मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने अपने कुछ सहयोगियों पर उन्हें पद से हटाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। बीरेन सिंह ने कहा है कि बीजेपी सरकार को अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लोगों का खोया हुआ भरोसा और विश्वास फिर से हासिल करना चाहिए।
एन. बीरेन सिंह ने सवाल किया कि फरवरी 2025 में उन्हें मणिपुर के मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बावजूद हिंसा क्यों जारी रही और अन्य समुदायों तक क्यों फैल गई? उन्होंने यह भी कहा कि जनता की ओर से उनके मुख्यमंत्री पद पर लौटने की जोरदार मांग की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिये एक विशेष इंटरव्यू में यह बातें कही।
कांग्रेस के साथ मिलकर साजिश रचने का आरोप
एन. बीरेन सिंह ने कहा, ”2017 से मेरे साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया गया है। मैं दिल्ली में नेतृत्व पर आरोप नहीं लगा रहा हूं, बल्कि राज्य के कुछ नेताओं पर आरोप लगा रहा हूं, जिन्होंने कांग्रेस के साथ मिलकर मेरे खिलाफ साजिश रची।”
बीरेन सिंह ने कहा, ”कुछ विधायक ऐसे हैं जो यह कभी स्वीकार नहीं कर पाए कि कांग्रेस छोड़कर आने के बाद मैं दो बार मुख्यमंत्री कैसे बन गया। वे बीजेपी को अपनी निजी संपत्ति मानते हैं। इसलिए उन्होंने साजिश रची और मुझसे इस्तीफा दिलवा दिया।”
मौजूदा बीजेपी सरकार का नेतृत्व वाई. खेमचंद सिंह कर रहे हैं। वह पार्टी के उन वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने 2025 में बीरेन सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग की थी।
‘ईसाई बनाम ईसाई की लड़ाई’
बीरेन सिंह ने नगा और कुकी समुदायों के बीच जारी हिंसा की ओर इशारा करते हुए इस तर्क पर भी सवाल उठाया कि उन्हें हटा देने से मणिपुर में शांति बहाल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस साल फरवरी में खेमचंद सरकार बनने के बाद से शुरू हुई हिंसा के संदर्भ में पूछा, ”अब बीरेन हट गए हैं। तो, अब क्या हुआ? कितने नगा भाई मारे गए हैं? वे मुझ पर आरोप लगा रहे थे। वे कह रहे थे कि मैं बहुसंख्यकों का पक्ष लेता हूं। अब यह ईसाई बनाम ईसाई की लड़ाई है। यूरोपीय संघ कहां गया?”
मौजूदा सरकार के कामकाज से नाखुश बीरेन सिंह ने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता है कि बीजेपी जनता का भरोसा खो रही है क्योंकि पार्टी के राजनीतिक एजेंडे के मुख्य मुद्दों पर कोई ठोस काम नहीं दिख रहा है। उनसे जब पूछा गया कि क्या जनता की बढ़ती बेचैनी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को नुकसान पहुंचा सकती है, तो उन्होंने जवाब दिया, ”यही तो मेरी मुख्य चिंता है।”
पूर्व मुख्यमंत्री से जब यह पूछा गया कि क्या विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के पास जनता का खोया हुआ भरोसा फिर से हासिल करने के लिए क्या पर्याप्त समय है, तो उन्होंने उम्मीद जताई कि बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व स्थिति को संभालने के लिए हस्तक्षेप करेगा।
फरवरी, 2025 में दिया था इस्तीफा
बीरेन सिंह ने 9 फरवरी, 2025 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था क्योंकि बीजेपी के भीतर असंतोष बढ़ रहा था और कांग्रेस की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाने का खतरा भी था। उनके मंत्रिमंडल के सदस्य रहे खेमचंद उन वरिष्ठ बीजेपी नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि अगर बीरेन सिंह को नहीं हटाया गया तो सरकार गिर सकती है।
यह भी पढ़ें- मणिपुर में तीन और लोगों की हत्या
24 घंटे में तीन हत्याओं से गुस्साए लोगों ने राजधानी इंफाल में सीएम आवास के बाहर ही दो डेडबॉडी को रख दिया और प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी देखने को मिली। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
