AK 203 Rifle: डिफेंस संबंधित उपकरणों के प्रोडक्शन के क्षेत्र में भारत ने एक नई सफलता हासिल की है। भारत और रूस के संयुक्त प्रोजेक्ट इंडो-रशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश के अमेठी स्थित कोरवा ऑर्डिनेंस फैक्र्ट्री में AK-203 असॉल्ट राइफल शेर का निर्माण और परीक्षण सफल हुआ है। यह राइफल पूरी तरह से स्वदेशी है।

भारत-रूस के जॉइंट प्रोजेक्ट के तहत बनी यह राइफल ‘मेक इन इंडिया‘ और ‘आत्मनिर्भर भारत मिशन’ के तहत ही तैयार की गई है। IRRPL के सीईओ और प्रबंध निदेशक मेजर जनरल एस.के. शर्मा ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की।

100 प्रतिशत स्वदेशी राइफल

IRRPL के सीईओ ने कहा, “हम सभी के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है। हमने 100% भारतीय घटकों और कच्चे माल से निर्मित पहली AK-203 (शेर) राइफल का सफलतापूर्वक उत्पादन और परीक्षण किया है।”

उन्होंने कहा, “इस राइफल में इस्तेमाल किया गया हर पुर्जा और कच्चा माल भारतीय उद्योगों से लिया गया है। यह केवल कुछ हिस्सों का स्थानीयकरण नहीं, बल्कि पूरी राइफल का पूर्ण स्वदेशीकरण है।”

सेना को जल्द मिलेंगे प्रोटोटाइप

मेजर जनरल शर्मा के अनुसार, ‘शेर’ राइफल का बर्स्ट फायरिंग टेस्ट सहित सभी शुरुआती परीक्षण सफल रहे हैं और इसके नतीजे काफी बेहतर आए हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी अब सितंबर 2026 में भारतीय सेना को परीक्षण के लिए सौंपने के वास्ते जरूरी संख्या में स्वदेशी प्रोटोटाइप तैयार करने पर काम कर रही है।

हर 100 सेकंड में बनेगी एक राइफल

फैक्ट्री में उत्पादन की रफ्तार को लेकर सीईओ ने बताया कि बहुत जल्द IRRPL हर 100 सेकंड में एक AK-203 राइफल बनाने की क्षमता हासिल कर लेगा। स्वदेशीकरण और बेहतर उत्पादन तकनीकों के कारण भारतीय सेना को 6 लाख राइफलों की डिलीवरी तय समय से लगभग एक साल पहले ही पूरी कर दी जाएगी।

पुराने INSAS की जगह लेगी AK-203

भारतीय सेना अपनी पुरानी INSAS राइफलों को हटाकर 6 लाख से अधिक स्वदेशी AK-203 राइफलों को बेड़े में शामिल कर रही है। इस राइफल की तकनीक की बात करें तो यह 7.62×39 मिमी कैलिबर, गैस-संचालित असॉल्ट राइफल है।

इस राइफल की फायरिंग स्पीड 700 राउंड प्रति मिनट है और इसकी रेंज 800 मीटर तक की है। इसकी खासियत की बात करें तो यह आधुनिक डिजाइन, बेहतर ग्रिप और सटीक निशाने के लिए मॉड्यूलर रेल सिस्ट वाली हथियार है।

यह भी पढ़ें: ‘आरक्षण था, आरक्षण है, आरक्षण रहेगा!’, RHA आंदोलन पर भड़के अखिलेश यादव; विरोध प्रदर्शन को बताया BJP की साजिश

दिल्ली के जंतर-मंतर पर रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन सोशल मीडिया पेज के बैनर तले हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोला है। अखिलेश यादव इस आंदोलन को बीजेपी की साजिश बताया और कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा। पढ़िए पूरी खबर…