केरल में जारी चुनावी गहमागहमी के बीच यहां के कन्नूर के काथिरूर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता के आवास पर विस्फोटक फेंके जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात काथिरूर के पास कोंकाची इलाके में मजीशा पथायाकुन्नु के आवास पर हुई।
प्राथमिकी के मुताबिक, रात करीब 8:50 बजे दो अज्ञात व्यक्ति मजीशा के घर के पास पहुंचे और उनसे अभद्र भाषा में बात की। इसके बाद उन्होंने एक विस्फोटक फेंका, जो तेज धमाके के साथ फट गया।
काथिरूर थाने के अधिकारियों ने बताया कि मजीशा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ विस्फोटक की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कोई पटाखा था या देसी बम।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
गौरतलब है कि केरल के 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होना है। जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी। केरल विधानसभा चुनाव राज्य की राजनीति का एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसमें जनता अपने प्रतिनिधियों का चयन करती है। यहां मुख्य मुकाबला आमतौर पर लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच होता है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी अपनी उपस्थिति मजबूत करने की कोशिश करती है।
केरल की राजनीति में शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास, रोजगार और सामाजिक कल्याण जैसे मुद्दे अहम भूमिका निभाते हैं। चुनाव के दौरान विभिन्न दल जनता को आकर्षित करने के लिए कई वादे और योजनाएं पेश करते हैं, वहीं मतदाता भी जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं, जिससे राज्य की सरकार तय होती है।
यह भी पढ़ें – बिना महिला यात्री नहीं चलेगी केरल की ‘सियासी गाड़ी’, हर दल की अपनी रणनीति
केरल विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में गर्म होती सियासत के बीच सभी राजनीतिक दल महिलाओं के सहारे चुनावी नैया पार लगाने में जुटे हैं। प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले करीब पांच फीसद ज्यादा है। इनमें से बड़ी संख्या में महिलाएं मध्यम व गरीब परिवारों से जुड़ी हैं। ऐसे में इन्हें रोजगार के साथ दूसरी तरह से आर्थिक मदद देने का वादा कर लुभाने की कोशिश की गई है। पूरी खबर पढ़ें…
