बीजेपी के पूर्व सांसद और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को बीजेपी की उत्तर प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। लगभग तीन महीने पहले बृजभूषण शरण सिंह को कुछ महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में बरी किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार है जब बृजभूषण शरण सिंह को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी गई है। बृजभूषण शरण सिंह के अलावा, गोंडा जिले के छह अन्य बीजेपी नेताओं को भी राज्य कार्यकारिणी में जगह मिली है।

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 26 अक्टूबर को प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया। शुक्रवार को होने वाली इस समिति की बैठक में 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। लखनऊ में होने वाली इस दिन भर की बैठक के उद्घाटन सत्र को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

बैठक का एजेंडा तय करने के लिए बृहस्पतिवार को बीजेपी के राज्य पदाधिकारियों की बैठक हुई।

बीजेपी के एक नेता ने कहा, “वे (बृजभूषण शरण सिंह) पूर्व सांसद हैं और उनका चार दशक से लंबा राजनीतिक करियर है। लेकिन यह पहली बार है जब उन्हें बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।” सूत्रों ने बताया कि छह बार सांसद रहने के बावजूद इससे पहले उन्हें कभी भी बीजेपी की राष्ट्रीय या राज्य इकाई में कोई पद नहीं दिया गया था।

2024 के चुनाव में काट दिया था टिकट

यौन उत्पीड़न के आरोपों से मचे राजनीतिक बवाल के बीच बीजेपी ने बृजभूषण शरण सिंह को 2024 के लोकसभा चुनावों में टिकट नहीं दिया था। उनकी जगह उनके छोटे बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया था। बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज से सांसद रह चुके हैं।

लोकसभा चुनाव में बृजभूषण ने कैसरगंज के बाहर कोई प्रचार नहीं किया। उन्होंने मतदाताओं से कहा था कि वे मुश्किल में हैं और करण भूषण सिंह की जीत उन लोगों के मुंह पर तमाचा होगी, जो उनका राजनीतिक करियर खत्म करना चाहते हैं। करण ने अपने पहले ही चुनाव में जीत हासिल की।

बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “यौन उत्पीड़न के आरोपों के कारण ही उन्हें 2024 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी का टिकट नहीं दिया गया था।”

बीजेपी नेता ने कहा, “अब जब अदालत ने उन्हें बरी कर दिया है, तो कानूनी तौर पर उन पर कोई आरोप नहीं है और वे बीजेपी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले सकते हैं। वे 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए अपने बेटे की जगह खुद बीजेपी से टिकट की मांग भी कर सकते हैं। पार्टी को भी उन्हें फिर से मैदान में उतारने या कहीं और प्रचार के लिए भेजने में कोई हिचकिचाहट नहीं होगी।”

पूर्वी यूपी के बड़े राजनीतिक चेहरे हैं बृजभूषण

बृजभूषण शरण सिंह पांच बार बीजेपी के और एक बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर सांसद रह चुके हैं। वह पूर्वी यूपी के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक चेहरों में से एक हैं।

तीन अगस्त को दिल्ली की एक अदालत ने बृज भूषण शरण सिंह को बरी कर दिया था। छह महिला पहलवानों ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इन आरोपों को लेकर काफी हंगामा हुआ था। हालांकि, निचली अदालत के द्वारा उन्हें बरी करने के फैसले को चुनौती दी गई है। 28 अक्टूबर को दिल्ली की एक अदालत ने बृज भूषण को चार महिला पहलवानों की अपील पर जवाब देने के लिए एक हफ्ते का समय दिया था।

राजनीतिक साजिश का हिस्सा थे आरोप- राकेश त्रिपाठी

यूपी बीजेपी के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि बृज भूषण शरण सिंह पर लगे आरोप एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा थे और अदालतों ने उन्हें बरी कर दिया है। राकेश त्रिपाठी ने कहा, “समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आजम खान को पार्टी का महासचिव और स्टार प्रचारक बनाया है, जबकि वे दोषी करार दिए जा चुके हैं और जेल में हैं। इसी तरह, राहुल गांधी मटन की रेसिपी सीखने के लिए आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव से मिलते हैं जबकि यादव भी एक मामले में दोषी ठहराए जा चुके हैं।”

बृज भूषण की टिप्पणी नहीं मिल सकी। उनके प्रतिनिधि सोनू सिंह ने बताया कि पूर्व सांसद अभी पंजाब में हैं।

प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार

यूपी बीजेपी की वेबसाइट पर मौजूद सूची के अनुसार, जहां पिछली प्रदेश कार्यकारिणी समिति में 184 सदस्य थे, वहीं नई समिति में 712 सदस्य हैं। इनमें 134 विशेष आमंत्रित सदस्य और 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थायी आमंत्रित सदस्य हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी भी इस समिति में शामिल हैं।

प्रदेश कार्यकारिणी में वाराणसी (प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र) और गोरखपुर (योगी आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र) का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है।

यह भी पढ़ें- यूपी बीजेपी में दूसरे दलों से आए नेताओं को तवज्जो देने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में करीब 4 महीने का समय बचा है और इससे पहले सत्ताधारी भाजपा ने पार्टी की अंदरूनी कलह को दूर करने की कवायद शुरू कर दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।