मध्यप्रदेश के धार जिले में एक किसान ने कर्ज चुकाने के बाद भी बैंक द्वारा NOC न देने पर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। यह किसान लगातार बैंक के चक्कर काट रहा था लेकिन आरोप है कि बैंक के अधिकारी उसकी बात ही नहीं सुन रहे थे।
न्यूज एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, जब अधिकारियों ने कथित तौर पर डेढ़ महीने बाद भी NOC देने में आनाकानी की तो सोमवार को एक किसान और उसके परिजन बैंककर्मियों को ‘जगाने’ के लिए ढोल नगाड़े लेकर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसान और परिवार के सदस्यों ने बैंक के अंदर जमकर डांस भी किया, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
13 लाख रुपये कर्ज लिए थे
जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर चंदवाडा गांव के किसान विजय पाटीदार ने धार में स्थित आईडीएफसी बैंक से 13 लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लिया था और उसने एक महीने पहले ही बैंक का पूरा पैसा भर दिया था।
उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब डेढ़ महीने से एनओसी के लिए बैंक का चक्कर काट रहे हैं लेकिन बैंक के अधिकारी उन्हें ‘तारीख पर तारीख’ दे रहे हैं। विजय पाटीदार ने बताया कि सुनवाई न होता देख उन्होंने बैंक के अधिकारियों को ‘जगाने’ के लिए यह कदम उठाया।
किसान के मुताबिक, उनके इस कदम के बाद बैंक प्रबंधक ने उन्हें जल्द से जल्द NOC देने का आश्वासन दिया है।
विजय पाटीदार ने बताया कि इस आश्वासन के बाद वे वहां से लौट आए लेकिन साथ ही कहा कि यदि जल्द ही उन्हें एनओसी नहीं दी गई तो वे बैंक के सामने ही धरना प्रदर्शन करेंगे। इस सिलसिले में जब बैंक के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। (इनपुट – भाषा)
यह भी पढ़ें: कपास किसानों की बढ़ती चुनौतियां, अमेरिका को भारत में नजर आ रहा बाजार
कपास उत्पादन में अमेरिका दुनिया में तीसरे स्थान पर है, लेकिन इसकी घरेलू खपत वहां बहुत कम है। कुल उत्पादन का लगभग 85 फीसद कपास वह निर्यात करता है। पहले अमेरिकी कपास का सबसे बड़ा आयातक चीन था, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क नीति के कारण चीन वहां से कपास का आयात कम करता जा रहा है। इसलिए अमेरिका को एक वैकल्पिक बाजार की तलाश थी, जो उसे भारत में नजर आ रहा है। पूरा ओपिनियन पढ़ने के लिए क्लिक करें।
