चुनाव आयोग द्वारा लिए गए फैसलों में किए जा रहे बदलावों के क्रम में आयोग ने अब एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। निर्वाचन आयोग ने SIR से जुड़ी घोषणा को ऑनलाइन फॉर्म 6 से अलग कर दिया है। अब जिन राज्यों में SIR की प्रक्रिया जारी है, वहां भी नए मतदाताओं को ECINet पोर्टल पर फॉर्म 6 और SIR घोषणा अलग-अलग भरनी होगी। इससे पहले SIR से जुड़ी घोषणा फॉर्म 6 के भीतर ही शामिल थी और आवेदक के लिए उसका जवाब देना जरूरी था।

यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब पिछले 10 महीनों में 14 अलग-अलग नोट्स के माध्यम से दोनों निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने फॉर्म 6 में SIR से जुड़े जिन फैसलों पर आपत्ति जताई थी, आयोग ने अब तक उनमें से लगभग सभी फैसलों को वापस ले लिया है या उनमें बदलाव कर दिया है।

इसका मतलब यह है कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ऑनलाइन आवेदन फॉर्म-6 में सेक्शन J और K के बीच जोड़ी गई घोषणा (Declaration) को अब हटा दिया गया है। इस घोषणा के तहत आवेदकों को निम्नलिखित तीन विकल्पों में से किसी एक को चुनना अनिवार्य था- क्या उनका अपना नाम 2000 के दशक की शुरुआत में हुए पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जारी मतदाता सूची में दर्ज था? क्या उनके माता-पिता या दादा-दादी में से किसी का नाम उस समय की मतदाता सूची में दर्ज था? क्या न तो उनका अपना नाम और न ही उनके माता-पिता का नाम उस मतदाता सूची में दर्ज था? अब इस घोषणा को फॉर्म-6 से हटा दिए जाने का अर्थ है कि नए मतदाताओं को ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान इन तीन विकल्पों में से किसी एक को चुनना अनिवार्य नहीं होगा।

विवेक जोशी ने 16 मई को अपनी टिप्पणी में लिखा था कि फॉर्म में इस तरह का कोई भी बदलाव कानूनी संशोधन किए बिना नहीं किया जा सकता। वहीं, सुखबीर सिंह संधू ने 13 अगस्त को इस घोषणा को “अनधिकृत/अवैध” करार दिया था। हालांकि, अब इस घोषणा को फॉर्म-6 से हटा दिया गया है, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त नहीं किया गया है। यह घोषणा अब निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर एक अलग फॉर्म के रूप में उपलब्ध है।

यह घटनाक्रम तब सामने आया है, जब आयोग ने 26 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने जवाबी हलफनामे में बताया था कि उसके मतदाता सूची (Electoral Roll-ER) प्रभाग ने 21 अक्टूबर को ही दोनों प्रक्रियाओं को अलग-अलग करने का निर्णय ले लिया था।

हलफनामे में कहा गया है कि SIR से संबंधित घोषणा को पहले फॉर्म-6 में इसलिए शामिल किया गया था, ताकि आवेदन करने वाले व्यक्ति को दो अलग-अलग OTP और दो ई-सिग्नेचर की जगह केवल एक OTP और एक ई-सिग्नेचर देना पड़े। आयोग ने आगे कहा कि यह कदम एक “नेकनीयती से लिया गया उद्देश्य” (Bonafide Objective) था, लेकिन इस पर विचार-विमर्श हुआ और कई सुझाव भी सामने आए।

हलफनामे में कहा गया है, “21 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची प्रभाग द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, जिस तरह फॉर्म-6 को कागजी प्रारूप में जमा करते समय आवेदन और SIR घोषणा अलग-अलग होती हैं, उसी तरह अब ऑनलाइन आवेदन भी दो अलग-अलग हिस्सों में होगा। पहला, नियमों के अनुसार निर्धारित फॉर्म-6 और दूसरा, SIR घोषणा-पत्र (SIR Declaration)।”

