अयोध्या के राम मंदिर चंदे में कथित हेराफेरी का मामला इस वक्त सुर्खियों में है। इस पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है। एसआईटी ने अभी तक आठ लोगों की गिरफ्तारी की है। अब इस मामले को लेकर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत का बयान सामने आया है। अपने बयान में संजय राउत ने भाजपा पर निशाना साधा है।

संजय राउत ने कहा कि ये न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे देश की भावना है कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच हो, लेकिन सुप्रीम कोर्ट भी उन्हीं(भाजपा) के अधीन काम कर रहा है।

राउत ने आगे कहा कि इस देश की न्याय व्यवस्था में बहुत कम लोग बचे हैं जो चाहते हैं कि यह सब साफ हो। अयोध्या एक तीर्थ क्षेत्र रहा, जो कभी भगवान राम की अयोध्या रही वह अब ‘अंडरवर्ल्ड’ बन चुका है जिसे चलाने वाले भाजपा के लोग हैं।

विनय कटियार क्या बोले?

पूर्व भाजपा सांसद विनय कटियार ने दावा किया कि मामले में धन की हेराफेरी हुई है और आने वाले दिनों में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, गोपाल राव और ट्रस्टी अनिल मिश्रा जेल जा सकते हैं।

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए विनय कटियार ने कहा कि यह साफ है कि पैसे की हेराफेरी हुई है। मैंने इस मामले पर मोदी जी से बात की थी। उन्होंने पूछा कि आगे क्या होगा। मैंने कहा कि सब ठीक हो जाएगा। आने वाले दिनों में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा के जेल जाने की संभावना है। चंपत राय पर लगे आरोपों पर विनय कटियार ने कहा कि किसने कितने आरोप लगा दिए, ये समझ में नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि पैसे का जबरदस्त गबन हुआ है और हम राम मंदिर दान मामले में पीएम मोदी से सीधे संपर्क में हैं।

कांग्रेस ने क्या कहा?

वहीं, इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने इस मामले पर पीएम मोदी की चुप्पी की आलोचना कर रही है। कांग्रेस ने कहा कि इतने बड़े घोटाले पर पीएम की चुप्पी भाजपा के दोहरे रवैये को साफ उजागर करती है। इसी कड़ी में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर एक चिट्ठी लिखी।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक जिम्मेदारी है। राम मंदिर का मुद्दा उन सबसे प्रमुख कारणों में से एक था, जिसकी वजह से वह देश के प्रधानमंत्री बने। आज इतना बड़ा घोटाला हो गया और उन्होंने चुप्पी साध रखी है। इससे भाजपा का दोहरा रवैया साफ-साफ उजागर होता है। वे राजनीतिक लाभ के लिए भगवान का इस्तेमाल कर रहे हैं।

केसी वेणुगोपाल ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला किया है। उन्होंने सीएम योगी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अयोध्या के सबसे बड़े मंदिर में चोरी हुई है। मंदिर ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया है। अब मुख्यमंत्री की तथाकथित एसआईटी इसकी जांच कर रही है, लेकिन वह निष्पक्ष और ईमानदारी से जांच नहीं कर सकती है। यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि इस चंदा चोरी मामले में बड़े लोगों को जांच के दायरे से बाहर रखा गया है।

उन्होंने आगे कहा कि चोरी के बाद जो लोग इस मामले पर सवाल उठा रहे हैं। उन्हीं की आलोचना की जा रही है। इसका मतलब है कि आप उन लोगों को बचा रहे हैं, जिन्होंने चोरी की है। इस मामले में पूरी तरह से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जिसकी निगरानी सुप्रीम कोर्ट करे। सीबीआई सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में इस मामले की जांच करे।

‘जेल जा सकते हैं चंपत राय, गोपाल राव’ चढ़ावा चोरी मामले में विनय कटियार बोले- पैसे का जबरदस्त गबन

राम मंदिर में दान राशि की कथित चोरी के मामले में भाजपा नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि मामले में धन की हेराफेरी हुई है और आने वाले दिनों में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, गोपाल राव और ट्रस्टी अनिल मिश्रा जेल जा सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर।