Prateek Yadav Death News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की छोटे बेटे और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के सौतेले छोटे भाई प्रतीक यादव का मंगलवार सुबह अचानक निधन हो गया। उनकी तबीयत बिगड़ने के चलते सुबह करीब 5 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया था लेकिन डॉक्टर्स ने थोड़ ही देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी निधन को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रतीक यादव के निधन को लेकर डॉक्टरों ने कहा है कि अभी तक मौत से कुछ पता नहीं चला है, और मौत की वजह के लिए अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करना होगा। डॉक्टर्स के मुताबिक, प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही उनके स्वास्थ्य की गिरावट बता पाएगी।

राजनीति से दूर रहे प्रतीक, BJP में पत्नी अपर्णा

एनिमल लवर और फिटनेस फ्रीक प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। हालांकि, वह सक्रिय राजनीति से दूर थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव पहले समाजवादी पार्टी में थीं और बाद में बीजेपी में शामिल हो गईं थीं। वर्तमान में वह यूपी बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक और अपर्णा की दो बेटियां हैं।

प्रतीक यादव ने लखनऊ विश्वविद्यालय से कॉमर्स में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने यूनाइटेड किंगडम में जाकर एमबीए की पढ़ाई भी की। भारत आकर उन्होंने लखनऊ में आयरन-कोर फिट जिम की स्थापना की। वे जीव आश्रय फाउंडेशन से भी जुड़े थे, जो पशु बचाव और पुनर्वास के लिए काम करने वाला एक गैर सरकारी संगठन है।

प्रतीक को था कारों का शौक

प्रतीक यादव के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर उनकी कसरत और डेडलिफ्ट करते हुए तस्वीरें हैं। उन्हें ड्राइविंग का भी शौक था और हाल ही में उन्होंने फॉर्मूला 1 कार चलाते हुए तस्वीरें साझा की थीं। इतना ही नहीं, कई तस्वीरों में वे जानवरों के साथ नजर आए थे। अन्य पोस्ट में छुट्टियों के दौरान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ भी उन्होंने कई तस्वीरें शेयर की थीं।

इस साल की शुरुआत में प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी पर अपने परिवार से संबंध खराब करने का आरोप लगाकर और उनसे तलाक लेने की बात कहकर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी थी। एक हफ्ते बाद प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर एक और वीडियो पोस्ट किया और सुलह की घोषणा की।

अपर्णा से हुआ था विवाद

पत्नी अपर्णा के साथ विवाद वाले पोस्ट के हफ्ते भर बाद ही उन्होंने एक इंस्टा पोस्ट में लिखा, “19 जनवरी को मेरी पत्नी अपर्णा से मेरा गंभीर विवाद हुआ, जिसके बाद मैंने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट किए। हालांकि, बातचीत के बाद मामला आपसी सहमति से सुलझ गया है और अब हमारे बीच कोई विवाद नहीं है।” उन्होंने कहा, “नफरत करने वालों भाड़ में जाओ।” कुछ खबरों के अनुसार प्रतीक के अस्पताल में भर्ती होने के समय अपर्णा लखनऊ में मौजूद नहीं थीं।

क्या बोले अखिलेश यादव?

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रतीक यादव के निधन को बेहद दुखद बताया और कहा कि वे मेहनती और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक थे। चौंकाने वाली खबर सुनते ही अखिलेश तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, “वे एक बहुत ही अच्छे नौजवान थे जो अपनी मेहनत से कुछ हासिल करना चाहते थे। दुख की बात है कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं।”

अखिलेश ने कहा कि लोग कभी-कभी आर्थिक तंगी और व्यापारिक नुकसान के कारण परेशान हो जाते हैं । अभी यह पता नहीं चल पाया है कि प्रतीक यादव किसी आर्थिक समस्या के कारण चिंतित थे या नहीं।

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे के निधन पर आया करीबी दोस्त का बयान

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे के निधन के बाद उनके करीबी दोस्त सुमित का बयान सामने आया है। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में सुमित ने कहा कि प्रतीक यादव को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। प्रतीक यादव की संदिग्ध मौत पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत की जांच उच्च न्यायालय के किसी पूर्व न्यायाधीश से करने की मांग की है। पढ़िए पूरी खबर…