हैदराबाद के कुशाईगुड़ा स्थित नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन (NSIC) परिसर में ऐंद्रि डिफेंस एडवाइजरी प्राइवेट लिमिटेड के दर्ज पते पर बुधवार को द इंडियन एक्सप्रेस की टीम पहुंची तो चौथी मंजिल पर स्थित कार्यालय बंद मिला। दूसरी मंजिल पर एक अन्य संगठन के कर्मचारी ने बताया कि ‘दो लोग कभी-कभार आते हैं और उस कार्यालय को खोलते हैं।’
ऐंद्रि डिफेंस एडवाइजरी को इसी साल रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रम भारत डायनामिक्स लिमिटेड (BDL) ने एकल निविदा के तहत उसके द्वारा निर्मित की जाने वाली एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइलों के लिए 300 ऑप्टिकल साइट्स की आपूर्ति का ठेका दिया था। ऐंद्रि की स्थापना बीडीएल के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) सिद्धार्थ मिश्रा और उनकी पत्नी ने मई 2024 में की थी। यह मिश्रा का बीडीएल में चार साल का कार्यकाल मार्च 2023 में समाप्त होने के करीब एक साल बाद की बात है।
कंपनी के कार्यालय के लिए 1050 वर्ग फुट की जगह अप्रैल 2026 में पट्टे पर ली गई थी। कंपनी रजिस्ट्रार (RoC) के पास दाखिल दस्तावेजों से यह जानकारी सामने आई है। जून में कंपनी का पंजीकृत पता बदलकर कुशाईगुड़ा कर दिया गया। इससे पहले कंपनी के गठन के समय दर्ज पता हैदराबाद के जवाहर नगर स्थित मेदचल-मलकाजगिरी क्षेत्र के याप्राल में पटेल्स मणि रेजिडेंसी का एक फ्लैट था।
कंपनी रजिस्ट्रार के रिकॉर्ड में जवाहर नगर स्थित यही फ्लैट सिद्धार्थ मिश्रा और शांभवी, दोनों के पते के रूप में भी दर्ज है। द इंडियन एक्सप्रेस की टीम जब इस फ्लैट पर पहुंची तो वह खाली मिला। आवासीय परिसर के प्रवेश द्वार पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि वहां ‘नवीनीकरण का काम चल रहा है।’
कंपनी के पते में ही बदलाव नहीं हुआ। रिकॉर्ड से पता चलता है कि राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT) की कोलकाता पीठ में सदस्य (तकनीकी) के रूप में मिश्रा की नियुक्ति से कुछ समय पहले कंपनी की शेयरधारिता के स्वरूप में भी बदलाव किया गया था।
जनवरी 2025 तक मिश्रा और शांभवी के पास कंपनी के 50-50 प्रतिशत शेयर थे। इसके बाद मिश्रा ने अपनी हिस्सेदारी पत्नी और कौशिकी नंदन वात्स्यायन नामक एक अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित कर दी।
वर्तमान में शांभवी के पास कंपनी की 95 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि वात्स्यायन के पास पांच प्रतिशत शेयर हैं।
बीडीएल से जुड़ी अन्य कंपनियों के साथ कारोबारी संबंध
इसी अवधि के अधिकांश समय से संबंधित कंपनी की बैलेंस शीट एक अलग कहानी बयां करती है। वर्ष 2024-25 की उपलब्ध नवीनतम बैलेंस शीट के अनुसार, कंपनी का राजस्व 44.43 लाख रुपये था, जबकि उसे 2.89 लाख रुपये का मुनाफा हुआ। कंपनी ने अपनी पूरी आय को सेवाएं प्रदान करने से प्राप्त राजस्व के रूप में दर्शाया है। कंपनी के रिकॉर्ड में किसी संपत्ति, विनिर्माण संयंत्र या अन्य परिसंपत्तियों का उल्लेख नहीं है।
बैलेंस शीट में दो अन्य कंपनियों से कुल 7.16 लाख रुपये की प्राप्य राशि (रिसीवेबल्स) दर्ज है। इनमें प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स लिमिटेड से 2.36 लाख रुपये और टोंबो इमेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से 4.80 लाख रुपये शामिल हैं। यह इन दोनों कंपनियों के साथ कारोबारी लेनदेन होने का संकेत देता है।