छह सप्ताह के भीतर फॉर्म-6 को लेकर निर्वाचन आयोग ने यह तीसरा अलग रुख अपनाया है। इसके साथ ही आयोग ने अपने पहले के फैसले को पूरी तरह पलट दिया है।

23 सितंबर को द इंडियन एक्सप्रेस ने खबर प्रकाशित कि थी कि चुनाव आयुक्त संधू और जोशी ने इस बदलाव पर आपत्ति जताई थी। उनका तर्क था कि फॉर्म 6, मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित है और इसमें संशोधन करने का अधिकार केवल केंद्र सरकार को है।

जोशी ने 16 मई को इस आपत्ति को आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज कराया था। संधू ने 19 मई को उनकी बात से सहमति जताई थी। इसके बावजूद जुलाई में ऑनलाइन फॉर्म में यह सवाल शामिल कर दिया गया। इस अखबार ने सबसे पहले 12 जुलाई को इसकी खबर प्रकाशित की थी।

13 अगस्त को संधू ने इस बदलाव को “अनधिकृत/अवैध” (unauthorised/illegal) बताते हुए कहा कि इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए। लेकिन जांच रिपोर्ट प्रकाशित होने के समय तक भी यह सवाल ऑनलाइन फॉर्म में मौजूद था।

चुनाव आयोग का पहला जवाब उसी दिन जारी एक प्रेस नोट के माध्यम से आया, जिसमें फॉर्म 6 का कहीं भी उल्लेख नहीं किया गया था।

आयोग ने कहा कि निर्वाचन आयोग (ECI) की सभी कार्रवाइयां कानूनों और आयोग के निर्देशों के अनुरूप रही हैं। उसने आयुक्तों द्वारा दर्ज की गई टिप्पणियों को मसौदा तैयार करने के चरणों के दौरान आयोग के सदस्यों द्वारा उठाए गए संचालन संबंधी सवाल या दिए गए सुझाव बताया। आयोग ने यह भी दावा किया कि पिछले एक वर्ष में लिए गए प्रत्येक निर्णय का आधार पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत फैसले थे।

तीन दिन बाद, 26 सितंबर को पूर्ण निर्वाचन आयोग की बैठक हुई और उसने दूसरा स्पष्टीकरण जारी किया।

फॉर्म 6 के संबंध में आयोग ने दो बातें कहीं, “SIR के लिए फॉर्म 6 के साथ संलग्न घोषणा को माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने बरकरार रखा है। गैर-एसआईआर अवधि के लिए नियमों (मतदाता पंजीकरण नियम, 1960) के अनुसार लागू फॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका अर्थ था कि ऑनलाइन फॉर्म 6 में शामिल घोषणा केवल एसआईआर की अवधि तक सीमित रहेगी।

इस तरह, जहां-जहां विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया अभी जारी थी, वहां यह घोषणा ऑनलाइन फॉर्म में बनी रहती। उदाहरण के तौर पर दिल्ली और महाराष्ट्र में इसे लागू रखा जाता।

इस फैसले को लागू किया गया और जिन राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, वहां ऑनलाइन फॉर्म 6 से यह घोषणा हटा दी गई। हालांकि, जिन राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया अभी जारी थी, वहां यह घोषणा फॉर्म के सेक्शन J और K के बीच बनी रही।

12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसने संशोधित फॉर्म 6 को न तो मंजूरी दी थी और न ही उसे खारिज किया था। इसके बाद, 21 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के ईआर (ER) डिवीजन ने फैसला किया कि इस घोषणा को हर जगह फॉर्म 6 के वेबपेज से हटाकर एक अलग दस्तावेज के रूप में रखा जाएगा। अब ECINet पोर्टल पर फॉर्म इसी बदलाव के अनुसार उपलब्ध है।

