Hormuz Strait Crisis: पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलमार्ग में जारी अवरोध को लेकर गुरुवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की है। दोनों ही वैश्विक नेताओं ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जल्द से जल्द सुरक्षा और आवाजाही की आजादी बहाल करने पर जोर दिया।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांसिसी राष्ट्रपति मैक्रों से बातचीत को लेकर एक्स पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन का फोन आया। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता को तत्काल बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की। हम क्षेत्र और उससे परे शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अपना घनिष्ठ सहयोग जारी रखेंगे।”
ऑस्ट्रिया के चांसलर से भी की पीएम मोदी ने भी मुलाकात
खास बात यह भी है कि गुरुवार को ही प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर के बीच भी बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में समुद्री मार्गों को सुरक्षित और बिना बाधा के बनाए रखने की जरूरत पर बल दिया।
इस मुलाकात को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया, “दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में हालिया चिंताजनक घटनाक्रम पर चर्चा की और मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए संवाद और कूटनीति के महत्व को रेखांकित किया, जिसमें समुद्री जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही भी शामिल है।”
होर्मुज जलमार्ग को लेकर बन रहा प्लान
बात दें कि फ्रांस और ब्रिटेन एक संयुक्त सम्मेलन आयोजित करने जा रहे हैं, जिसमें 40 से अधिक देशों को शामिल किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना है।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति मैक्रों ने पुष्टि की है कि यह वीडियो कॉन्फ्रेंस इस सप्ताह शुक्रवार को पेरिस में आयोजित होगी। इसमें कई देश मिलकर एक ‘बहुपक्षीय और रक्षात्मक मिशन’ के तहत काम करेंगे, जिसका लक्ष्य दुनिया के इस अहम ऊर्जा मार्ग में सुरक्षित आवाजाही बहाल करना है।
ट्रंप ने भी किया था पीएम मोदी को फोन
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया संकट के समाधान के बीच पिछले दिनों अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया था। दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक बातचीत हुई थी। इसमें भी होर्मुज जलमार्ग एक अहम मुद्दा रहा था।
फिर बातचीत की टेबल पर आएंगे अमेरिका और ईरान?
पाकिस्तान में अमेरिका-ईरान वार्ता फेल होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि बातचीत अगले दो दिनों में फिर से शुरू हो सकती है। मंगलवार को न्यूयॉर्क पोस्ट से बात करते हुए ट्रंप ने पुष्टि की की वार्ता की जगह फिर से पाकिस्तान ही रहेगी। पढ़िए पूरी खबर…