प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स की वर्ष 2019-20 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी को बीडीएल से आकाश और अस्त्र जैसी मिसाइलों के लिए ठोस प्रणोदक (सॉलिड प्रोपेलेंट्स), यानी ईंधन मिश्रण, की आपूर्ति के ऑर्डर मिले थे। गौरतलब है कि बीडीएल की वर्ष 2019-20 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, सिद्धार्थ मिश्रा ने मार्च 2019 में बीडीएल के सीएमडी का पदभार संभाला था।
टोंबो इमेजिंग इंडिया से जुड़े कंपनी सूत्रों ने बताया कि बीडीएल उनकी कंपनी की ग्राहक रही है, लेकिन उन्होंने ऑप्टिकल साइट्स की आपूर्ति के लिए बीडीएल की हालिया निविदा से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया। सूत्रों ने यह भी पुष्टि की कि ऐंद्रि ने टोंबो को ‘करीब 12 महीने’ तक परामर्श सेवाएं प्रदान की थीं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह अवधि कब की थी।
ऐंद्रि डिफेंस एडवाइजरी और प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स ने द इंडियन एक्सप्रेस की ओर से टिप्पणी के लिए भेजे गए अनुरोधों का जवाब नहीं दिया। वहीं, टोंबो इमेजिंग इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद लक्ष्मीकुमार ने ईमेल के जरिए दिए जवाब में कहा कि कंपनी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी से इतर किसी भी कारोबारी संबंध पर टिप्पणी नहीं कर सकती।
इंजीनियरिंग से रक्षा क्षेत्र तक का सफर
सिद्धार्थ मिश्रा का अपना करियर रक्षा क्षेत्र से गहराई से जुड़ा रहा है। उनका करीब चार दशक लंबा करियर भारतीय नौसेना के साथ-साथ परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष और मिसाइल विकास से जुड़े कार्यक्रमों तक फैला रहा। वर्ष 1985 में नौसेना की विद्युत शाखा में कमीशन प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 2016 में कमोडोर के पद पर रहते हुए निर्धारित समय से पहले सेवानिवृत्ति ले ली। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) में वर्ष 2019 तक महाप्रबंधक (रक्षा) के रूप में काम किया।
मिश्रा ने अपनी शुरुआती शिक्षा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में प्राप्त की। उनकी शैक्षणिक योग्यताओं में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक, रक्षा अध्ययन में एमएससी और मास्टर ऑफ मैनेजमेंट साइंस की डिग्री शामिल हैं। वह लोनावला स्थित नेवल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के पूर्व छात्र भी हैं।
यह भी पढ़ें: भारत डायनामिक्स के पूर्व चेयरमैन की पत्नी को 56.8 करोड़ के मिसाइल उपकरणों का टेंडर, प्रतिस्पर्धा नहीं होने पर सवाल | Express Investigation
तीन साल में पहली बार भारत डायनामिक्स लिमिटेड (BDL) ने अपनी मिसाइलों के लिए ऑप्टिकल साइट्स की सप्लाई का जिम्मा एक निजी कंपनी को दिया है। इस फैसले से हितों के टकराव और फैसले की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। हैदराबाद स्थित इस रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने ‘तत्काल जरूरत’ का हवाला देते हुए बिना प्रतिस्पर्धा के एक कंपनी को ठेका दिया। यह कंपनी BDL के पूर्व चेयरमैन और प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ मिश्रा ने रिटायरमेंट के बाद अपनी पत्नी के साथ मिलकर बनाई थी। फिलहाल इस कंपनी में मिश्रा की पत्नी शांभवी मिश्रा की 95 फीसदी हिस्सेदारी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
