तीन महीने पहले चुनाव आयोग में कार्य आवंटन को लेकर उठे विवाद के बाद अब आयोग ने अपनेटॉप आईटी एग्जीक्यूटिव की रिपोर्टिंग व्यवस्था में बदलाव किया है। नए आदेश के तहत डायरेक्टर जनरल (IT) सीमा खन्ना को अब सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर पवन कुमार शर्मा के माध्यम से फाइलें भेजनी होंगी। इससे जुलाई में हटाई गई निगरानी व्यवस्था फिर बहाल हो गई है।

भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने बुधवार को जारी नए आदेश में आईटी और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) विभाग की जिम्मेदारी सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर (DEC) पवन कुमार शर्मा को सौंपी है। आदेश के मुताबिक, सीमा खन्ना को संबंधित विभागों की फाइलें सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर के माध्यम से प्रस्तुत करनी होंगी। आयोग के इस कदम से आईटी विभाग पर वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी फिर से स्थापित हो गई है।

28 जुलाई के आदेश से शुरू हुआ था विवाद

दरअसल, 28 जुलाई को जारी कार्य आवंटन आदेश में IT और ICT विभाग को तत्कालीन डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संजय कुमार के प्रभार से हटाकर सीमा खन्ना को सौंप दिया गया था। इस व्यवस्था के तहत खन्ना सीधे चुनाव आयोग को रिपोर्ट करने वाली थीं, जबकि पहले उन्हें उप इलेक्शन कमिश्नर के माध्यम से फाइलें भेजनी होती थीं।

इस आदेश के बाद इलेक्शन कमिश्नर सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 29 जुलाई को कैबिनेट सचिव टी वी सोमनाथन को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी। दोनों इलेक्शन कमिश्नर का कहना था कि सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर मनीष गर्ग ने आयोग की मंजूरी के बिना यह आदेश जारी किया था।

चुनाव आयोग ने कहा- लागू ही नहीं हुआ था आदेश

हालांकि, चुनाव आयोग का कहना है कि 28 जुलाई के आदेश को कभी लागू ही नहीं किया गया। आयोग के मुताबिक, दोनों इलेक्शन कमिश्नर्स की आपत्ति के बाद रिपोर्टिंग व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ था। संजय कुमार के अगस्त में आयोग छोड़ने के बाद आईटी विभाग का प्रभार लिंक अधिकारी के तौर पर मनीष गर्ग के पास रहा और सीमा खन्ना उनके माध्यम से ही फाइलें प्रस्तुत करती रहीं।

गुरुवार को आयोग के एक सूत्र ने कहा कि कार्य आवंटन का आदेश आयोग के सर्वसम्मत फैसले के अनुसार है। सूत्र ने स्पष्ट किया, “डायरेक्टर जनरल (आईटी) की रिपोर्टिंग व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वह हमेशा से डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर लेवल के अधिकारी को रिपोर्ट करती रही हैं।”

सुप्रीम कोर्ट में भी उठा था मामला

इस पूरे विवाद का खुलासा 23 सितंबर को द इंडियन एक्सप्रेस की एक पड़ताल में हुआ था। रिपोर्ट में बताया गया था कि दोनों इलेक्शन कमिश्नर्स ने कार्य आवंटन आदेश को लेकर कैबिनेट सचिव को पत्र लिखा था। इसके बाद चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं भी दायर की गई थीं।

26 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जवाबी हलफनामे में चुनाव आयोग ने कहा था कि 28 जुलाई का आदेश अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारी मनीष गर्ग ने जारी किया था। आयोग ने हलफनामे में कहा, “30 जुलाई 2026 को दोनों इलेक्शन कमिश्नर्स के संयुक्त निर्देश के मद्देनजर 28 जुलाई 2026 के आदेश को कभी लागू नहीं किया गया।”

नए आदेश के साथ चुनाव आयोग ने IT और ICT विभाग की निगरानी व्यवस्था को औपचारिक रूप से स्पष्ट कर दिया है। सीमा खन्ना अब सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर पवन कुमार शर्मा के माध्यम से ही संबंधित विभागों की फाइलें प्रस्तुत करेंगी।

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में पंचायत और विधानसभा वोटर लिस्ट में 2.4 करोड़ मतदाताओं का अंतर, चुनाव आयोग ने दिया मिलान का निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को विधानसभा की मतदाता सूची का पंचायत और नगर निकायों की मतदाता सूची से मिलान करने का निर्देश दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।