Election Commission of India: 124 पूर्व अफसरों ने देश के आम लोगों के नाम एक खुला पत्र जारी किया है। पूर्व अफसरों ने चुनाव आयोग एवं वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया का पुरजोर समर्थन किया है और बिना किसी ठोस सबूत के चुनाव में धांधली के आरोप लगाए जाने पर सवाल उठाए हैं।
इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और अन्य सेवाओं में रह चुके अफसर शामिल हैं।
क्या कहा है पत्र में?
पूर्व अफसरों ने कहा कि इसी चुनाव आयोग के कार्यकाल में बीजेपी हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा का चुनाव हारी और 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने दम पर बहुमत भी हासिल नहीं कर सकी।
पत्र में कहा गया है, ”चुनाव जीतने वालों ने कोई शिकायत नहीं की। ऐसा नहीं हो सकता कि जब आप चुनाव जीतें तो चुनाव प्रणाली ईमानदार हो और जब हार जाएं तो उसी प्रणाली में धांधली होने का आरोप लगाएं।”
पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले अफसरों में भारत सरकार के पूर्व सचिव, पूर्व राजदूत, पूर्व पुलिस महानिदेशक, राज्यों के पूर्व मुख्य सचिव और आयकर विभाग के पूर्व महानिदेशक भी शामिल हैं।
पूर्व अफसरों ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में होने वाली गलतियों को सुधारा जाना चाहिए लेकिन इस प्रक्रिया की वैधता पर कोई संदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि एसआईआर वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा है कि इस प्रक्रिया के दौरान कुछ लोगों को असुविधा हो सकती है लेकिन देश में लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में उठाए जाने वाले हर बड़े कदम के साथ ऐसा होता है।
पूर्व अफसरों ने कहा कि भारत में चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर कब्जा करने, मतपेटियों में फर्जी मतपत्र डालने और हिंसा की घटनाओं का दौर पीछे छूट चुका है। उन्होंने कहा कि मौजूदा चुनाव प्रणाली में कई स्तरों पर जांच और सुरक्षा के इंतजाम हैं जिनमें मतदान एजेंटों की मौजूदगी, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को सील करना, ‘स्ट्रांग रूम’ की सुरक्षा और ‘वोटर वेरिफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल’ (वीवीपैट) के जरिए सत्यापन शामिल है।
बिहार विधानसभा चुनाव का दिया उदाहरण
पूर्व अफसरों ने पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव का उदाहरण दिया, जिसमें किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान नहीं कराना पड़ा और 1951 के बाद सबसे अधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। अफसरों ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा, ”सवाल पूछना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन आरोप साबित करना आरोप लगाने वाले की जिम्मेदारी है।”
एसआईआर की प्रक्रिया का किया समर्थन
पूर्व अफसरों ने एसआईआर की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने के लिए यह जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार में करीब 22 लाख मर चुके मतदाताओं और सात लाख ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई, जिनके नाम एक से अधिक बार दर्ज थे तथा करीब 21.5 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए।
पूर्व अफसरों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा की है। उन्होंने कहा, ”जिस चुनाव प्रणाली को आप धांधली वाली बता रहे हैं, अगर उसी प्रणाली के जरिए आपको जीत मिली है, तो खुद से पूछिए कि आपको वास्तव में चुनाव प्रणाली पर संदेह है या केवल उसके नतीजे पर।”
हमारा किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं
पत्र में यह भी कहा है, ”हमारा किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है। हम यह पत्र इसलिए लिख रहे हैं क्योंकि बिना किसी सबूत के चुनावों के लिए ‘धांधली’ शब्द का इस्तेमाल किया जा रहा है। हर बार इस आरोप को दोहराए जाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का भरोसा कमजोर होता है।”
अफसरों ने कहा कि पहले मतदान केंद्रों पर कब्जा करने की घटनाएं इतनी आम थीं कि संसद ने 1989 में इसे अपराध घोषित कर दिया था। उन्होंने कहा कि जहां हिंसा होती है, वहां लोकतंत्र की आवाज दब जाती है।
इन लोगों ने किए हैं पत्र पर हस्ताक्षर
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल और पूर्व आईएएस अफसर आर. डी. कपूर, समीरेंद्र चटर्जी, गोपाल कृष्ण, विवेक भारद्वाज और नवनीत सहगल के अलावा पूर्व आईएफएस अफसर भास्वती मुखर्जी एवं प्रभु दयाल तथा पूर्व आईपीएस अफसर के. अरविंद राव एवं सर्वेश चंद्र शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा…’
विपक्षी इंडिया गठबंधन ने ऐलान किया है कि 12 अक्टूबर को वह दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन करेगा। इस प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट के एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ किया जाएगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
