बीएस येदियुरप्पा ने बताया- पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता एसएम कृष्णा भाजपा में होंगे शामिल
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कृष्णा ने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है लेकिन समय को लेकर अभी फैसला नहीं हो पाया है।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता एसएम कृष्णा भाजपा में शामिल होंगे। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कृष्णा ने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है लेकिन समय को लेकर अभी फैसला नहीं हो पाया है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया, ”वह 100 प्रतिशत शामिल हो रहे हैं।” 84 वर्षीय कृष्णा ने पिछले महीने कांग्रेस छोड़ दी थी। उनका कहना था पार्टी ने उन्हें ना तो राज्य की राजनीति में उन्हें अहम रोल दिया और ना ही कांग्रेस की राज्य इकाई उनसे अहम मसलों पर सलाह लेती है। उनके इस बयान के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने आश्चर्य जताया था और कृष्णा से फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा था। कृष्णा ने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को भेजा था। वे 50 साल तक कांग्रेस के साथ रहे।
येदियुरप्पा ने अवसर का फायदा उठाते हुए कृष्णा को भाजपा में आने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने कहा था, ”यदि वह आते हैं तो इससे हमें मजबूती मिलेगी।” कृष्णा 1999 से 2004 के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे थे। इसके बाद वे महाराष्ट्र के राज्यपाल और विदेशी मंत्री भी रहे। बाद में वे कर्नाटक की राजनीति में लौट गए थे। 2012 में उनका कार्यकाल खत्म होने के बाद से वह किसी भी जगह के चुनाव प्रचार में नहीं देख गए। उन्हें पार्टी की तरफ से चुनावी अभियान में कोई रोल ही नहीं दिया गया। कांग्रेस छोड़ने के मौके पर उन्होंने कहा था, ”इन दिनों पार्टी को बड़े और कई सारे नेता नहीं चाहिए बल्कि सिर्फ मैनेजर चाहिए जो हालात को काबू कर सकें। उम्र की वजह से किसी को साइड नहीं करना चाहिए। मुझे सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि कांग्रेस ने मुझ जैसे विश्वासपात्र को ऐसे हटा दिया।”