Madhya Pradesh News: बस का किराया बढ़ना, स्कूलों को शहर से बाहर ले जाने की योजना और चार संस्थानों को केंद्रीय विद्यालय सिस्टम के तहत लाने का प्रस्ताव, इन तीनों बातों में शायद ही कोई समानता हो। लेकिन इस हफ्ते मध्य प्रदेश में इन तीनों पर एक जैसी प्रतिक्रिया देखने को मिली। स्कूली बच्चे अपनी क्लास से बाहर निकलकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे।

इनमें से कोई भी विरोध प्रदर्शन किसी छात्र संघ, शिक्षक संगठन या राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आयोजित नहीं किया था। इन सभी की अगुवाई स्कूली बच्चों ने की। वे सीधे अधिकारियों से संवाद करना चाहते थे।

पहला विरोध प्रदर्शन विदिशा जिले के सिरोंज बस स्टैंड पर हुआ। कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राएं जिन रूटों पर बस से आती-जाती थीं, वहां प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने किराया 10-15 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया था। 12 अगस्त को छात्राएं बस स्टैंड पर इकट्ठा हुईं और लगभग आधे घंटे तक नारे लगाए। उन्होंने स्थानीय विधायक उमाकांत शर्मा से दखल देने की अपील की और कहा कि किराये में बढ़ोतरी से उनके स्कूल जाने पर असर पड़ेगा।

सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट ओम नारायण बडकुल, पुलिस के सब-डिविजनल ऑफिसर और स्थानीय पुलिस स्टेशन के इंचार्ज के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को बताया कि प्रशासन इस मामले पर ऑपरेटरों से बात करेगा। उस आश्वासन के बाद विरोध प्रदर्शन खत्म कर दिया गया। दो दिन बाद, एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, पुलिस स्टेशन प्रभारी और बस संचालकों की बैठक के बाद प्रशासन ने घोषणा की कि स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं से पहले वाला किराया ही लिया जाएगा।

उज्जैन में क्यों किया गया विरोध?

उज्जैन में विवाद राज्य के उस आदेश को लेकर था जिसमें जिले के 11 स्कूलों को शहर से छह से दस किलोमीटर दूर दाउदखेड़ी स्थित संदीपानी स्कूल में विलय करने का निर्देश दिया गया था। ये छह शहरी स्कूल सराफा, महाकाल मैदान, महाराजवाड़ा और जयसिंहपुरा क्षेत्रों में स्थित हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि 2500 से ज्यादा छात्र प्रभावित होंगे, हालांकि जिला प्रशासन ने इस आंकड़े की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।

सराफा स्कूल की ज्यादातर छात्राओं सहित 300 से अधिक छात्राओं ने 14 अगस्त को उज्जैन कलेक्ट्रेट के बाहर लगभग दो घंटे तक धरना दिया। एक छात्रा ने बताया कि कई छात्राएं पहले से ही स्कूल पहुंचने के लिए आठ से दस किलोमीटर का सफर तय करती हैं और उनके माता-पिता इतनी लंबी-दूरी तय करने में असमर्थ हैं।

एक और छात्र ने लंबे और दूर-दराज वाले रास्ते से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं के बारे में बताया, “हम दाउदखेड़ी नहीं जाना चाहते। हमारा मौजूदा स्कूल मुख्य सड़क पर है और हममें से कई छात्र दूर-दराज के गांवों से आते हैं।” मंगलवार देर रात मध्य प्रदेश सरकार ने घोषणा की कि उज्जैन के रानी लक्ष्मीबाई गवर्नमेंट सराफा हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र तब तक मौजूदा सराफा कैंपस में ही क्लास अटेंड करते रहेंगे, जब तक कि कोई उपयुक्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती।

कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि यह फैसला मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशों पर लिया गया है। कलेक्टर ने कहा, “छात्राओं के हित में एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील फैसला लिया गया है। जब तक स्कूल के लिए कोई उपयुक्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती, छात्राएं मौजूदा सराफा स्कूल में ही पढ़ाई जारी रखेंगी।”

भोपाल में छात्रों ने किया विरोध

भोपाल में डीएमएस के लगभग 400 छात्रों ने स्कूल को केंद्रीय विद्यालय संगठन नेटवर्क में मिलाने के प्रस्ताव का विरोध किया। यह स्कूल उन चार संस्थानों में से एक है (बाकी तीन अजमेर, मैसूर और भुवनेश्वर में हैं) जिन्हें दिसंबर 1965 में एनसीईआरटी के तहत स्थापित किया गया था। इनका मकसद ऐसे शिक्षण तरीकों को आजमाना था जिन्हें बाद में भारतीय क्लासरूम में बड़े पैमाने पर अपनाया गया।

“डीएमएस बचाओ” और “हमें न्याय चाहिए” लिखे हुए बैनर लिए छात्रों ने प्रधानाचार्य एस.के. गुप्ता को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें विलय का विरोध किया गया और चेतावनी दी गई कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आंदोलन करेंगे। एनसीईआरटी के 7 अगस्त 2026 के एक आदेश से पता चलता है कि इसके चार पीएम श्री डीएमएस को केंद्रीय विद्यालय संगठन को ट्रांसफर करने का प्रस्ताव शुरुआती चरण से आगे बढ़ चुका है और संस्थानों को केवीएस को सौंपने की प्रक्रिया पर काम करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि समिति का गठन विशेष रूप से 4 पीएम श्री डीएम स्कूलों को केवीएस को सौंपने की प्रक्रिया तैयार करने के लिए किया गया है और यह अपने गठन के एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। विरोध करने वाले स्कूली छात्रों ने चिंता जताई है कि अगर विलय होता है, तो मौजूदा छात्रों, शिक्षकों और वोकेशनल कोर्स का क्या होगा।

यह भी पढ़ें: JPSC की परीक्षाओं पर हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा फैसला, 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द, राज्य सरकार ने जारी की सूची

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने मंगलवार रात उन 44 भर्ती परीक्षाओं की सूची जारी की है जिन्हें गड़बड़ियों की वजह से रद्द किया गया है झारखंड सरकार ने मंगलवार देर रात आठ अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि रद्द की गई परीक्षाओं में वे परीक्षाएं भी शामिल हैं, जो 2014 से झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) ने आयोजित की थीं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…