ICC T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच 2026 आईसीसी टी20 विश्व कप का मैच 15 फरवरी को होना था। पाकिस्तान सरकार ने क्रिकेट टीम को इस हाई-वोल्टेज मैच में खेलने की अनुमति नहीं दी। इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस बार भारत-पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करेगा। इसके बाद भारत में इस मुद्दे पर सियासत देखने को मिल रही है। कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि अब तो छोटे-छोटे देश भी हमारी आंखों में आंखें डालकर देख रहे हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, “भारत अब गिड़गिड़ा क्यों रहा है? उन्हें शर्म आनी चाहिए। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ क्रिकेट किसने खेला? भारत ने। पाकिस्तान, जो उत्तर प्रदेश के आकार का भी नहीं है, आज हमारी आंखों में आंखें डालकर कह रहा है कि वह हमारे खिलाफ नहीं खेलेगा। यह हमारी कूटनीतिक विफलता है। जब हमारे 26 लोग शहीद हुए थे, तब हमें ऑपरेशन सिंदूर के बाद मैच नहीं खेलना चाहिए था। अब पाकिस्तान ने पासा पलट दिया है। यह हमारी विदेश नीति की विफलता है। अब तो छोटे-छोटे देश भी हमारी आंखों में आंखें डालकर देख रहे हैं। अप्रत्यक्ष रूप से भारत उन्हें पुनर्विचार करने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा है। क्या भारत अब इस स्थिति में आ गया है।”
पाकिस्तान ने अभी तक ट्रॉफी आपको नहीं सौंपी- प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना यूबीटी की सांसद प्रियंका चतु्र्वेदी ने भी हमला बोला है। उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा, “हमने बीसीसीआई को बार-बार मैच रद्द करने के लिए कहा था। प्रतिबद्धता की आड़ में पाकिस्तान के साथ मैच खेलने के बहाने बनाए गए। पाकिस्तान ने अभी तक ट्रॉफी आपको नहीं सौंपी है। आज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। वे जुर्माना भरने और उन सभी परिणामों का सामना करने को तैयार हैं जिनके बारे में हमारे खेल मंत्री ने बात की थी। यह भारत के खेल मंत्री और बीसीसीआई के मुंह पर तमाचा है कि आईसीसी में सबसे मजबूत और सबसे अमीर संस्था होने के बावजूद आज उनका बहिष्कार किया जा रहा है और भारत उस समय कोई स्टैंड नहीं ले सका जब उसे लेना चाहिए था। मुझे यकीन है कि जुर्माने के लिए उन्हें आईएमएफ या विश्व बैंक से कर्ज लेना पड़ेगा, लेकिन उन्होंने स्टैंड लिया है। लेकिन भारत इसमें नाकाम रहा।”
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान का ‘बायकॉट’ ड्रामा: भारत को मिलेगा फायदा, नॉकआउट मैचों पर सस्पेंस; क्या एक्शन लेगा ICC?
बीजेपी नेताओं ने क्या कहा?
पाकिस्तान द्वारा मैच का बहिष्कार करने पर बीजेपी सांसद शशांक मणि ने कहा, “जब किसी खिलाड़ी को एहसास होता है कि वह जीत नहीं सकता, तो वह मैदान से भाग जाता है। वे मैदान से भाग गए हैं। अगर आप किसी चैंपियनशिप में भाग ले रहे हैं, तो आपको बिना किसी भेदभाव के खेलना चाहिए। हमने उन्हें ऑपरेशन सिंदूर और अन्य युद्धों में हराया था। हम उन्हें यहां भी हरा सकते थे। इसलिए वे खेल भी नहीं रहे हैं।” वहीं बीजेपी विधायक विक्रम रंधावा ने कहा, “यह उनकी हार के डर का संकेत है। यह स्पष्ट संदेश पूरी दुनिया को भेजा जा रहा है। पाकिस्तान को पूरे टूर्नामेंट से अयोग्य घोषित कर देना चाहिए और भविष्य में उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट खेलने का कोई मौका नहीं दिया जाना चाहिए।”
आईसीसी ने जताई चिंता
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान सरकार के अपनी क्रिकेट टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का निर्देश देने के फैसले पर गंभीर चिंता जताई है और इस कदम को ग्लोबल खेल प्रतियोगिता के सिद्धांतों के खिलाफ बताया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