हलफनामे में अब भी यही दावा किया गया है कि फॉर्म 6 में कभी कोई संशोधन नहीं किया गया। इसमें कहा गया है, “इस दलील में कोई दम नहीं है कि आयोग ने एसआईआर संबंधी आदेशों के माध्यम से फॉर्म 6 में संशोधन किया है।”

हालांकि, हलफनामे में यह स्वीकार किया गया है कि, “आईटी प्लेटफॉर्म पर फॉर्म 6 और घोषणा-पत्र को किस तरह प्रदर्शित किया जा रहा था, इसकी समीक्षा के दौरान कुछ चिंताएं सामने आईं। इसका कारण यह था कि ऑनलाइन प्रणाली में घोषणा-पत्र को जिस तरीके से प्रस्तुत किया गया था, उससे ऐसा समझा जा सकता था मानो फॉर्म 6 में संशोधन कर दिया गया हो। जैसा कि पहले भी कहा गया है, फॉर्म 6 में संशोधन केवल केंद्र सरकार ही कर सकती है।”

फॉर्म 6 के भीतर ही घोषणा-पत्र को शामिल करने के पीछे आयोग ने जो कारण बताया, वह आवेदक को एक अतिरिक्त OTP (वन-टाइम पासवर्ड) से बचाना था।

आयोग के अनुसार, यदि दोनों दस्तावेज अलग-अलग होते, तो आवेदक को दो अलग-अलग OTP और दो ई-सिग्नेचर करने पड़ते। जबकि, दोनों को एक ही पेज पर रखने से केवल एक OTP और एक ई-सिग्नेचर की जरूरत पड़ती थी।

जांच में क्या सामने आया

द इंडियन एक्सप्रेस ने 23 सितंबर को अपनी रिपोर्ट में बताया कि चुनाव आयुक्त संधू और जोशी ने 10 महीनों के दौरान कम-से-कम 14 बार उन फैसलों पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी, जो उनके संज्ञान में लाए बिना निर्वाचन आयोग के नाम पर लिए गए थे।

उनकी टिप्पणियां निर्वाचन आयोग के कामकाज के कुछ बेहद महत्वपूर्ण पहलुओं से जुड़ी थीं। इनमें शामिल थे। किस व्यक्ति का नाम मतदाता के रूप में पंजीकृत किया जाए। किसका नाम मतदाता सूची से हटाया जाए और किसका नाम दोबारा जोड़ा जाए। मतदाता सूची में नाम बहाल किए जाने के खिलाफ अपील कौन कर सकता है। उस सॉफ्टवेयर का नियंत्रण किसके पास हो, जिस पर अब मतदाता सूची का रखरखाव किया जाता है।

एक अन्य आपत्ति निर्वाचन आयोग के अपने आंतरिक कामकाज से संबंधित थी। इसमें 28 जुलाई के एक प्रशासनिक आदेश का मुद्दा उठाया गया था। इस आदेश के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों के बीच काम का बंटवारा बदल दिया गया था। इसमें आईटी से जुड़ी फाइलें भी शामिल थीं। यह बदलाव दोनों चुनाव आयुक्तों से परामर्श किए बिना किया गया था।

संधू और जोशी, दोनों ने अलग-अलग कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। अगले ही दिन दोनों ने संयुक्त रूप से उस प्रशासनिक आदेश को निरस्त कर दिया। इन 14 टिप्पणियों में से पांच की प्रतिलिपि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी भेजी गई थी। हालांकि, रिकॉर्ड में उनकी ओर से कोई जवाब दर्ज नहीं है।

मई से अगस्त के बीच पूर्ण निर्वाचन आयोग की एक भी बैठक नहीं हुई। 23 सितंबर को आयोग ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि ये टिप्पणियां केवल “सुझाव” और “इनपुट” थीं, जो सामान्य विचार-विमर्श की प्रक्रिया का हिस्सा हैं। आयोग ने यह भी दावा किया कि पिछले एक वर्ष के महत्वपूर्ण फैसलों को पूर्ण आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी प्राप्त थी।

