Free bus travel for women in West Bengal: पश्चिम बंगाल की महिलाएं सोमवार (1 जून) से सरकारी बसों में फ्री सफर कर सकेंगी। जी हां, राज्य संचालित बसों में महिलाओ के लिए फ्री यात्रा भारतीय जनता पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए प्रमुख वादों में से एक था। इसके साथ ही अन्नपूर्णा भंडार योजना का भी वादा किया गया था। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उनके लिए सार्वजनिक परिवहन तक पहुंच को अधिक आसान एवं सुविधाजनक बनाना है।
राज्य के परिवहन विभाग द्वारा 21 मई को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह योजना 1 जून 2026 से प्रभावी होगी। अधिसूचना के मुताबिक, ”पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य की सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा योजना लागू करने का फैसला किया है।”
अधिसूचना के अनुसार, पश्चिम बंगाल में निवास करने वाली सभी महिलाएं राज्य संचालित छोटी और लंबी दूरी की बसों में मुफ्त यात्रा की पात्र होंगी। योजना के संचालन के लिए राज्य सरकार लाभार्थियों को एक डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी करेगी जिसमें क्यूआर कोड, लाभार्थी का नाम और फोटो शामिल होगा।
स्मार्ट कार्ड के लिए कैसे करें आवेदन?
योजना का लाभ उठाने की इच्छुक महिलाओं को स्मार्ट कार्ड के लिए आवेदन करना होगा। इसके लिए उन्हें अपने क्षेत्र के संबंधित ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) या उप-मंडल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र महिलाओं को डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा जिसके जरिए वे राज्य की सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
स्मार्ट कार्ड के लिए ये दस्तावेज होंगे मान्य
राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने के लिए महिलाओं को वैध पहचान दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र (EPEC), ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट और फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज शामिल हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा जारी किसी अन्य वैध पहचान पत्र को भी स्वीकार किया जाएगा।
मान्य दस्तावेजों की सूची में स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों द्वारा जारी आधिकारिक पहचान पत्र भी शामिल हैं। वहीं पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा जारी किसी भी पहचान पत्र का उपयोग भी आवेदन के लिए किया जा सकेगा।
स्मार्ट कार्ड के लिए आवेदन करते समय आवेदकों को एक हालिया पासपोर्ट आकार का फोटो भी जमा करना होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र महिलाओं को क्यूआर कोड, नाम और फोटो वाला डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे राज्य की सभी सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा का लाभ उठा सकेंगी।
ज़ीरो-वैल्यू टिकट क्या है? सरकारी बसों में कैसे होगी फ्री यात्रा
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट कार्ड जारी होने तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा सुविधा का लाभ लेने के लिए किसी भी वैध फोटो पहचान पत्र को दिखाना होगा। इसके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या सरकार द्वारा जारी अन्य मान्य पहचान पत्र स्वीकार किए जाएंगे।
अधिसूचना के अनुसार, बस में यात्रा के दौरान महिला यात्री को अपना पहचान पत्र ड्यूटी पर मौजूद कंडक्टर को दिखाना होगा। पहचान सत्यापन के बाद कंडक्टर उसे ‘जीरो वैल्यू टिकट’ या ‘थर्मल पेपर टिकट’ जारी करेगा जिसके आधार पर वह बिना किराया दिए यात्रा कर सकेगी।
सरकार ने कहा है कि योजना के तत्काल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए स्मार्ट कार्ड जारी होने तक फोटो पहचान पत्र के आधार पर ही लाभार्थियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद अनुरोध करने पर कंडक्टर द्वारा पहचान सत्यापन के उपरांत महिलाओं को जीरो वैल्यू टिकट जारी किया जाएगा जिससे वे राज्य संचालित बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
