KCR Nanded Rally: तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (Telangana Chief Minister K Chandrasekhar Rao) ने रविवार (5 फरवरी, 2023) को महाराष्ट्र (Maharashtra) के नांदेड़ (Nanded) में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राव ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद, किसानों के लिए राष्ट्र की बागडोर संभालने का समय आ गया। देश में आजादी के इतने साल बाद भी लोगों को पानी नहीं मिल रहा है, न पीने के लिए न सिंचाई के लिए। इतनी सरकार आई गई उन्होंने आखिर क्या किया। सीएम ने कहा कि महाराष्ट्र में इतने किसान आत्महत्या करते हैं। इससे मुझे बहुत दर्द होता है।
केसीआर (KCR) ने कहा कि इसीलिए बीआरएस (BRS) का नारा ‘अबकी बार, किसान सरकार’ है। अब हमें राष्ट्रीय स्तर पर जाना है। अब एक बड़ा परिवर्तन चाहिए। कई लोग आते हैं और लंबा-लंबा भाषण दे कर चले जाते हैं। मन की बात करके चले जाते हैं।
देश की किसानों की संख्या 42 फीसदी से अधिक है: KCR
राव ने कहा, ‘अगर हम एकजुट हो जाएं तो यह असंभव नहीं है। हमारे देश में किसानों की संख्या 42 फीसदी से अधिक है और अगर इसमें खेतिहर मजदूरों की संख्या भी जोड़ दी जाए तो यह 50 फीसदी से अधिक हो जाएगी जो सरकार बनाने के लिए पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि आज समय आ गया है। 75 साल एक लंबी अवधि है। किसानों को भी लिखने और नियम बनाने में सक्षम होना चाहिए।
KCR ने पूछा- कहां गया मेक इन इंडिया
तेलंगाना के सीएम ने कहा कि आज मेक इन इंडिया जोक बन गया है। कहां गया इनका मेक इन इंडिया? हर चीज तो चीन से आ रही है। हर गली में चाइना बाजार लग रहा है। मेक इन इंडिया है तो चाइना बाजार की जगह भारत बाजार लगना चाहिए। केसीआर ने कहा कि अगर आप किसान सरकार, बीआरएस की सरकार बनाएंगे तो दो साल में देश को बदल देंगे।
राव ने कहा कि मैं पश्चिमी महाराष्ट्र, विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र का भी दौरा करूंगा। उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा किसानों की आत्महत्या के मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए गए हैं। राजनीतिक दल और नेता चुनावों में जीत रहे हैं, लेकिन लोग हार रहे हैं।