Election Commission of India (ECI) Result 2026: पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और असम विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं। असम और बंगाल में बीजेपी की सरकार बन रही है तो वहीं पुडुचेरी में भी एनडीए के आने की संभावना है। वहीं केरल में यूडीएफ सरकार की वापसी हो रही है। जबकि तमिलनाडु में अभिनेता विजय अहम प्लेयर बनकर उभरे हैं।
बंगाल
चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार भाजपा 199, टीएमसी 88 और बीजीपीएम 1 सीट पर आगे चल रही है। बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती हो रही है।
तमिलनाडु
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती हो रही है। AIADMK 44, टीवीके 109, डीएमके 60, कांग्रेस 5 और पीएमके 1 और बीजेपी 3 सीट पर आगे चल रही है।
पुडुचेरी
पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती हो रही है। पुडुचेरी में एआईएनआरसी 11, बीजेपी 4, कांग्रेस 2, एआईएडीएमके 1, डीएमके 1 और निर्दलीय एक सीट पर आगे चल रहे हैं।
केरलम
केरलम की सभी 140 सीटों पर वोटों की गिनती हो रही है। चुनाव आयोग के अनुसार कांग्रेस 63, सीपीएम 26, मुस्लिम लीग 22, सीपीआई 8 सीटों पर आगे चल रही है।
असम
असम की 126 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। बीजेपी 82, कांग्रेस 20, एजीपी 9 सीटों पर आगे चल रही है।
सबसे सटीक नतीजे जानने के लिए जनसत्ता. कॉम के साथ बने रहिए। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार जो नतीजे आएंगे उसे हम इस लाइव ब्लॉग में अपडेट करेंगे।
ECI Results LIVE: भाजपा के सुवेंदु अधिकारी 1558 वोट से आगे
भवानीपुर से ममता बनर्जी 1558 वोट से पीछे चल रही हैं। दूसरे राउंड की गिनती के बाद भाजपा के सुवेंदु अधिकारी को 6380 जबकि टीएमसी की ममता बनर्जी को 4822 वोट मिले हैं।
ECI Results LIVE: मुसलमानों ने इस बार पहले की तरह टीएमसी को वोट नहीं दिया- सुवेंदु
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और भवानीपुर से विपक्ष के सांसद और भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि हिंदू वोटों का एकीकरण हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि मुसलमानों ने इस बार पहले की तरह टीएमसी को वोट नहीं दिया है।
ECI Results LIVE: शशि थरूर का बयान
केरल कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "मुझे लगता है कि अभी हमारे पास पर्याप्त दावेदार हैं। अब जो मायने रखता है वह है सरकार परिवर्तन, नीति परिवर्तन और केरल का पुनरुद्धार। मुझे उम्मीद है कि मेरे विचार भी नई सरकार के लिए उपयोगी साबित होंगे, लेकिन मेरा संदेश निश्चित रूप से विकास, विकट वित्तीय स्थिति को पूरी तरह से सुधारने, केरल को एक बार फिर निवेश का केंद्र बनाने के लिए आवश्यक कार्य करने का होगा, ताकि हम विकास कर सकें और रोजगार सृजित कर सकें।"
पश्चिम बंगाल चुनाव में टीवीके दो सीटों पर आगे चल रही है। ये TIRUCHIRAPPALLI (WEST) और SRIVAIKUNTAM सीट हैं।
ECI Results LIVE: असम में बीजेपी TINGKHONG पर आगे
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर असम को लेकर पहला रुझान आ गया है। यहां बीजेपी TINGKHONG सीट पर आगे चल रही है। TINGKHONG सीट पर बीजेपी के BIMAL BORAH को 6595 वोट मिले हैं। वह 4185 वोटों से आगे चल रहे हैं।
ECI Result 2026 LIVE: कुछ देर में चुनाव आयोग की वेबसाइट पर आएगा पहला रुझान
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर पहला रुझान आएगा। मीडिया रिपोर्ट्स में बीजेपी इस समय 70 सीटों पर आगे चल रही है।
ECI Result 2026 LIVE: डीएमके सरकार बनाएगी- डीएमके प्रवक्ता
तमिलनाडु में मतगणना के बाद डीएमके प्रवक्ता टी.के.एस. एलंगोवन ने कहा, "डीएमके सरकार बनाएगी। हमें 40% से अधिक वोट मिलेंगे। हमें पूर्ण बहुमत प्राप्त होगा। डीएमके को अकेले लगभग 130-140 सीटें मिलेंगी। हम सरकार बनाएंगे।"
हमें 168 से 174 सीटें मिलेंगी- भाजपा उम्मीदवार तापस रॉय
मानिकतला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार तापस रॉय ने कहा, "मेरे अनुमान के अनुसार हमें 168 से 174 सीटें मिलेंगी। टीएमसी को यह बात पसंद नहीं आ रही है कि इस चुनाव में कोई खून-खराबा नहीं हुआ, कोई शव नहीं मिला, कोई खून नहीं बहा।"
कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर का बयान
मतगणना की तैयारियों के संबंध में कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर आशीष बिस्वास ने कहा, "चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार हमने तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। हमने अतिरिक्त बल भी आरक्षित रखा है। जरूरत पड़ने पर हम उनका इस्तेमाल करेंगे।"
सनातन धर्म के हितों की रक्षा करने वाली सरकार आ रही- सुवेंदु
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "मैंने लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। ईश्वर हमारे साथ हैं। सनातन धर्म के हितों की रक्षा करने वाली सरकार आ रही है।"
ECI Result 2026 LIVE: टीएमसी और भाजपा के मतगणना एजेंटों के बीच कहासुनी
भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित मतगणना केंद्र के बाहर टीएमसी और भाजपा के मतगणना एजेंटों के बीच कहासुनी हो गई। भाजपा के एक मतगणना प्रतिनिधि ने कहा, "इनके पास पहचान पत्र नहीं हैं। हमारे पास पहचान पत्र हैं। ये लोग बेवजह हंगामा कर रहे हैं। भाजपा पश्चिम बंगाल और यहां तक कि भवानीपुर में भी बहुमत से जीत रही है।"
ECI Result 2026 LIVE: पांच राज्यों के नतीजें आज
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और असम विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आएंगे। थोड़ी ही देर में वोटों की गिनती शुरू होगी।