पिछले पांच हफ्तों के दौरान निर्वाचन आयोग ने उन लगभग सभी मुद्दों पर कदम उठाए हैं, जिन्हें दोनों चुनाव आयुक्तों ने अपनी टिप्पणियों में उठाया था।

बैठकें: अब आयोग की प्रत्येक बैठक से पहले उसका एजेंडा सभी सदस्यों को भेजा जाएगा और बैठक के बाद कार्यवाही का विवरण जारी किया जाएगा। दोनों चुनाव आयुक्तों ने अपनी टिप्पणियों में दर्ज किया था कि न तो बैठक से पहले एजेंडा साझा किया जा रहा था और न ही बाद में कार्यवाही का विवरण जारी किया जा रहा था।

विदेश यात्राएं: अब अधिकारियों की विदेश यात्राओं के लिए निर्वाचन आयोग की मंजूरी अनिवार्य होगी। दोनों आयुक्तों ने इस बात पर आपत्ति जताई थी कि अधिकारी आयोग की अनुमति के बिना विदेश यात्राएं कर रहे थे।

नई आईटी प्रणालियां: डीजी आईटी सीमा खन्ना के अधीन विकसित किए जाने वाले नए आईटी मॉड्यूल और पोर्टल पहले अधिकारियों की एक समिति के पास जाएंगे और उसके बाद मंजूरी के लिए पूर्ण निर्वाचन आयोग के सामने रखे जाएंगे। दोनों आयुक्तों ने पहले दर्ज किया था कि आयोग की जानकारी के बिना नए आईटी मॉड्यूल विकसित किए जा रहे थे।

ECINet का ऑडिट: 14 अक्टूबर को एक सर्कुलर के जरिए ECINet की लागू कानूनों और नियमों के अनुपालन की जांच के लिए एक समिति गठित की गई। इस समिति की अध्यक्षता एक वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त कर रहे हैं। इसमें एक अन्य वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त, एक उप निर्वाचन आयुक्त, एक निदेशक, चार मुख्य निर्वाचन अधिकारी और दो स्वतंत्र विशेषज्ञ शामिल हैं। ये विशेषज्ञ IIT बॉम्बे और IISc बेंगलुरु से हैं।

जोशी ने 29 मई को ही ECINet के ऑडिट की मांग की थी। उन्होंने उस समय हो रही गतिविधियों को मतदाता सूची के डेटाबेस के धीरे-धीरे केंद्रीकरण की प्रक्रिया बताया था। संधू ने 13 जुलाई को इस प्रस्ताव का समर्थन किया था। इसके बाद 14 अगस्त को उन्होंने अपनी टिप्पणी में दर्ज किया कि इस प्रस्ताव पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ECINet सॉफ्टवेयर के जरिए फील्ड अधिकारियों की शक्तियों में कटौती: निर्वाचन आयोग ने अब सॉफ्टवेयर में बदलाव करके फील्ड पर पर काम करने वाले अधिकारियों को पहले की तुलना में कहीं अधिक विवेकाधिकार दिए हैं।

उदाहरण के तौर पर, महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम ने 24 सितंबर के एक पत्र में ECINet में चार बदलाव करने का अनुरोध किया था। आयोग ने ये चारों बदलाव लागू कर दिए हैं।

व्यक्तिगत सुनवाई: मैपिंग में विफलता या तार्किक विसंगतियों के कारण नोटिस पाने वाले मतदाताओं की व्यक्तिगत सुनवाई अब अपवादस्वरूप ही होगी। इसके बजाय बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उनके घर जाकर दस्तावेज एकत्र करेंगे।

दस्तावेज जमा करने की छूट: मतदाता अब पहले से सूचीबद्ध 13 श्रेणियों के अलावा अन्य दस्तावेज भी जमा कर सकते हैं।

