कॉकरोच जनता पार्टी के नए नेता अजिंक्य शिंदे ने दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मुंबई में प्रदर्शन का ऐलान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र को दबाने की कोशिश कर रही है।
शिंदे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि रविवार को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क स्थित टी जंक्शन पर प्रदर्शनकारी जुटेंगे। उन्होंने कहा कि देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो चुके हैं और जल्द ही दूसरे शहर भी इसमें शामिल होंगे।
शिंदे ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हर भारतीय इस बात से नाराज है कि मोदी और शाह उनके प्यारे देश को तानाशाही में बदल रहे हैं। दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में हजारों लोगों को हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई को बिना विरोध के स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार करके और लोकतंत्र को दबाकर बड़ी गलती की है। शिंदे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की।
अभिजीत दीपके ने वीडियो जारी कर की थी घोषणा
अभिजीत दीपके ने पहले से रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में अजिंक्य शिंदे को कॉकरोच जनता पार्टी का नया नेता घोषित किया था। वीडियो में दीपके ने कहा कि जब तक उन्हें, पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका को हिरासत से रिहा नहीं किया जाता, तब तक शिंदे जंतर-मंतर पर संगठन के प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। संभावित गिरफ्तारी की आशंका के बीच दीपके ने शुक्रवार को यह वीडियो रिकॉर्ड किया था।
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के तीनों नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार को रिहा कर दिया गया। उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जाने वाले प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। उनके वकील एडवोकेट सौतिक बनर्जी ने कहा, “तीनों को रिहा कर दिया गया है। वे अब यहां से जा सकते हैं।”
कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल टीम की हेड रत्ना सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में इस बात की पुष्टि की कि कोर्ट ने अभिजीत, सौरव और आशुतोष को रिहा कर दिया है। सीजेपी ने अपने नेताओं की रिहाई का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस उन्हें रिहा करने के लिए मजबूर हुई थी। कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आखिरकार दिल्ली पुलिस अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रिहा करने के लिए मजबूर हो गई। कॉकरोच कभी नहीं मरते।”
मुंबई में रविवार को मेगाब्लॉक के चलते लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ेगा।
- सेंट्रल मेन लाइन: माटुंगा और मुलुंड के बीच धीमी लाइन की ट्रेनें सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक फास्ट लाइन पर चलाई जाएंगी।
- हार्बर लाइन: CSMT और चुनाभट्टी/बांद्रा के बीच डाउन लाइन पर सुबह 11:40 बजे से शाम 4:40 बजे तक और अप लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक सेवाएं बंद रहेंगी।
- यात्रियों को राहत: हार्बर लाइन के यात्री सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मेन लाइन और वेस्टर्न रेलवे के रास्ते यात्रा कर सकेंगे।
- ट्रांस-हार्बर और पोर्ट लाइन: इन रूटों पर ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी।
