Express Exclusive: दिल्ली के फर्श बाजार इलाके में 2024 में हुई हत्या को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। केंद्रीय एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार, 2024 में फर्श बाजार इलाके में दिल्ली के एक व्यवसायी की गलत पहचान के कारण हुई हत्या के मामले में मुख्य आरोपी और भगोड़ा गैंगस्टर सचिन गोलू फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर नेपाल के रास्ते भारत से भाग गया। सूत्रों का कहना है कि सचिन गोलू अब दुबई में छिपा हुआ हो सकता है।
दिल्ली पुलिस ने गोलू के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। आरोप है कि गोलू ने दिसंबर 2024 में अपने साथी नवीन कसाना के साथ मिलकर कारोबारी सुनील जैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना तब हुई जब जैन यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह की सैर करके लौट रहे थे। दोनों आरोपियों ने जैन पर करीब छह गोलियां चलाई थीं।
जांच में बाद में पता चला कि यह गलत पहचान का मामला था। गोलू के गिरोह की आपसी दुश्मनी के कारण हमलावर किसी और को निशाना बनाना चाहते थे, लेकिन गलती से सुनील जैन की हत्या हो गई।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया कि गोलू ने जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर नेपाल में प्रवेश किया। इसके बाद वह नेपाल से थाईलैंड और फिर दुबई चला गया। उसे दुबई में देखा गया है। अब दिल्ली पुलिस उसे पकड़कर भारत लाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही है।
सचिन गोलू के खिलाफ कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें घर में चोरी, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले शामिल हैं। उसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीन बार गिरफ्तार किया है, जबकि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम और भजनपुरा थानों की पुलिस भी उसे कई बार पकड़ चुकी है।
सुनील जैन की हत्या के बाद, आरोपी नवीन कसाना और सचिन गोलू को दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर सुखबीर ने शरण दी थी। आरोप है कि अधिकारी ने हमलावरों को छिपने की जगह दी और उन्हें पैसों की मदद भी की। इस मामले में पुलिस ने फरवरी महीने में सब-इंस्पेक्टर सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: ‘दो बहनें एक-दूसरे को गले लगा रही थीं’, चश्मदीद ने बताई ट्रिपल सुसाइड केस की आंखों देखी कहानी
हत्या के बाद करीब 14 महीने तक गोलू पुलिस से बचता रहा। वह फर्जी नाम और पहचान के सहारे देश की सीमाएं पार करता रहा। कई बार उसे दिल्ली में देखा गया, लेकिन हर बार वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।
फरवरी 2025 में सूत्रों ने बताया था कि गोलू को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में देखा गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें उसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी और तुरंत कई पुलिस टीमें मौके पर भेजी गईं, लेकिन गोलू वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में स्कूटर पर हेलमेट पहने एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसका शरीर और हुलिया संदिग्ध गोलू से मिलता-जुलता था।
यह भी पढ़ें- इंजन में धुएं की आशंका, तुर्की एयरलाइंस के विमान की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग
