कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हालिया चुनाव परिणामों के बाद केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी कर सीटें जीती जा रही हैं और इसे ‘वोट चोरी’ बताया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया (X) पर किए अपने पोस्ट में कहा कि वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में 240 सांसदों में से ‘हर छठा सांसद’ कथित तौर पर ऐसे ही तरीकों से जीतकर आया है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इन्हें बीजेपी की भाषा में ‘घुसपैठिए’ कहा जाना चाहिए। इसके साथ ही हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां पूरी सरकार ही घुसपैठिया है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि जो संस्थाओं को अपनी जेब में रखते हैं और जो मतदाता सूचियों व चुनावी प्रक्रिया में कथित हेरफेर करते हैं, वे खुद ‘रिमोट कंट्रोल्ड’ हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि सत्तारूढ़ पक्ष को निष्पक्ष चुनाव से डर है क्योंकि अगर चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष हों तो वे 140 सीटों के आसपास भी नहीं जीत पाएंगे।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का ‘PA’ बनकर कांग्रेस नेताओं को ठगने वाला गिरफ्तार, देश भर में फैला था जाल, 1.90 करोड़ का लगा चुका है चूना
उत्तराखंड के देहरादून में पुलिस ने खुद को राहुल गांधी का करीबी बताकर ठगी करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है। शख्स पर कांग्रेस नेताओं को राहुल गांधी के निजी सचिव बनकर ठगने का आरोप है। आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी गौरव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह देशभर के कई नेताओं के साथ चुनाव टिकट या पार्टी में पद दिलाने का झांसा देकर ठगी कर चुका है।
