हर साल देश भर के नौकरशाहों को अपनी अचल संपत्ति की घोषणा करनी होती है। 2011 से लागू यह नियम भ्रष्टाचार को रोकने और सरकार चलाने वालों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने के लिए बनाया गया था। लेकिन इंडियन एक्सप्रेस की समीक्षा से पता चलता है कि संपत्ति की घोषणा का यह सिस्टम कितना ढीला है।

इस श्रेणी में आने वाले सचिव स्तर के 131 शीर्ष अधिकारियों में से, 102 अधिकारियों की संपत्ति घोषणाओं तक अखबार की पहुंच हो सकी। ये घोषणाएं 31 मार्च, 2026 को आधिकारिक पोर्टल पर सार्वजनिक की गई थीं। इनसे पता चलता है कि घोषित की गई 244 ऐसी संपत्तियों में से 115 के मामले में क्षेत्रफल या माप की जानकारी नहीं दी गई है और 115 संपत्तियों की मौजूदा कीमत भी नहीं बताई गई है। इन 102 अधिकारियों में से 10 ने बताया है कि उनके पास अपनी खरीदी गई कोई संपत्ति नहीं है।

102 अधिकारियों की घोषणाओं में कुछ अहम जानकारी सामने आई

अपनी और अपने जीवनसाथी और आश्रितों की अचल संपत्ति का ब्योरा देने के लिए बाध्य इन 102 अधिकारियों की घोषणाओं से कुछ अन्य अहम बातें सामने आई हैं। एक्सप्रेस की ओर से समीक्षा की गई 244 संपत्तियों में 219 आवासीय, 3 व्यावसायिक और 22 कृषि भूमि के टुकड़े शामिल हैं।

कुल 102 अधिकारियों (या उनके जीवनसाथियों) में से 44 के पास अपनी खरीदी गई तीन या उससे ज्यादा संपत्तियां हैं। इनमें से 7 अधिकारियों के पास 5-5 संपत्तियां हैं, 13 के पास 4-4 संपत्तियां हैं और 24 के पास 3-3 संपत्तियां हैं। इस सूची में सबसे ऊपर सचिव स्तर के एक आईएएस अधिकारी हैं, जिन्होंने अपनी खरीदी गई 8 संपत्तियों की घोषणा की है। इनमें से 7 संपत्तियां केरल में और 1 मेघालय में हैं।

इन अधिकारियों में केंद्र सरकार के तहत आने वाले विभागों के 95 सचिव शामिल

दूसरे स्थान पर सचिव स्तर के एक और आईएएस अधिकारी हैं, जिनके पास महाराष्ट्र, यूपी और दिल्ली में अपनी खरीदी गई 6 संपत्तियां हैं। इनमें मुंबई में 3 संपत्तियां और नई दिल्ली में एक डीडीए फ्लैट शामिल है। इन अधिकारियों में केंद्र सरकार के तहत आने वाले विभागों के 95 सचिव शामिल हैं। इनमें राष्ट्रपति सचिवालय, प्रधानमंत्री कार्यालय, नीति आयोग और प्रिंसिपल साइंटिफिक एडवाइजर के ऑफिस से जुड़े लोग, साथ ही 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव भी शामिल हैं।

129 संपत्तियों के लिए वर्तमान मूल्य वाला कॉलम भरा गया

इंडियन एक्सप्रेस ने केवल उन अचल संपत्तियों का पता लगाया जिन्हें अधिकारियों ने स्व-अर्जित (खुद खरीदी गई) बताया है, इसमें पैतृक संपत्तियों को शामिल नहीं किया गया है। 102 अधिकारियों की फाइलिंग से पता चलता है, कुल 244 संपत्तियों में से, केवल 129 संपत्तियों के लिए ही वर्तमान मूल्य (present value) वाला कॉलम भरा गया है। बाकी संपत्तियों के लिए अधिकारियों ने लिखा है, “पता नहीं”, “मूल्य तय नहीं”, “सर्कल रेट के अनुसार”, “मूल्यांकन नहीं किया गया”, “आकलन नहीं हुआ” या “मूल्य निर्धारित नहीं किया गया।”

जिन दस अधिकारियों ने अपनी ताजा जानकारी में कोई भी स्व-अर्जित संपत्ति नहीं बताई है, उनमें जम्मू-कश्मीर कैडर के एक आईएएस अधिकारी भी हैं, जिन्होंने 2011 से हर साल अपनी संपत्ति शून्य (nil) बताई है। बाकी नौ अधिकारियों ने अपनी पिछली कुछ घोषणाओं में तो संपत्ति का जिक्र किया था, लेकिन ताजा जानकारी में ऐसा नहीं किया।

