राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना (68) की हत्या के पीछे 12 साल पुराने झगड़े की बात सामने आ रही है। यह झगड़ा खनन विवाद से जुड़ा हुआ था। अतर सिंह भड़ाना की मौत को लेकर गांववालों का कहना है कि घटना वाले दिन पूर्व विधायक के आदमियों ने पहले ग्रामीणों पर गोली चलाई थी। बाद में कथित तौर पर बदले की कार्रवाई में ग्रामीणों ने अतर सिंह भड़ाना को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।

बता दें कि जयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर भोंडा गांव में बीजेपी के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की रविवार को भीड़ के द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। इस घटना में 70-80 लोगों के नाम शामिल हैं। वहीं घटना के बाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। राज्य सरकार ने वेर पुलिस स्टेशन के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरी घटना?

अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश की ओर से दर्ज कराई गई FIR के मुताबिक, 11 अक्टूबर की शाम भोंडा गांव स्थित स्टोन क्रशर साइट पर हिंसा हुई। शाम 6 से 7 बजे के बीच में गांव के करीब 70-80 लोगों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से पूर्व विधायक पर हमला कर दिया और बुरी तरह पीटा। इस हमले में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें रविवार रात 11:30 बजे SMS हॉस्पिटल लाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हमले के पीछे की क्या थी वजह?

अब इस मामले में एक पुराना विवाद हमले के पीछे की वजह बताया जा रहा है। गांव वालों का आरोप है कि स्टोन क्रशर यूनिट और वहां आने वाले ट्रकों के कारण उनके मवेशियों के चरागाह (चारा खाने वाली जगह) तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया था। इसकी वजह से एक नाला भी ब्लॉक हो गया था जो गांववालों के लिए मुसीबत बन चुका था।

स्टोन क्रशर साइट के विरोध में थे ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि इसको लेकर उन्होंने कई बार पूर्व विधायक के सामने आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन इस मामले में कोई समाधान नहीं निकला था। गांव वाले इलाके में पत्थर माइनिंग के काम का विरोध कर रहे थे। उनका दावा है कि इससे चरागाह तक पहुंचने में रुकावट आ रही थी और एक नाला भी ब्लॉक हो गया था।

‘भड़ाना के आदमियों ने पहले चलाई थी गोली’

गांव वालों का आरोप है कि वे 11 अक्टूबर की शाम को भी कुछ महिलाएं इसका विरोध ही कर रही थीं तो भड़ाना के आदमियों ने पहले गोली चलाई। इसके बाद जो हुआ वह बदले की कार्रवाई था। हालांकि पुलिस ने कहा है कि किसी भी तरह की फायरिंग का सबूत नहीं मिला है। बता दें कि इस इलाके में पत्थर की खदानें 1997 से चल रही हैं। 2012 में भड़ाना ने एक यूनिट में पार्टनरशिप ले ली। भड़ाना 2003 से लेकर 2008 तक विधायक रहे थे।

खुद को हरियाणा का गुंडा बताता था भड़ाना

गांव की रहने वाले मथरी देवी का दावा है, “भड़ाना खुद को ‘हरियाणा का गुंडा’ बताता था और इसलिए क्योंकि वह असल में हरियाणा का ही रहने वाला था। वो हमें चुनौती देता था कि हम जो कर सकते हैं कर लें। 11 अक्टूबर को उसके आदमी उस जगह पर आए जहां हम विरोध कर रहे थे और गाँव वालों को पीटा। उसने हमारे आदमियों पर गोली भी चलाई, जिससे वे भाग गए। फिर वह चिल्लाया, ‘आज, हममें से सिर्फ एक ही बचेगा’। तभी हमारे आदमियों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया।”

पुलिस ने की है इस विवाद की पुष्टि

गांववालों के इन आरोपों की पुष्टि एक सीनियर लोकल अधिकारी ने की है। पुलिस अधिकारी ने भड़ाना और गांववालों के बीच लंबे समय से चल रहे इस विवाद की पुष्टि की है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा है, “गांव वाले भड़ाना के खिलाफ कोर्ट गए और आरोप लगाया कि माइनिंग ऑपरेशन में लगी गाड़ियों की वजह से चराई में रुकावट आ रही है और पानी का नाला ब्लॉक हो गया है। हाई कोर्ट ने आदेश दिया कि चराई के लिए अलग जमीन दी जाए और माइनिंग कंपनी को नाले पर पुलिया बनाने के लिए कहा जाए। सुप्रीम कोर्ट ने बाद में पुलिया बनाने पर रोक लगा दी, लेकिन अलग चराई के लिए जमीन देने के निर्देश को बरकरार रखा।”

वहीं भड़ाना की पत्नी ने आरोप लगाया है कि हथियारों से लैस भीड़ ने उनके पति और उनके साथी पर सुनियोजित हमला किया। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

पिछले महीने भी हुआ था ऐसा हमला, पत्नी का दावा

अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश ने FIR में पिछले महीने की एक घटना का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया है कि पिछले महीने कुछ लोग कथित तौर पर माइनिंग एरिया में घुसे थे और लोगों पर हमला किया था। इसके अलावा प्रॉपर्टी में तोड़-फोड़ की थी और मशीनरी भी चुरा ली थी। कमलेश ने कहा कि FIR दर्ज होने के बाद, आरोपियों ने भड़ाना को जान से मारने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें: परविंदर सिंह झोटा की हत्या के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर, भीड़ ने फूंक दिया मेडिकल स्टोर

पंजाब के मानसा जिले में एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के आरोपी अश्विनी कुमार के खिलाफ प्रशासन ने कठोर कार्रवाई की है। दरअसल, बुधवार को मानसा प्रशासन ने भारी सुरक्षाबलों की मौजूदगी में अश्विनी कुमार के घर पर बुलडोजर चला दिया। इसके अलावा आरोपी के मेडिकल स्टोर को भी तोड़ दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…