तमिलनाडु में कांग्रेस और विजय के बीच गठबंधन होने के बाद से ही डीएमके राहुल गांधी से नाराज है। डीएमके की तरफ से कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा जा रहा है। अब कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्वी दिल्ली के पूर्व सांसद ने डीएमके को नसीहत देते हुए कहा कि उन्होंने भी एक समय बीजेपी के साथ गठबंधन किया था।
संदीप दीक्षित ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “…कौन विपक्ष को कमजोर करता है, कौन नहीं करता, इसमें मैं नहीं जाऊंगा। जैसे राहुल जी ने मीटिंग में भी कहा था कि आपको कांग्रेस पर सवाल खड़े करने हों, कर लीजिए। हमें उससे कोई चिंता नहीं है। आपको बड़ा लक्ष्य अगर देखना है, तो देखिए। डीएमके को इतना भी याद होना चाहिए कि अटल बिहारी जी के समय यही बीजेपी के साथ खड़े थे..”
उन्होंने आगे कहा, “तमिलनाडु में एक ही तरीके की अलायंस नहीं रही है। कांग्रेस की भी कभी अन्नाद्रमुक से थी, कभी डीएमके से थी। डीएमके ने कभी कांग्रेस को बहुत विरोधी समझा, फिर कांग्रेस के साथ अलायंस भी किया। एक समय था जब डीएमके कांग्रेस को बिल्कुल छूती भी नहीं थी। हम लोगों ने तब अन्नाद्रमुक के साथ अलायंस किया था। डीएमके का उदय हुआ है कांग्रेस के खिलाफ, बल्कि जितना तीखापन और जितनी एक तरीके से आप समझ लीजिए ज़मीनी स्तर से कभी-कभी नीची बातें डीएमके ने की हैं कांग्रेस के बारे में। ठीक है, एक जमाने में अपना, अपना राज… अपना वैचारिक वर्चस्व कायम करने के लिए उसने कांग्रेस के खिलाफ बहुत सी बातें कहीं, पर क्या हम उन चीजों को याद करते रहें?”
‘उदय होती सेक्युलर पार्टी को बड़े आंदोलन में जोड़ना चाहिए’
उन्होंने आगे कहा, “…अगर कोई दूसरी पार्टी किसी राज्य में उदय हो जाती है और सेक्युलर पार्टी है, तो आपको एक बड़े आंदोलन में तो उसे जोड़ना चाहिए। और ठीक है, हम भी इधर जाते हैं, उधर जाते हैं, आप भी गए। लेकिन हमने कोई, कभी हम बीजेपी के साथ तो नहीं गए ना?”
उन्होंने कहा कि सारी पार्टियों ने कभी-कभी बीजेपी से गठबंधन किया। ये लोग संघ और बीजेपी के साथ हमबिस्तर रहे हैं। चाहे 77 का जनता पार्टी का एक्सपीरियंस हो, चाहे 89 का वीपी सिंह के साथ जो, जो छद्म लड़ाई हुई थी बीजेपी की, कभी मिलके लड़ते थे, कभी अलग लड़ते थे, फिर सरकारें साथ-साथ बनाई…अपना चरित्र भी देखिए। आज वो समय नहीं है कि हम क्या देखते हैं, क्या नहीं देखते हैं और राज्य स्तर पर हम एक-दूसरे से निपटने की कोशिश करेंगे, कर लेंगे। यह भी राष्ट्रीय स्तर की बात है।”
यह भी पढ़ें: उदयनिधि ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- बीजेपी की जीत के पीछे उसका हाथ
तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की लगातार चुनावी जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की तुलना में कांग्रेस के कारण ज्यादा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक किया।
