नई दिल्ली में 3 अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकार से कथित बदसलूकी के मामले में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर एक कथित फर्जी AI वीडियो के जरिए दिल्ली पुलिस के खिलाफ गलत नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीडियो को फर्जी और AI से तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि यह वीडियो नदीम अहमद नाम के एक स्वतंत्र कंटेंट क्रिएटर ने तैयार किया था। उनके मुताबिक, इसके बाद कांग्रेस से जुड़े कई लोगों और सोशल मीडिया हैंडल्स ने वीडियो को व्यापक रूप से प्रसारित किया। भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए थे।
पुलिस की जांच में वीडियो के फर्जी होने की बात आई सामने
भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी पर महिला पत्रकार के साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि अब जब पुलिस की जांच में वीडियो के फर्जी होने की बात सामने आई है तो राहुल गांधी को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम एक स्वतंत्र कंटेंट क्रिएटर की ओर से बनाए गए वीडियो को आधार बनाकर उसे करीब 24 घंटे तक अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर फैलाता रहा। उन्होंने इसे दिल्ली पुलिस और राज्य की संस्थाओं को गलत तरीके से निशाना बनाने की कोशिश बताया।
प्रदीप भंडारी ने मांगा राहुल गांधी से जवाब
प्रदीप भंडारी ने कहा कि किसी पुलिसकर्मी या संवैधानिक संस्था पर आरोप लगने पर जांच होना स्वाभाविक है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी वीडियो या दावे को सच मानकर प्रचारित करना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि अब जब वीडियो को लेकर पुलिस की ओर से अलग जानकारी सामने आई है, तो क्या राहुल गांधी या कांग्रेस इस पर जवाब देंगे।
हालांकि, यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब 3 अक्टूबर के प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कथित बदसलूकी और यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। दिल्ली पुलिस ने इन शिकायतों को दर्ज करने और मेडिकल जांच कराए जाने की जानकारी दी थी तथा मामले को क्राइम ब्रांच को सौंपा था।
इससे पहले राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर महिला प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। उन्होंने साकेत थाने का पूरा CCTV फुटेज सार्वजनिक करने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने किया AI से वीडियो बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उसने एक कथित फर्जी और AI से तैयार वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में 24 वर्षीय नदीम अहमद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरियाणा के पलवल का रहने वाला है और खुद को स्वतंत्र पत्रकार बताता है। उसके पास से कथित तौर पर वीडियो प्रसारित करने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो को CCTV फुटेज जैसा दिखाया गया था और इसमें ACP विवेक भगत को एक महिला के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करते हुए दिखाया गया। पुलिस का दावा है कि वीडियो AI टूल्स की मदद से तैयार किया गया था। दिल्ली पुलिस के साइबर थाने ने इस मामले में केस दर्ज किया है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
यह भी पढ़ें: ‘दिल्ली प्रदर्शन में ना जाएं, खर्च कौन उठा रहा?’, कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके का महाराष्ट्र पुलिस पर डराने-धमकाने का आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को महाराष्ट्र पुलिस पर प्रदर्शनकारियों को डराने-धमकाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। यह आरोप चंद्रपुर पुलिस की ओर से उन CJP समर्थकों को नोटिस दिए जाने के बाद आया है जो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की योजना बना रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
