पश्चिम मेदिनीपुर जिले के एक गांव में, जहां लगभग सौ परिवार रहते हैं, वहां 40 वर्षीय एक महिला अपने मिट्टी के घर के दरवाजे के पास अपने पति, बेटी और बीमार ससुर के साथ बैठी हैं। वह उस जगह की ओर इशारा करती हैं जहां 18 अक्टूबर को उन्हें कथित तौर पर एक शुद्धिकरण अनुष्ठान करने के लिए मजबूर किया गया था। इस दौरान उन पर पानी की बाल्टियां डाली गईं और उन्हें बेल और तुलसी के पत्ते चबाने के लिए कहा गया।

इस गांव में चार परिवार ईसाई हैं। इनमें से तीन परिवार आपस में रिश्तेदार हैं। 18 से 20 अक्टूबर के बीच, यानी तीन दिनों तक इन परिवारों पर हमले किए गए। गांव में पुलिस की एक चौकी बनाई गई है, जहां पुलिसकर्मी और वॉलंटियर्स गश्त कर रहे हैं। हालांकि, ईसाई परिवारों ने जिन लोगों पर हमले का आरोप लगाया है, उनमें से किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इन परिवारों का कहना है कि गांव वालों ने उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया है और उन्हें डर है कि पुलिस के जाने के बाद क्या होगा।

पूरा गांव हमारे खिलाफ हो गया है- महिला

40 वर्षीय महिला ने कहा, “वे अभी भी धमकियां देते हैं। पूरा गांव हमारे खिलाफ हो गया है।” गांव वालों ने परिवारों पर झूठ बोलने और किसी भी हमले से इनकार करने का आरोप लगाया है। साथ ही, वे परिवारों के करीब तीन साल पहले ईसाई धर्म अपनाने पर भी सवाल उठा रहे हैं। खास तौर पर, वे उन दिनों परिवारों के नॉन-वेज खाना बनाने पर एतराज करते हैं, जब गांव के बाकी लोग दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक त्योहार मनाते हैं। चंद्रकोना पुलिस स्टेशन में कथित हमले के मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

फिलहाल शांति है- एसपी

पश्चिम मेदिनीपुर की एसपी पपिया सुल्ताना ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “हमने पुलिस चौकी इसलिए बनाई है क्योंकि इन परिवारों ने असुरक्षित महसूस करने की बात कही थी। फिलहाल शांति है। हमारी जांच चल रही है। मैं बस इतना ही कह सकती हूं।”

पिछले साल अक्टूबर में कथित तौर पर भीड़ ने उनके घरों को घेर लिया था और उन्हें धमकियां दी थीं। महिला का कहना है कि वे दो बार पुलिस के पास गए, लेकिन दोनों पक्षों से समझौता करने के लिए कहा गया। 40 वर्षीय महिला ने बताया कि 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे तीन महिलाओं समेत एक समूह उनके घर पहुंचा।

उन्होंने कहा, “वे जबरन हमारे घर में घुस आए, मुझे और मेरे पति को बाहर खींच लाए और हमारी पिटाई की। उन्होंने मेरे कपड़े फाड़ दिए और मुझ पर पानी डाला, जिसे उन्होंने शुद्धिकरण कहा, जबकि बाकी लोग बस देखते रहे।” महिला ने बताया कि उनसे कुछ ऐसी पत्तियां भी चबवाई गईं जिन्हें हिंदू रीति-रिवाजों में पवित्र माना जाता है।

पुलिस के पास ना जाने की धमकी दी

महिला और उसके 50 साल के पति का कहना है कि वे लोग उन्हें गाली देते रहे और आरोप लगाया कि “हमने पैसे के लिए ईसाई धर्म अपनाया है।” इसके बाद कथित तौर पर समूह दूसरे ईसाई घरों में गया और उन्हें पुलिस के पास न जाने की धमकी दी। महिला ने कहा, “उन्होंने एक नाबालिग लड़की के साथ मारपीट की और उसके साथ बलात्कार करने की धमकी दी। उन्होंने एक घर का ताला तोड़ा और 20000 रुपये ले गए।”

महिला ने बताया, “19 अक्टूबर की सुबह वह समूह फिर वापस आया। वे इस बात से बहुत गुस्से में थे कि हमने पुलिस को बुला लिया था। वे हमें पास के एक गांव के दुर्गा मंडप में ले गए और हमसे प्रार्थना करवाई। वहां से लौटने के बाद हमने खुद को अपने घरों के अंदर बंद कर लिया।”

अगले दिन तीनों परिवारों के पुरुषों को कथित तौर पर धमकाया गया। उन्होंने कहा, “जब वे घर लौटे, तो पुरुष रो रहे थे, हमने लड़कियों को (सुरक्षा के लिए) एक रिश्तेदार के घर भेज दिया।”

महिला ने बताया कि उन्होंने अपने समुदाय के लोगों को फोन किया, जिन्होंने उन्हें पुलिस के पास जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “आखिरकार, पुलिस आई और हमें इलाज के लिए अस्पताल ले गई। इसके बाद हमने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।” पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना स्थित एक बैपटिस्ट चर्च के पादरी नाथन हाजरा ने कहा, “पिछली (तृणमूल कांग्रेस) सरकार के समय भी समुदाय के लोगों को धमकियां मिलती थीं। लेकिन नई (भाजपा) सरकार के आने के बाद, ये धमकियां और बढ़ गई हैं।”

इन दावों को खारिज करते हुए एक गांव वाले ने कहा, “वे जन्म से ईसाई नहीं थे, जिस दिन हम अपने देवी-देवताओं की पूजा करते हैं, उस दिन वे हमारे बरामदे के पास मांसाहारी खाना पकाते हैं। वे ऐसे संदेश फैलाते हैं कि यीशु ने उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद की। यहां तक ​​कि उनके अपने रिश्तेदार भी उनकी जीवनशैली पर आपत्ति जताते हैं।” कथित मारपीट के बारे में ग्रामीण ने कहा, “उन्हें बस जुबानी चेतावनी दी गई थी।”

क्या कानून मुझे शांति से अपने धर्म का पालन करने का अधिकार नहीं देता- महिला

40 वर्षीय एक महिला ने बताया कि उनकी सबसे बड़ी चिंता अपनी बेटी की सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा को लेकर है। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी सदमे में है और ट्यूशन भी नहीं जा रही है। (पूजा के बाद) जब स्कूल फिर से खुलेंगे, तो वह वहां कैसे जाएगी? क्या यह एक स्वतंत्र देश नहीं है? क्या कानून मुझे शांति से अपने धर्म का पालन करने का अधिकार नहीं देता।”

यह भी पढ़ें: ‘बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहते थे’, सरकारी शिक्षकों के राजनीति में शामिल होने पर रोक, पश्चिम बंगाल में सीएम शुभेंदु अधिकारी का ऐलान

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि अब सरकारी स्कूलों में नए भर्ती होने वाले शिक्षक राजनीति में शामिल नहीं हो सकेंगे। बुधवार को कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। यह नियम सिर्फ नए शिक्षकों पर लागू होगा। पहले से नौकरी कर रहे शिक्षकों पर नया नियम लागू नहीं होगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…