दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (DSGMC) की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेताओं और विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन सभी के खिलाफ गुरुद्वारा बंगला साहिब में कथित तौर पर गड़बड़ी फैलाने और भ्रामक वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट प्रसारित करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शिकायत के साथ जमा किए गए वीडियो फुटेज की जांच कर रही है। FIR में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल का नाम भी शामिल है।
एक दिन पहले DSGMC के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा था कि गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास AAP कार्यकर्ताओं के कथित विरोध प्रदर्शन की कोशिश को लेकर सिख समुदाय में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कमेटी ने इसमें शामिल लोगों के ख़िलाफ कार्रवाई की है और केजरीवाल के ख़िलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हरमीत सिंह कालका ने आरोप लगाया कि कुछ AAP कार्यकर्ता प्रदर्शनकारी बनकर गुरुद्वारे के पास के इलाके में घुस आए, बैनर और पोस्टर लहराए और नारेबाज़ी की। उन्होंने कहा कि ये हरकतें धार्मिक स्थल की पवित्रता के खिलाफ हैं।
पुलिसकर्मियों की मौजूदगी पर भी जताई आपत्ति
हरमीत सिंह कालका ने मौके पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि समिति ने डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (DCP) को निर्देश दिया है कि वे पुलिसकर्मियों से कहें कि वे वर्दी में गुरुद्वारे के अंदर न जाएं।
पुलिस को कमेटी ने दिया निर्देश
हरमीत सिंह कालका ने कहा, “सिख समुदाय में इस बात को लेकर बहुत नाराजगी है कि कैसे AAP के कुछ कार्यकर्ता प्रदर्शनकारी बनकर गुरुद्वारा बंगला साहिब में घुसे, बैनर और पोस्टर लहराए और प्रदर्शन किया। हमने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और उनकी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कुछ पुलिसकर्मी भी वहां गए थे, हम इसकी निंदा करते हैं और आज हमने DCP को निर्देश दिया है कि वे पुलिसकर्मियों से कहें कि वे वर्दी में ‘गुरु घर’ में न जाएं।”
हरमीत सिंह कालका ने कहा कि भले ही यह एक सार्वजनिक रास्ता है और वे असल में गुरुद्वारे के परिसर के अंदर नहीं गए, फिर भी मौजूदा माहौल को देखते हुए पुलिसकर्मियों को संयम बरतना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रदर्शनकारियों को अरविंद केजरीवाल ने भेजा था और यह जांच का विषय है, क्योंकि जिन कार्यकर्ताओं की हमने पहचान की है, वे सभी AAP से जुड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें-राहुल गांधी को हिरासत में लेने के बीच समझें ‘गिरफ्तारी’ और ‘हिरासत’ का फर्क, क्या हैं नागरिकों के अधिकार? EXPLAINED
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियां हुई हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
