Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport Terminal: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 में गुरुवार को आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग सांताक्रूज पूर्व में स्थित इमारत के ग्राउंड फ्लोर तक ही सीमित रही। आग लगने की सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग की टीमें एयरपोर्ट की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। स्थिति पर काबू पा लिया गया और अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
टर्मिनल 1 में लगी आग की घटना के बारे में जानकारी देते हुए सीएसएमआईए के प्रवक्ता ने कहा, “गुरुवार 9 अप्रैल 2026 को शाम 6:10 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण टर्मिनल 1 में मामूली आग लग गई। इमरजेंसी टीमों ने कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। एयरपोर्ट का संचालन अप्रभावित रहा।”
आग पर पाया गया काबू
इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इसमें मुंबई के विले पार्ले इलाके में टर्मिनल भवन के कुछ हिस्सों में घना धुआं भरता हुआ दिखाई दिया। इमरजेंसी टीमों की तरफ से बचाव कार्य जारी रखने के दौरान यात्री और कर्मचारी प्रभावित क्षेत्र से दूर जाते हुए दिखाई दिए। अधिकारियों ने पुष्टि की कि आग टर्मिनल के बैठने वाले क्षेत्र में लगी थी। पुलिस ने बाद में बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
भारत का दूसरा सबसे व्यस्त एयरपोर्ट
छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल मुंबई का एक प्रमुख एयरपोर्ट है। यह दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के बाद भारत का दूसरा सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। यह कई एयरलाइनों का मुख्य केंद्र है और कुछ नई एयरलाइनों के लिए भी अहम केंद्र के रूप में काम करता है। दक्षिण एशिया के लोकप्रिय हवाई अड्डों में शामिल इस एयरपोर्ट पर रोजाना बड़ी संख्या में उड़ानों का आवागमन होता है।
छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहले जुहू एयरपोर्ट के पास एक एयरबेस के रूप में बनाया गया था। बाद में 1946 में इसे आम लोगों के लिए एयरपोर्ट में बदल दिया गया। शुरुआत में इसका नाम सहार इंटरनेशनल एयरपोर्ट था, जिसे बाद में बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSIA) कर दिया गया।
उड़ानें रद्द होने से बढ़ीं दिक्कतें
मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के कारण कई विमान कंपनियों ने सेवाएं रद्द कर दी हैं। इजरायल-ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण प्रमुख विमानन गंतव्य एवं वाणिज्यिक केंद्र दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन शनिवार को बड़े पैमाने पर बाधित हुआ है। दो देशें को बीच जारी गतिरोध के कारण आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। भारत में भी यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