घोषित माप वाली आवासीय संपत्तियां 617 वर्ग फुट से लेकर 23925 वर्ग फुट तक हैं। कृषि भूमि छोटे भूखंडों से लेकर 39 एकड़ तक है। इनमें से ज्यादातर संपत्तियां दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र और राज्यों की राजधानियों में हैं। कई संपत्तियां सहकारी समितियों में आवंटित की गई हैं, जैसे कि ‘सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉयीज वेलफेयर हाउसिंग ऑर्गनाइजेशन’ की केंद्रीय विहार परियोजनाएं।

131 सचिवों/मुख्य सचिवों और अन्य अधिकारियों में नौ वैज्ञानिक, भारतीय विदेश सेवा के पांच अधिकारी और भारतीय पुलिस सेवा के तीन अधिकारी शामिल हैं। दो विभागों का नेतृत्व करने वाले एक अधिकारी इंडियन लीगल सर्विस से है, एक अन्य अधिकारी भारतीय डाक सेवा से हैं और बाकी सभी भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। इनमें से ज्यादातर 1989 से 1998 बैच के हैं।

सचिव अपने विभागों के प्रमुख होते हैं और उनका पद कैबिनेट सचिव के ठीक नीचे आता है। मुख्य सचिव राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नौकरशाही के प्रमुख होते हैं। असल में, ये अधिकारी केंद्र और राज्यों में राजनीतिक नेतृत्व के अधीन प्रशासन चलाते हैं।

हर नौकरशाह को अपनी संपत्ति की डिटेल अपडेट करनी होती है

हर एक नौकरशाह को हर साल 31 जनवरी तक अपनी, अपने जीवनसाथी और आश्रितों की अचल संपत्तियों की डिटेल अपडेट करनी होती है। इन डिटेल्स को 31 मार्च तक सार्वजनिक किया जाना चाहिए। इस तरह का सार्वजनिक खुलासा 2011 में शुरू हुआ, जो आरटीआई याचिकाओं, लोकपाल की मांग और भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के बाद हुआ था।

लोकपाल अधिनियम की धारा 44 के तहत, प्रत्येक अधिकारी के लिए अपनी सभी चल और अचल संपत्तियों की घोषणा करना अनिवार्य था, ठीक वैसे ही जैसे चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार, सांसद और मंत्री करते हैं। दिसंबर 2016 में इस प्रावधान में संशोधन किया गया।

इसमें कहा गया कि लोक सेवकों द्वारा अपनी संपत्ति और देनदारियों की घोषणा करने के लिए आवश्यक फॉर्म, तरीका और समय-सीमा तय करने वाले नियम उचित समय पर अधिसूचित किए जाएंगे। उन नियमों का अभी भी इंतजार है। इंडियन एक्सप्रेस ने पुष्टि की है कि जिन अधिकारियों के घोषणा-पत्रों की जांच की गई, वे 1 अक्टूबर, 2026 को अपने-अपने पदों पर तैनात थे।

कैबिनेट सचिवालय और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इंडियन एक्सप्रेस के ईमेल पर पूछे गए सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। इन सवालों में यह पूछा गया था कि क्या घोषणा-पत्रों की पुष्टि करने के लिए कोई व्यवस्था मौजूद है, क्या उन अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई जिन्होंने 2025 में अपनी जानकारी देते समय जरूरी डिटेल नहीं दी थी और लोकपाल अधिनियम की धारा 44 के तहत जिन नियमों का वादा किया गया था, उनका क्या हुआ?

अधिकारी एक निश्चित मूल्य से अधिक की अपनी चल संपत्तियों की जानकारी सरकार को देते हैं, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं किया जाता है। मंत्रियों की डिटेल पीएमओ की वेबसाइट पर उपलब्ध है, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की चल और अचल संपत्तियों की जानकारी सार्वजनिक है और पिछले साल सुप्रीम कोर्ट के जजों की संपत्ति और देनदारियों की डिटेल भी सार्वजनिक किया गया था।

यह भी पढ़ें: OBC क्रीमी लेयर विवाद के चलते अटका फाउंडेशन कोर्स, 958 चयनित उम्मीदवार मझधार में फंसे

संघ लोक सेवा आयोग द्वारा हर साल आयोजित की जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा के जरिये चुने गए सिविल सेवकों के हर बैच के लिए फाउंडेशन कोर्स आमतौर पर मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में अगस्त के आखिर या सितंबर की शुरुआत में शुरू होता है और दिसंबर में पूरा होता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…