झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जोर पकड़ रहा है। सोमवार को रांची में विधानसभा घेराव के लिए निकले प्रदर्शनकारी छात्रों के मार्च में विरोध का अनोखा अंदाज देखने को मिला।
छात्रों और उनके समर्थकों के बीच कुछ लोग स्पाइडर-मैन, वनमानुष और फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार के गेटअप में नजर आए। इन प्रदर्शनकारियों ने अपने अलग अंदाज के जरिए सरकार और देश का ध्यान छात्रों की मांगों की ओर खींचने की कोशिश की।
स्पाइडर-मैन के अंदाज में प्रदर्शनकारी ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन में स्पाइडर-मैन का मास्क पहनकर पहुंचे एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वह इस गेटअप में इसलिए आया है क्योंकि झारखंड सरकार के कानों तक छात्रों की आवाज नहीं पहुंच रही है। ANI से बातचीत में उसने कहा, “हम झारखंड इसलिए आए हैं क्योंकि आपके झारखंड की सरकार के कानों में आवाज नहीं जा रही है, लेकिन अमेरिका में बैठे स्पाइडर-मैन के कानों में आवाज जा रही है।”
उसने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की बात सुनना नहीं चाहती और उनकी समस्याओं पर कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रदर्शनकारी ने कहा कि स्पाइडर-मैन का गेटअप लोगों का ध्यान आकर्षित करने और छात्रों की आवाज को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का एक तरीका है।
‘पुष्पा’ के गेटअप में महाराष्ट्र से पहुंचा युवक
वहीं, आंदोलन में महाराष्ट्र से पहुंचे एक युवक ने ‘पुष्पा’ के किरदार के गेटअप में सबका ध्यान खींचा। युवक ने फिल्म के अभिनेता अल्लू अर्जुन के किरदार पुष्पा की तरह हाथों में अंगूठियां और गले में मोटी सोने की चेन पहन रखी थी। उसने अपने बालों को भी ‘पुष्पा’ के अंदाज में कलर कराया हुआ था।
युवक ने कहा कि वह ‘पुष्पा स्टाइल’ में छात्रों के आंदोलन का समर्थन करने आया है। उसने कहा कि देश के दूसरे हिस्सों में भी बड़े कलाकार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स छात्र आंदोलनों के समर्थन में सामने आए हैं। ऐसे में झारखंड के छात्रों की आवाज को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचना चाहिए।
‘झारखंड के छात्र झुकेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं’
‘पुष्पा’ के गेटअप में पहुंचे युवक ने कहा कि सोशल मीडिया पर मौजूद लोगों को इस मुद्दे की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचानी चाहिए। उसने अपील की कि भले ही लोग उसे फॉलो या लाइक न करें, लेकिन छात्रों से जुड़ी इस मुहिम को शेयर जरूर करें, ताकि मामला नेशनल न्यूज तक पहुंचे और छात्रों को न्याय मिल सके।
उसने फिल्मी अंदाज में कहा, “झारखंड के स्टूडेंट झुकेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं, जब तक न्याय मिलेगा नहीं।” युवक ने कहा कि जिस तरह माता-पिता अपने बच्चों की मांगों के आगे झुक जाते हैं, उसी तरह सरकार को भी छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
सीएम हेमंत सोरेन के जन्मदिन का भी किया जिक्र
दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन का भी जिक्र हुआ। ‘पुष्पा’ के गेटअप में पहुंचे युवक ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के छात्रों की ओर से मुख्यमंत्री को ऐसा ‘गिफ्ट’ देना चाहिए, जिससे उनकी मांगें पूरी हों और छात्रों के भविष्य से जुड़ा यह मुद्दा आगे बढ़ सके।
बता दें, JPSC-JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी लगातार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार का विधानसभा घेराव मार्च भी इसी आंदोलन का हिस्सा रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अलग-अलग तरीकों से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद आंसू गैस के गोले दागे, देवेंद्र नाथ महतो बोले- सीएम की कुर्सी हिला देंगे
झारखंड सरकार के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद राज्य में विरोध कर रहे छात्र सोमवार को रांची में विधानसभा के पास में पहुंच गए। इन छात्रों पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज भी किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