ERO को निर्णय लेने का अधिकार: अब निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) तार्किक विसंगतियों से जुड़े मामलों पर स्वयं फैसला कर सकते हैं। ऐसे मामलों को जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) के पास भेजना अनिवार्य नहीं होगा।

पुराने SIR रिकॉर्ड की अनिवार्यता खत्म: पिछले SIR की मतदाता सूची के अंश को अपलोड करने की अनिवार्यता हटा दी गई है।

संधू ने 14 अगस्त को अपनी टिप्पणी में लिखा था, “निर्वाचक नामावली से संबंधित सभी जिम्मेदारियां ERO, DEO और CEO की हैं।”

लेकिन उन्होंने यह भी कहा था किएक्सेस कंट्रोल का केंद्रीकरण DG (IT) द्वारा कर दिया गया है। उन्होंने आगे लिखा था कि DG (IT) के पास कानून के तहत वैधानिक अधिकारियों को उनके अधिकारों के अनुसार उचित और पूर्ण पहुंच तथा स्वतंत्र रूप से काम करने की सुविधा सीमित करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है।

गोवा के 97 मतदाता: जांच में सामने आया था कि ECINet सॉफ्टवेयर ने जमीनी स्तर पर काम करने वाले चुनाव अधिकारियों को अंतिम मतदाता सूची में 97 मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल करने की अनुमति नहीं दी थी, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) का कार्यालय इस संबंध में कई पत्र लिख चुका था।

इन 97 मतदाताओं के नाम मसौदा मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। इसके बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा किए और गोवा के अपने EROs ने उनके दस्तावेजों को सही पाते हुए नाम बहाल करने की मंजूरी भी दे दी। लेकिन इसके बाद अधिकारियों को पता चला कि ECINet सॉफ्टवेयर में नाम हटाने की इस कार्रवाई को पलटने का कोई विकल्प ही मौजूद नहीं था।

CEO कार्यालय ने केवल सात दिनों के भीतर दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग को आठ बार पत्र लिखा। इन सभी पत्रों की प्रतिलिपि DG (IT) सीमा खन्ना को भी भेजी गई थी। इसके बावजूद अंतिम मतदाता सूची इन 97 मतदाताओं के नामों के बिना ही प्रकाशित कर दी गई।

अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी को इन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

हलफनामे के अनुसार, 88 मतदाताओं ने फॉर्म 6 भर दिया है और उनके आवेदन स्वीकार कर लिए गए हैं। 6 मतदाता देश से बाहर हैं। 3 मतदाताओं के पास पुर्तगाली पासपोर्ट हैं।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के दो नए अभियान: इन कदमों के साथ-साथ निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए दो नए अभियान भी शुरू करने का निर्देश दिया है। 29 सितंबर को आयोग ने उन राज्यों को, जहां SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, एक “विशेष अभियान (Special Drive)” चलाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य उन मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनके नाम किसी कारणवश सूची में छूट गए थे।

इसी महीने आयोग ने 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision) कराने का आदेश दिया। इसका मुख्य उद्देश्य उन लोगों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जो वर्ष 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं। इस प्रक्रिया के दौरान फॉर्म 6 भरने वाले किसी भी व्यक्ति को SIR से संबंधित घोषणा-पत्र भरने की जरूरत नहीं होगी।

पश्चिम बंगाल: चुनाव आयुक्त संधू ने 12 अगस्त को अपने अधिकारियों के सामने पांच सवाल रखे थे। ये सवाल उन लाखों अपीलों से संबंधित थे, जो न्यायिक अधिकारियों द्वारा मतदाताओं के नाम शामिल करने का आदेश दिए जाने के खिलाफ दायर की गई थीं।

उन्होंने निम्नलिखित जानकारियां मांगी थीं-कुल कितनी अपीलें दायर की गई हैं? इन अपीलों का श्रेणीवार विवरण क्या है? क्या ये अपीलें निर्वाचन आयोग (ECI) ने दायर की हैं? अपील दायर करने के लिए किसे और किसके द्वारा अधिकृत किया गया था? वास्तव में ये अपीलें किसने दायर की हैं?

