लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को आकाशवाणी केंद्र परिसर धरना दिया। इसे लेकर अब चुनाव आयोग ने अपना जवाब दिया। चुनाव आयोग ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि आज शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोग से बैठक के लिए समय नहीं मांगा था।
हालांकि रात 8.00 बजे के करीब दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेसी नेताओं को आकाशवाणी केंद्र परिसर से हटा दिया है। राहुल गांधी और अन्य नेताओं को पुलिस किंग्सवे कैंप लेकर गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी- आयोग
चुनाव आयोग ने कहा, “हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला कि आज दिन में कुछ राजनीतिक दल निर्वाचन आयोग की ओर मार्च के दौरान कुछ सांसद अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोग से मिलना चाहते थे। इसके बाद शाम करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस से सूचना मिली की नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिलना चाहता है और ज्ञापन सौंपना चाहता है।”
‘प्रोटोकॉल के विपरीत था प्रस्ताव’
आगे कहा, “चुनाव आयोग आज शाम 4 बजे के बाद संसद सदस्यों के बैठक प्रस्ताव पर विचार कर रहा था कि दिल्ली पुलिस डीसीपी की से बताया गया कि बैठक में 240 सांसदों का एक समूह शामिल होना था और इसे संसद भवन एनेक्सी में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके बाद आयोग ने इस अनुरोध को असामान्य और अस्वीकार्य माना, क्योंकि स्थापित प्रोटोकॉल तय करता है कि ऐसी बैठकें भारत के चुनाव आयोग के परिसर के भीतर ही होंगी।”
सांसदों ने किया खारिज- चुनाव आयोग
आगे चुनाव आयोग ने बताया कि उन्होंने ज्ञापन लेने के लिए बैठक स्थल पर एक वरिष्ठ अधिकारी को भेजने को कहा, जिसे विपक्षी सांसदों ने मना कर दिया। आयोग ने कहा, “इसके बाद आयोग ने सांसदों से ज्ञापन प्राप्त करने के लिए अपने सबसे वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी को बैठक स्थल पर भेजने का प्रस्ताव भी रखा, जिसे सांसदों ने खारिज कर दिया।”
आयोग ने कहा, “कोई भी राजनीतिक दल किसी भी समय चुनाव आयोग से बैठक का अनुरोध कर सकता है; बदले में, आयोग सुविधा के आधार पर ऐसी बैठक के लिए तारीख और समय निर्धारित कर सकता है। यह एक मानक प्रक्रिया है।”
यह भी पढ़ें: ‘सब याद रखा जाएगा’, 9 घंटे बाद आकाशवाणी परिसर से हटाए गए राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेसी नेता, दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया
करीब 9 घंटे आकाशवाणी परिसर में बैठने के बाद राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ ही प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसे लेकर कांग्रेस ने एक-एक कर कई ट्वीट भी किए, जिसमें उन्होंने कहा कि सब याद रखा जाएगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
