बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अपने खिलाफ बयान देने वाले कई फिल्मी सितारों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आशुतोष राणा, सोनू सूद, राखी सावंत और तापसी पन्नू का नाम लेते हुए कहा कि ऐसे लोग लगातार उनके खिलाफ टिप्पणी कर मीडिया में बने रहने की कोशिश करते हैं। कंगना ने साफ कहा कि वह ऐसे लोगों की सलाह नहीं सुनेंगी, जिन्होंने उनके मुताबिक जीवन में उनकी सफलता का एक प्रतिशत भी हासिल नहीं किया है।
एएनआई से बातचीत में कंगना ने कहा, “इनफ इज इनफ।” उन्होंने आशुतोष राणा के उस कथित बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कंगना के बोलने के अंदाज की तुलना कुत्ते के भौंकने से की थी। वहीं सोनू सूद पर उन्होंने उन्हें “तरीका सीखने” की सलाह देने का आरोप लगाया। राखी सावंत और तापसी पन्नू पर भी कंगना ने उनके खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां करने का आरोप लगाया।
‘पहले कंगना रनौत बनकर दिखाओ’
कंगना ने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति उनसे ज्यादा सफल या सम्मानित है, तो वह उसकी सलाह जरूर सुनेंगी। लेकिन जिन लोगों को वह खुद “फेल्ड, स्टुपिड और डिस्गस्टिंग” मानती हैं, उनकी बात सुनने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है।
उन्होंने कहा, “अगर आप मेरे समान 1 प्रतिशत भी लाइफ में सक्सेस नहीं कमा पाए हो, तो मैं आपका कोई भी ज्ञान नहीं सुनूंगी।” कंगना ने आगे कहा, “पहले आप कंगना रनौत बनो तो सही। आप बनकर दिखाओ ना!”
एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि कई लोग मीडिया में आने के लिए उनके खिलाफ बार-बार बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि कोई उन्हें ‘कुत्ता’ कह रहा है, कोई उनके माता-पिता को लेकर टिप्पणी कर रहा है और कोई उनके खिलाफ आपत्तिजनक बातें कर रहा है। कंगना ने कहा कि वह ऐसी ‘भद्दी टिप्पणियां’ अब बर्दाश्त नहीं करेंगी।
‘ये लोग मुझ पर लैच ऑन नहीं हो सकते’
कंगना ने अपने आलोचकों को लेकर कहा कि वह ऐसे लोगों को अपने नाम से जुड़कर चर्चा हासिल नहीं करने देंगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई उनकी मदद चाहता है तो वह मदद कर सकती हैं, लेकिन ऐसे लोगों की बातें सुनने के लिए तैयार नहीं हैं।
तापसी पन्नू से पुराना है विवाद
कंगना के निशाने पर तापसी पन्नू भी रहीं। दोनों अभिनेत्रियों के बीच विवाद काफी पुराना है। 2019-20 के दौरान दोनों के बीच उस समय सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी हुई थी, जब कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी पर कंगना की नकल करने का आरोप लगाया था।
इसके बाद दोनों के बीच कई मौकों पर बयान सामने आते रहे हैं। हालिया विवाद में तापसी ने दोनों के बीच मतभेदों को उनके अलग-अलग बैकग्राउंड और चीजों को देखने के नजरिए से जोड़कर बात की थी। इसके बाद कंगना ने उन पर अपने माता-पिता और परवरिश को लेकर टिप्पणी करने का आरोप लगाया।
‘जनरेशन गटर’ टिप्पणी से शुरू हुआ नया विवाद
कंगना की ताजा नाराजगी की एक वजह उनके ‘जनरेशन गटर’ वाले बयान को लेकर हुआ विवाद भी है। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं की भाषा पर सवाल उठाते हुए कुछ प्रदर्शनकारियों के लिए यह शब्द इस्तेमाल किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ इस्तेमाल की गई कथित आपत्तिजनक भाषा पर भी सवाल उठाए थे।
इस बयान के बाद सोनू सूद और राखी सावंत समेत कई लोगों ने कंगना की आलोचना की थी। राखी सावंत ने सोशल मीडिया वीडियो के जरिए कंगना पर निशाना साधा था, जबकि सोनू सूद ने सार्वजनिक तौर पर बोलने से पहले शब्दों पर विचार करने की बात कही थी।
बाबा रामदेव पर भी कंगना का हमला
कंगना ने योग गुरु बाबा रामदेव पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लेकर रामदेव की टिप्पणियों ने ‘हर मर्यादा’ लांघ दी है और ऐसी बातों से समाज शर्मसार होता है।
कंगना ने कहा कि बाबा रामदेव सनातन से जुड़े वस्त्र धारण करते हैं, इसलिए महिलाओं को लेकर उनके कथित बयानों पर उन्हें अपने दृष्टिकोण पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति उनकी सोच पर रामदेव को ‘रिफ्लेक्ट’ करने की जरूरत है।
रामदेव और कंगना के बीच भी छिड़ चुकी है जुबानी जंग
कंगना और बाबा रामदेव के बीच हाल के दिनों में भी बयानबाजी देखने को मिली है। रामदेव ने कंगना की ‘गटर जनरेशन’ वाली टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा था कि देश के युवाओं को इस तरह संबोधित करना गलत है। इसके जवाब में कंगना ने रामदेव पर निजी और आपत्तिजनक अंदाज में टिप्पणी करने का आरोप लगाया था।
अब कंगना ने एक बार फिर रामदेव पर निशाना साधते हुए कहा है कि महिलाओं के बारे में उनकी टिप्पणियों को लेकर उन्हें अपनी सोच पर आत्ममंथन करना चाहिए। इस तरह कंगना ने अपने खिलाफ बोलने वाले बॉलीवुड सितारों के साथ-साथ बाबा रामदेव को भी सार्वजनिक तौर पर जवाब दिया है।
यह भी पढ़ें: विजय की पार्टी को मद्रास हाईकोर्ट से झटका, पांच सीटों के उपचुनाव पर लगी रोक को हटाने की मांग वाली याचिका खारिज
तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को मद्रास हाईकोर्ट से एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, हाईकोर्ट ने सोमवार को राज्य की पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव पर लगी रोक को आगे बढ़ा दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
