Jagdeep Dhankhar News: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को बीमार पड़ने के बाद जयपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को उनकी एंजियोप्लास्टी हो सकती है। फिलहाल उनका इलाज जयपुर के ईएचसीसी अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह प्रक्रिया अमेरिका में रहने वाले मशहूर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सामिन शर्मा की सीधी देखरेख में की जाएगी।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि शारीरिक परेशानी के कारण भर्ती होने के बाद धनखड़ के कई मेडिकल टेस्ट किए गए। टेस्ट के नतीजों के आधार पर डॉक्टरों ने तुरंत एंजियोप्लास्टी करने का फैसला किया। डॉक्टरों की एक खास टीम उनकी हालत पर बारीकी से नजर रख रही है। हालांकि, अस्पताल ने अभी तक उनकी मौजूदा सेहत के बारे में कोई ज्यादा जानकारी नहीं दी है।

अशोक गहलोत ने की मुलाकात

इस बीच, पूर्व उपराष्ट्रपति के बीमार होने की खबर से राजनीतिक हलकों में चिंता फैल गई है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई बड़े राजनीतिक नेता उनसे मिलने और उनकी सेहत का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “ईएचसीसी अस्पताल, जयपुर में पूर्व उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनकड़ से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। यहां अमेरिका से आए डॉक्टर समीन शर्मा की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। श्री धनकड़ की आज एंजियोप्लास्टी होगी। मैं ईश्वर से श्री धनकड़ के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”

कौन हैं जगदीप धनखड़?

राजस्थान में मई 1951 में जन्मे जगदीप धनखड़ एक अनुभवी राजनीतिज्ञ और वकील हैं। जगदीप धनखड़ ने अपनी स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल, चित्तौड़गढ़ से पूरी की और उसके बाद राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर से बी.एससी. और एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। जगदीप धनखड़ ने 1979 में राजस्थान बार काउंसिल में एक वकील के रूप में नामांकन कराया। उन्हें 1990 में राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया था। धनखड़ 1990 से मुख्य रूप से सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर रहे थे। वह राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं।

राजनीति में कब की एंट्री?

जगदीप धनखड़ ने 1989 में राजनीति में प्रवेश किया और उसी साल कांग्रेस के टिकट पर झुंझुनू से लोकसभा के लिए चुने गए। 1990 में चंद्रशेखर सरकार में केंद्रीय मंत्री बने। राजस्थान कांग्रेस में अशोक गहलोत के उदय के साथ वह भाजपा में चले गए।

भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने 20 जुलाई, 2019 को जगदीप धनखड़ को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया था। कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश टीबी राधाकृष्णन ने 30 जुलाई, 2019 को कोलकाता के राजभवन में जगदीप धनखड़ को पद की शपथ दिलाई थी। जगदीप धनखड़ को 6 अगस्त, 2022 को होने वाले 2022 के चुनाव के लिए भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया था। वहीं उन्होंने पिछले साल राष्ट्रपति पद से स्वास्थ्य का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था।

यह भी पढ़ें: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ AIIMS में भर्ती, एक हफ्ते में दो बार हुए बेहोश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को 10 जनवरी को दो बार बेहोश होने के बाद सोमवार को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है। यहां पर उनकी एमआरआई की गई। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी है और कहा कि उनकी अन्य जांच मंगलवार को की जाएंगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…