिले के रामपुर बुशहर के देवठी गांव में हुआ था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी (HPU) से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। इसके बाद 1980 में वह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में भर्ती हो गए।
1990 के दशक में उन्होंने स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) में भी सेवाएं दीं। उस समय SPG को प्रधानमंत्री और पूर्व प्रधानमंत्रियों के अलावा कुछ खास लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी। SPG कमांडो के रूप में नंद लाल ने कई सुरक्षा जिम्मेदारियां संभालीं। वह कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की सुरक्षा टीम का भी हिस्सा रहे थे।
कांग्रेस के एक नेता ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ”SPG में रहते हुए नंद लाल ने पूर्व और मौजूदा प्रधानमंत्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई थी। वह सोनिया गांधी की सुरक्षा में भी कमांडो के रूप में तैनात रहे। उनकी सेवाओं के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और चंद्रशेखर ने उन्हें प्रशंसा पत्र भी दिए थे। इसके अलावा, उन्होंने जम्मू-कश्मीर के आतंकवाद प्रभावित इलाकों में ITBP की एक बटालियन की कमान भी संभाली थी। उनकी सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।”
वीरभद्र सिंह के करीबी रहे नंद लाल
नंद लाल ने 2007 में ITBP से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर कांग्रेस का दामन थाम लिया। उसी साल हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें उनके गृह क्षेत्र रामपुर से टिकट दिया। यह अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीट है। उन्होंने 6,470 वोटों के अंतर से चुनाव जीता।
इसके बाद उन्होंने 2012 और 2017 के विधानसभा चुनावों में भी रामपुर सीट से जीत दर्ज की और प्रदेश में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में अपनी जगह बनाई। 2013 में तत्कालीन कांग्रेस मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में उन्हें मुख्य संसदीय सचिव (CPS) बनाया गया। उन्होंने विधानसभा की कई समितियों में भी काम किया। वीरभद्र सिंह से उनकी नजदीकी ने उनकी राजनीतिक पहचान को मजबूत किया।
नंद लाल प्रदेश कांग्रेस में वीरभद्र सिंह के गुट के नेता माने जाते थे। जुलाई 2021 में वीरभद्र सिंह के निधन के बाद भी उनकी पहचान इसी गुट से जुड़ी रही।
कांग्रेस के एक नेता ने कहा, ”रामपुर बुशहर वीरभद्र सिंह का गृह क्षेत्र था। वहां आज भी उनके परिवार का प्रभाव है। नंद लाल की दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी अच्छी नजदीकी थी। इन बातों ने उनके राजनीतिक सफर में अहम भूमिका निभाई।”
2022 के विधानसभा चुनाव में नंद लाल ने बीजेपी उम्मीदवार को सिर्फ 567 वोटों से हराया था। उस चुनाव में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनाई थी। सुक्खू को वीरभद्र सिंह का विरोधी माना जाता था।
सुक्खू ने भी बढ़ाई नजदीकी
फरवरी 2024 में जब लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला के रिज मैदान पर अपने पिता वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाने की अनुमति नहीं मिलने पर सुक्खू सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई थी तब नंद लाल भी उनके साथ खड़े थे। विक्रमादित्य सिंह ने अपने पिता के घर होली लॉज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भावुक होकर अपनी बात रखी थी।
मार्च 2024 में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नंद लाल को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देते हुए सातवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसे कांग्रेस के भीतर अपने विरोधियों से नजदीकी बढ़ाने की सुक्खू की कोशिश के तौर पर देखा गया था। उस समय पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का भी दबाव था।
यह नियुक्ति ऐसे समय हुई थी जब कांग्रेस में संगठन और सरकार के अहम पदों को लेकर मतभेद बढ़ रहे थे। उस समय हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं) ने सार्वजनिक रूप से सुक्खू सरकार पर पार्टी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण पदों पर जगह नहीं देने का आरोप लगाया था।
नंद लाल प्रतिभा सिंह के गुट से जुड़े माने जाते थे। ऐसे में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति राजनीतिक रूप से अहम थी। राज्य वित्त आयोग का काम पंचायतों और शहरी निकायों समेत स्थानीय संस्थाओं के बीच वित्तीय व्यवस्था और संसाधनों के बंटवारे की समीक्षा करना है।
सूत्रों के मुताबिक, कई स्वास्थ्य समस्याओं के कारण नंद लाल ज्यादातर समय अपने आधिकारिक काम से दूर रहते थे। हालांकि मुख्यमंत्री सुक्खू उनसे नियमित रूप से मिलने जाते थे।
नंद लाल के निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रतिभा सिंह, विक्रमादित्य सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।
