Falta Assembly Repolling News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत फाल्टा सीट पर चुनाव आयोग ने नए सिरे से मतदान की घोषणा की है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने तंज कसा है। उन्होंने बीजेपी और चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा है। अखिलेश ने उदाहरण के लिए सोन पापड़ी की परतों का जिक्र किया है।
बता दें कि अखिलेश यादव ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखा। इसमें उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के साथ ही बीजेपी को निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की जीत होने वाली है।
अखिलेश बोले- बीजेपी झूूठ की सोन पापड़ी
सपा प्रमुख ने एक्स पोस्ट में लिखा, “बीजेपी झूठ की सोन पपड़ी है!’ जो एक झूठ की परत पर, दूसरे झूठ की परत चढ़ाती है। बंगाल के फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में दुबारा चुनाव कराने का फ़ैसला बता रहा है कि बीजेपी अपनी बेहद शर्मनाक हार से चेहरा झुपाने के लिए बहाना ढूंढ रही है।
चुनाव आयोग पर बोला हमला
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा, “चुनाव आयोग ने मीडिया रिपोर्ट व टीवी प्रसारणों के आधार पर ये निर्णय लिया है। जनता पूछ रही है, इसका मतलब तो ये हुआ कि मतदान केंद्र के अंदर तक मीडिया की पहुंच थी, जो नियमानुसार असंभव है, खासतौर पर तब, जब हर बूथ को केंद्र के नियंत्रणवाले सशस्त्र बलों की तैनाती से छावनी बना दिया गया था। चुनाव आयोग ने तो बूथ कैप्चरिंग तक की तथाकथित आशंका ज़ाहिर कर दी है, इसका मतलब ये हुआ कि जो ऑब्ज़र्वर थे, उनकी भूमिका संदिग्ध है, सबसे पहले उनका निलंबन हो।”
टीएमसी 234 सीट पर आगे… – अखिलेश
इतना ही नहीं, अखिलेश यादव ने चुनाव में लगे अधिकारियों पर सवाल उठाया है। आरोप लगाते हुए कहा कि जनता तो यहां तक कह रही है कि अगर सच में कोई गड़बड़ी हुई है तो पुनर्मतदान में होने वाले ख़र्चे की वसूली भी उन अधिकारियों के खाते से ही हो जिनकी लापरवाही या किन्हीं अन्य अवांछित गतिविधियों में मशगूल भ्रष्ट-आचरण की वजह से ये हालात पैदा हुए।
अखिलेश यादव ने कहा, “वैसे जनता जानती है, ऐसा कुछ होता तो अब तक सैकड़ों वीडियो आ चुके होते, ये बीजेपी का बनाई हुई झूठ की एक और परत है। बीजेपी कितने भी षड्यंत्र कर ले लेकिन जनता ने तो टीएमसी को पहले ही 234 सीट पर आगे कर दिया है।”
बंगाल चुनाव: फाल्टा सीट पर नए सिरे से होगा मतदान, ECI ने गड़बड़ी की शिकायतों के बाद लिया बड़ा फैसला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण में फाल्टा सीट पर वोटिंग हुई थी लेकिन बड़ी संख्या में गड़बड़ी की शिकायतों के चलते चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला किया है। आयोग ने फाल्टा सीट के तहत आने वाले बूथों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन का हवाला देते विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया है। ये वोटिंग 21 मई को होगी, जिसके नतीजे 24 मई को आएंगे। पढ़िए पूरी खबर…
