चिल्ला सीमा पर करतब दिखाते समय ट्रैक्टर पलटा, मार्ग अवरोधक तोड़कर किसानों ने की दिल्ली कूच की कोशिश, पुलिस ने रोका
कृषि कानूनों के विरोध में धरना दे रहे भाकियू भानु गुट के किसानों ने मंगलवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर ट्रैक्टर रैली को लेकर जमकर हंगामा किया।

भानु गुट के किसानों मयूर विहार मेट्रो स्टेशन के पास बैरिकेड तोड़ते हुए दिल्ली कूच करने की कोशिश की लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते किसान वापस चिल्ला सीमा पर लौट आए और दिल्ली से नोएडा आने वाली सड़क पर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद किसान सड़क से हटे।
मंगलवार सुबह चिल्ला सीमा पर किसानों की भीड़ को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सुबह करीब नौ बजे किसानों ने धरनास्थल पर ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस मनाया। इसके बाद किसान ट्रैक्टर रैली निकालने की तैयारी में जुट गए। इस बीच स्टंट के दौरान ट्रैक्टर पलटने से किसान नेता राजीव नागर मामूली रुप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीक के अस्पताल ले गए।
इस दौरान नोएडा जोन एडीसीपी रणविजय सिंह धरनास्थल पर पहुंचे और किसान नेता भानु प्रताप सिंह से ट्रैक्टर रैली को लेकर बातचीत की। दोपहर करीब एक बजे दो दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टर तय रूट के बजाए मयूर विहार मेट्रो स्टेशन की तरफ से बैरिकेड को तोड़ते हुए दिल्ली की तरफ बढ़े। इस पर साथ चल रही नोएडा पुलिस और दिल्ली पुलिस ने तुरंत किसानों को रोक लिया। सख्ती करने पर किसान वापस चिल्ला सीमा पर आ गए और दिल्ली से नोएडा आने वाली सड़क को जाम कर दिया।
नाराज हुए पिता-पुत्र
भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह दिल्ली से नोएडा आने वाली सड़क को जाम करने पर बेटे योगेश प्रताप सिंह से नाराज हो गए। योगेश भानु गुट के प्रदेश अध्यक्ष हैं। नाराज राष्ट्रीय अध्यक्ष इसके बाद कार में बैठकर वहां से चले गए। इसके बाद नोएडा और दिल्ली पुलिस अधिकारी काफी समझाने बुझाने पर योगेश अपने समर्थकों के साथ सड़क से हटे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने किसानों के साथ खाना भी खाया।
सपा नेता गिरफ्तार
मंगलवार सुबह सेक्टर 27 के पास सपा नेता विकास यादव के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक सपाई ट्रैक्टरों से दिल्ली कूच की कोशिश कर रहे थे। थाना सेक्टर 20 पुलिस सभी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस ने सपा नेताओं के छह से अधिक ट्रैक्टर भी जब्त कर लिए। सपा नेताओं के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है। सभी को निजी मुचलके पर छोडा गया।
शांतिपूर्ण निकाली रैली
दलित प्रेरणा स्थल पर धरना दे रहे भाकियू लोकशक्ति के किसानों ने धरनास्थल ध्वजारोहण करते हुए राष्ट्रगान गाया। लोकशक्ति गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज सिंह ने बताया कि प्रशासन द्वारा दिए गए रुट के आधार पर उन्होंने करीब 50 ट्रैक्टर, कार आदि के साथ गोल चक्कर से रैली शुरू की। इसके बाद एक्सप्रेसवे होते हुए वापस धरनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से सरकार और प्रशासन का भी मान रखा और अपना विरोध भी दर्ज कराया है।