Manipur Violence News: मणिपुर के कामजोंग और उखरुल जिलों में सशस्त्र समूहों के बीच फिर से हुई झड़पों में एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि नगा बहुल कामजोंग जिले के कुकी बहुल चसाद गांव में 22 साल के एक युवक और 42 साल की महिला की मौत हो गई। महिला पांच बच्चों की मां थी।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात को महिला के गर्दन के पास गोली मारी गई थी।

महिला की हत्या के बाद कुकी और नगा समुदायों के सशस्त्र समूहों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जो शनिवार सुबह तक जारी रही। इसके बाद हुई झड़पों में एक युवक की मौत हो गई और इस दौरान 10 घरों में आगजनी की घटना हुई।

मणिपुर में मई 2023 से मैइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जारी जातीय संघर्ष में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

बीएनएसएस की धारा 163 लागू

कामजोंग जिले के अफसरों ने हिंसा को और फैलने से रोकने के लिए चसाद पुलिस गेट चौराहे के 400 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में, संदिग्ध उग्रवादियों ने म्यांमार सीमा के पास तंगखुल नगा समुदाय की बस्ती वाले कामजोंग के निंगचौ गांव में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी।

इस घटना में नगाचांसो निंगशेन (35) और लीशिशां लीशादांग (48) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने गांव में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय ग्रामीणों ने दावा किया कि हमलावर गोलीबारी करने के बाद म्यांमार सीमा की ओर भाग गए। अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए कामजोंग जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

उखरुल जिले में एक अन्य घटना में संदिग्ध उग्रवादियों ने चेपु याओलेन के पास एक वाहन पर गोलीबारी की जिसमें वाहन चालक संदीप राय (40) की मौत हो गई।

इस साल 40 से अधिक लोगों की मौत

कांगपोकपी जिले के मकुई अशांग और तापन इलाकों में भी सशस्त्र गुटों के बीच भारी गोलीबारी हुई है। इस साल फरवरी में कुकी और नगा समुदायों के बीच हिंसा शुरू होने के बाद से 40 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और कई घरों को आग के हवाले कर दिया।

यह हिंसा मुख्य रूप से उखरुल, कामजोंग, कांगपोकपी, तामेंगलांग और नोनी जिलों के साथ-साथ सेनापति जिले के कुछ हिस्सों में केंद्रित है। मणिपुर में तीन साल पहले जातीय हिंसा शुरू होने के बाद से सुरक्षा बल सभी जिलों के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं और क्षेत्र पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए गश्त कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने दिया हरसंभव मदद का आश्वासन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के राज्य सरकार के प्रयासों में हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, पीएम मोदी ने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह के साथ बैठक में यह भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य में शांति बहाल करने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें- मणिपुर में कुकी बस्तियों पर हमले, चार लोगों की मौत, कई घायल

मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में कुकी समुदाय की दूरदराज बस्तियों पर हुए दो अलग-अलग हमलों में दो महिलाओं सहित चार लोग मारे गए और कुछ अन्य घायल हो गए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।