Kuldeep Bishnoi News: पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई इन दिनों पूरे हरियाणा में अपने समर्थकों के बीच ‘स्नेह मिलन’ कार्यक्रमों के जरिये पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि इन कार्यक्रमों में बीजेपी के झंडे, बैनर या पार्टी के चुनाव चिह्न नजर नहीं आ रहे हैं। इस वजह से हरियाणा के राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

कुलदीप बिश्नोई हरियाणा में तीन बार मुख्यमंत्री रहे भजन लाल के छोटे बेटे हैं।

कुलदीप बिश्नोई ने 21 जुलाई को सिरसा से ‘स्नेह मिलन’ अभियान शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने पानीपत, कुरुक्षेत्र, जींद, कैथल और दादरी के कई इलाकों में सभाएं की हैं। इन सभाओं के बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

बिश्नोई बोले- बीजेपी के साथ हूं

बिश्नोई का कहना है कि वह अभी भी बीजेपी के साथ हैं, फिर भी इन कार्यक्रमों को शक्ति प्रदर्शन की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

बिश्नोई के इन ‘स्नेह मिलन’ कार्यक्रमों में उनके साथ पुराने राजनीतिक साथी और समर्थक दिख रहे हैं। ‘स्नेह मिलन’ कार्यक्रमों के मंच पर बीजेपी का कोई झंडा नहीं होता।

बिश्नोई के एक करीबी सहयोगी ने बताया कि वह बीजेपी के औपचारिक कार्यक्रमों से अलग हटकर पुराने समर्थकों से मिल रहे हैं। बिश्नोई के सहयोगी ने कहा, “इन सभाओं में भजन लाल परिवार से जुड़े पुराने लोग और अलग-अलग सामाजिक समूहों के लोग दिखाई दे रहे हैं। अभी इन कार्यक्रमों को बीजेपी से उनकी दूरी के संकेत के तौर पर देखना सही नहीं होगा।”

खुद बिश्नोई ने बीजेपी से अलग होने का कोई संकेत नहीं दिया है और बार-बार कहा है कि वह पार्टी के साथ ही हैं।

‘अब यह कारवां आगे बढ़ेगा’

शुक्रवार को दादरी में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए बिश्नोई ने कहा, “संघर्ष ने मुझे झुकना नहीं, बल्कि आगे बढ़ते रहना सिखाया है। आपके भरोसे और समर्थन से मेरा हौसला बुलंद है और मेरा संकल्प मजबूत है। दादरी ने आज इस यात्रा को नई ऊर्जा दी है, अब यह कारवां आगे बढ़ेगा।”

बिश्नोई ने दादरी के कार्यक्रम के लिए अपने समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा, “राजनीति में मैंने अच्छे और मुश्किल, दोनों तरह के दौर देखे हैं। हालात बदले, रास्ते बदले, लेकिन मैंने अपने सिद्धांतों, अपने साथियों और लोगों के साथ अपने रिश्तों के प्रति ईमानदार रहने की कोशिश कभी नहीं छोड़ी। मैंने कभी अपने लोगों का साथ नहीं छोड़ा और आपने भी मेरे कंधे से अपना स्नेह भरा हाथ कभी नहीं हटाया।”

पार्टी-विरोधी कुछ भी नहीं: बीजेपी

कुलदीप बिश्नोई के पास अभी पार्टी संगठन में कोई पद नहीं है जबकि उनके बेटे और पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई हरियाणा में बीजेपी के उपाध्यक्ष हैं।

हरियाणा बीजेपी के मीडिया प्रमुख भूपेश्वर दयाल ने कहा, “कुलदीप बिश्नोई बहुत वरिष्ठ नेता हैं और वह कई सामाजिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। इसमें किसी भी तरह से पार्टी-विरोधी कुछ भी नहीं है क्योंकि लोगों तक पहुंचना किसी भी नेता का हक है।”

कुछ महीने पहले ही कुलदीप बिश्नोई ने भजन लाल के बारे में बीजेपी की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा की टिप्पणी पर नाराजगी जताई थी। रेखा शर्मा की टिप्पणी पर कुलदीप बिश्नोई, उनके समर्थकों और बिश्नोई समुदाय के सदस्यों ने तीखी प्रतिक्रिया दी और माफी की मांग की थी। रेखा शर्मा ने खेद व्यक्त करते हुए कहा था कि अगर उनके बयान से भजन लाल के परिवार और समर्थकों को दुख पहुंचा है तो वह अपना बयान वापस लेती हैं।

बिश्नोई और उनके समर्थकों की नाराजगी कम करने के लिए ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जून में हिसार जिले के आदमपुर का दौरा किया और भजन लाल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया था।

चार बार विधायक और दो बार सांसद रहे हैं बिश्नोई

कुलदीप बिश्नोई हरियाणा की राजनीति में प्रभावशाली चेहरा हैं। वह चार बार विधायक और दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। कांग्रेस में रहते हुए जब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया गया तो उनकी पार्टी नेतृत्व से दूरी बढ़ गई और 2022 में विधायक पद से इस्तीफा देकर वह बीजेपी के साथ चले गए थे। उनके बेटे भव्य बिश्नोई बीजेपी के टिकट पर आदमपुर से विधायक चुने गए लेकिन उन्हें हरियाणा की कैबिनेट में शामिल नहीं किया गया।

2024 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने हिसार सीट के लिए कुलदीप बिश्नोई के बजाय रणजीत सिंह चौटाला को टिकट दिया। उसी साल के आखिर में हुए विधानसभा चुनाव में भव्य बिश्नोई आदमपुर सीट से विधानसभा का चुनाव हार गए।

यह भी पढ़ें- ‘कैप्टन स्मित मच्छार की वीरता पर क्यों चुप है गांधी परिवार?’

बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने 174 यात्रियों को लेकर इजरायल जा रहे विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की सह-पायलट की कोशिश को नाकाम करने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर गांधी परिवार की चुप्पी को लेकर हमला बोला। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।