दिल्ली समेत 6 राज्यों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की तारीख बढ़ा दी गई है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को दिल्ली, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा और नागालैंड में दावे और आपत्तियां दाखिल करने और अंतिम एसआईआर रोल के पब्लिश होने की डेडलाइन बढ़ा दी है। समयसीमा में यह संशोधन संबंधित राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) के अनुरोध के बाद किया गया है।

चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेश दिल्ली को समयसीमा बढ़ाने के संबंध में अलग-अलग पत्र भेजे हैं। महाराष्ट्र में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर से बढ़ाकर 13 नवंबर कर दी गई है। दावों और आपत्ति का निस्तारण अब 25 नवंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा।

31 अगस्त को जारी की गई थी ड्राफ्ट मतदाता सूची

ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 अगस्त को जारी की गई थी और दावों के निस्तारण की अंतिम तिथि पहले 10 नवंबर तय की गई थी। दिल्ली में अब दावे और आपत्तियां 30 अक्टूबर के बजाय 25 नवंबर तक दाखिल की जा सकेंगी। दावों के निस्तारण की तिथि 30 नवंबर से बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दी गई है और अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने की थी सख्त टिप्पणी

दिल्ली में SIR को लेकर 28 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई थी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की थी। दरअसल दिल्ली में SIR प्रक्रिया के दौरान करीब 47 लाख 50 हजार नाम हटाए गए हैं। इसमें से 43 लाख लोगों को शिफ्टेड यानी दिल्ली में ही किसी दूसरी जगह रहने वाला दिखाया गया है। सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पूछा इनमें से कितने लोगों की मौत हो चुकी है और कितने वास्तव में दूसरी जगह चले गए हैं, इनका सटीक डेटा कहां है?

मुख्य न्यायधीश जस्टिस सूर्यकांत की बेंच सुनवाई कर रही थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में फिलहाल कोई चुनाव नजदीक नहीं है, ऐसे में किसी सख्त समयसीमा से बंधे बिना प्रक्रिया जारी रखी जाए। इससे साफ हो गया था कि दिल्ली में SIR की तारीख बढ़ सकती है।

फॉर्म 6 भरने के लिए मजबूर ना किया जाए- कोर्ट

अदालत ने कहा कि जिन लोगों के पते बदले गए हैं, या जो गणना फॉर्म नहीं भर पाए हैं उन्हें पूर्ण विवरण देकर फॉर्म 8 या गणना फॉर्म भरने की अनुमति दी जाए। कोर्ट ने कहा कि किसी को फॉर्म 6 भरने के लिए मजबूर ना किया जाए। इसके साथ ही कोर्ट ने आयोग से अखबार और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए नोटिस जारी करने को भी कहा था, ताकि लोगों को पता चले कि यह प्रक्रिया भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक सीईओ कार्यालय ने जारी की फाइनल वोटर लिस्ट, SIR में कटे करीब एक करोड़ नाम

कर्नाटक की अंतिम मतदाता सूची मंगलवार को जारी कर दी गई है, यह सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की संख्या में लगभग एक करोड़ की कमी दर्ज की गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।