संधू ने अपनी टिप्पणी में दर्ज किया कि जब उन्होंने राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) से यह जानकारी मांगी, तो उन्होंने कहा कि इस मामले के विस्तृत तथ्यों की जानकारी उनके पास उपलब्ध नहीं है।

हलफनामे में आयोग का जवाब क्या है?

हलफनामे के अनुसार, न्यायाधिकरणों (Tribunals) के समक्ष अपील दायर करने के लिए निर्वाचन आयोग के भीतर किसी से अलग से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं थी, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट पहले ही कह चुका था कि ECI के अधिकारी ऐसी अपीलें दायर कर सकते हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने दो आदेशों में स्पष्ट किया था कि SIR के दौरान न्यायिक अधिकारी के फैसले के खिलाफ कौन अपील कर सकता है- वे मतदाता, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। निर्वाचन आयोग के वे अधिकारी, जिन्हें किसी मतदाता का नाम दोबारा शामिल किए जाने पर आपत्ति थी। इस तरह आयोग अपने फैसले या आंतरिक अनुमति प्रक्रिया का हवाला देने के बजाय सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को आधार बना रहा है।

हलफनामे में आगे कहा गया है कि पश्चिम बंगाल के CEO कार्यालय की ओर से 22 अक्टूबर को भेजे गए एक पत्र में बताया गया था कि ये अपीलें, “पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (RP Act) के तहत प्राधिकृत अधिकारियों के रूप में दायर की गई थीं।”

पत्र में यह भी कहा गया है कि इन मामलों को निर्वाचन आयोग के संज्ञान में नहीं लाया गया था। हालांकि, हलफनामे में दायर की गई ऐसी अपीलों की कुल संख्या का खुलासा नहीं किया गया है।

यह जवाब संधू द्वारा जानकारी मांगे जाने के दस सप्ताह बाद आया। हलफनामा दाखिल होने से केवल चार दिन पहले यह जवाब भेजा गया था। खास बात यह है कि जवाब उसी कार्यालय से आया था, जिसकी प्रमुख ने पहले संधू को बताया था कि उनके पास इस मामले का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध नहीं है। इन अपीलों को अब तक वापस नहीं लिया गया है।

हलफनामे में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिन मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल किए जाने के खिलाफ अपीलें दायर की गई थीं, उनके नाम मतदाता सूची में मौजूद हैं और उन्होंने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में मतदान भी किया है।

अदालत में निर्वाचन आयोग का रुख

इस पूरे मामले में अदालत के सामने निर्वाचन आयोग का रुख यही रहा है कि उससे कोई गलत निर्णय नहीं लिया गया। हलफनामे में तीन महत्वपूर्ण बातें कही गई हैं कि इसे (हलफनामे) दाखिल करने की मंजूरी आयोग के तीनों सदस्यों के “सर्वसम्मत निर्णय” से दी गई थी किसी चुनाव आयुक्त की व्यक्तिगत टिप्पणी, “धारा 18 के तहत निर्वाचन आयोग का निर्णय नहीं मानी जा सकती।” आयोग के अनुसार, समस्या आयोग के फैसलों में नहीं, बल्कि उन अधिकारियों द्वारा उठाए गए कुछ कदमों में थी, जिन्हें विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। आयोग का कहना है कि इन कदमों में सुधार किए जाने की जरूरत थी।

SIR में वोटर लिस्ट से नाम कटने वालों को राहत: फॉर्म-6 भरकर फिर जुड़वा सकते हैं नाम- चुनाव आयोग

चुनाव आयोग ने मंगलवार को कहा कि SIR के दौरान जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कट गए हैं, वे अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके लिए वे चुनाव आयोग के नियमों के तहत आवेदन कर सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर।