जम्मू के बाहरी इलाके में बुधवार रात को एक मैरिज हॉल के बाहर हुए हमले में नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी बाल-बाल बच गए।

अधिकारियों ने बताया है कि आरोपी का नाम कमल सिंह जामवाल है और वह पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है। जामवाल को अब्दुल्ला की सुरक्षा में तैनात गार्डों ने काबू कर लिया और उससे पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जम्मू के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में उस समय हुई जब अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री चौधरी एक शादी समारोह से बाहर आ रहे थे।

नशे की हालत में था आरोपी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी जामवाल नशे की हालत में था। आरोपी की उम्र 70 साल से अधिक है और वह शादी के कार्यक्रम स्थल के बाहर अब्दुल्ला के आने का इंतजार कर रहा था। दो पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में कर लिया लेकिन फिर भी वह निहत्था होने और हिरासत में लिए जाने से पहले एक गोली चलाने में कामयाब रहा।

अधिकारियों ने बताया कि अब्दुल्ला और चौधरी पार्टी नेता बी.एस. चौहान को उनके बेटे की शादी की बधाई देने आए थे।

सीएम उमर अब्दुल्ला ने उठाया सवाल

फायरिंग की घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी X पर बयान जारी किया है। उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘अल्लाह मेहरबान है। मेरे पिता बाल-बाल बच गए… पता चला है कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बिल्कुल करीब आ गया और गोली चला दी। सुरक्षा बलों ने हत्या के प्रयास को नाकाम कर दिया।’ मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया है कि कोई व्यक्ति Z+ और NSG की सुरक्षा प्राप्त पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया।

सुरक्षा में बहुत बड़ी चूक- सुरिंदर चौधरी

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा, “हम सब साथ हैं। मैं, हमारे नेता फारूक अब्दुल्ला और नासिर साथ थे… सभी सुरक्षित हैं। पुलिस से पूछना चाहिए कि इतनी बड़ी चूक कैसे हुई… यह घटना ग्रेटर कैलाश के रॉयल पार्क में हुई। वहां स्थानीय पुलिस का कोई भी जवान मौजूद नहीं था। यह सुरक्षा में बहुत बड़ी चूक है।”

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी से पूछा गया कि क्या इस घटना में कोई घायल हुआ है तो उन्होंने कहा, “नहीं, ऐसा कुछ नहीं है। अल्लाह की मेहरबानी है।” घटनास्थल पर पुलिस व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “पुलिस को जांच करनी चाहिए। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।”

नासिर असलम वानी ने कहा, “आरोपी को फिलहाल हिरासत में लिया गया है… जांच पूरी होने पर पता चलेगा कि मामला क्या था और वह क्या चाहता था… फारूक अब्दुल्ला बिल्कुल ठीक हैं… वह फिलहाल आराम कर रहे हैं।”

नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने ट्वीट किया, “मैंने डॉ. फारूक अब्दुल्ला साहब, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर जी और नासिर असलम वानी साहब से बात की है। वे सुरक्षित हैं।”