केरल में 45 साल का रिकॉर्ड तोड़कर दोबारा सत्ता में आने वाली पिनराई विजयन की नेतृत्व वाली सरकार ने एक अनूठा प्रयोग किया है। नयी कैबिनेट में मुख्यमंत्री को छोड़कर कोई भी चेहरा पुराना नहीं है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के दामाद को भी मंत्री बनाया गया है।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के दामाद पीए मुहम्मद रियास को कैबिनेट में जगह मिली है। वो सीपीआईएम के यूथ विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी है। वो कोझिकोड के बेपोर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत कर आए हैं। नयी कैबिनेट में भाकपा के, पी प्रसाद को कृषि मंत्री बनाया गया है। वो चेरथला निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीत कर आए हैं। प्रसाद पर्यावरण से जुड़े कई आंदोलनों में शामिल रहे हैं। के कृष्णनकुट्टी को उर्जा मंत्री बनाया गया है वो जनता दल (एस) के सदस्य हैं। वो पलक्कड़ के चित्तूर से चुनाव जीते हैं। एलडीएफ की सरकार में वो ढाई साल तक जल संसाधन मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। राकांपा के एके शशिन्द्रन को वन मंत्री बनाया गया है।
शशिन्द्रन विजयन के पहले कार्यकाल में परिवहन मंत्री बनाए गए थे। एक टीवी चैनल द्वारा महिला पत्रकार के साथ उनकी आपत्तिजनक बातचीत प्रसारित करने के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा था। केरल कांग्रेस के एंटनी राजू को परिवहन मंत्री बनाया गया है। एंटनी राजू को तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से इस चुनाव में जीत मिली थी। उन्होंने मौजूदा विधायक वी एस शिवकुमार को हराया था। राजस्व मंत्रालय का प्रभार भाकपा नेता के राजन को दिया गया है। वो 2021 में ओल्लुर निर्वाचन क्षेत्र से दूसरी बार चुनाव जीत कर आए हैं।
राजन पिछली एलडीएफ शासन में सरकार के मुख्य सचेतक के रूप में कार्य कर रहे थे। भाकपा की नेत्री चिंचू रानी को पशुपालन और डेयरी विकास मंत्री बनाया गया है। वो चादयामंगलम से पहली बार चुनाव जीत कर आयी है। नागरिक आपूर्ति मंत्री का प्रभार भाकपा के जी आर अनिल को दिया गया है। केरल कांग्रेस (एम) की रोशी ऑगस्टीन जल संसाधन मंत्री होंगी।
केएन बालगोपाल को वित्त मंत्री बनाया गया है। पूर्व राज्यसभा सांसद, केएन बालगोपाल से केरल में राज्य मंत्रिमंडल में वरिष्ठ सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं। भाकपा के पी राजीव को उद्योग मंत्री बनाया गया है। भाकपा के जी आर अनिल को नागरिक आपूर्ति मंत्रालय दिया गया है।