दस राज्यों में राज्यसभा की 37 सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को होंगे। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को यह जानकारी दी। ये सीट महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार में अप्रैल में अलग-अलग तिथियों में खाली हो रहीं हैं। आयोग से जारी चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नोटिफिकेशन की तिथि 26 फरवरी 2026 है। मतदान 16 मार्च 2026 को होगा। मतों की गिनती भी उसी दिन शाम पांच बजे से कराई जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए मतपत्रों पर केवल वायलेट कलर के स्केच पेन का प्रयोग किया जाएगा। इसे रिटर्निंग ऑफिसर देंगे। चुनाव की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।
शरद पवार और रामदास अठावले भी हो रहे हैं रिटायर
अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों की सूची में महाराष्ट्र से डॉ. भागवत किशनराव कराड, खान फौजिया तहसीन अहमद, प्रियंका विक्रम चतुर्वेदी, शरदचंद्र गोविंदराव पवार, धैर्यशिल मोहन पाटिल, राजनी अशोकराव पाटिल और रामदास अठावले शामिल हैं। ओडिशा से ममता मोहंता, मुजिबुल्ला खान, सुजीत कुमार, निरंजन बिशी भी इस बार सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
तमिलनाडु के एन.आर. एलांगो, पी. सेल्वारसु, एम. थांबिदुरई, तिरुची शिवा, डॉ. कनिमोझि एन.वी.एन. सोमू और जी.के. वासन तथा पश्चिम बंगाल के साकेत गोखले, रीतब्रता बनर्जी, बिकाश रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर और सुब्रत बक्षी अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
असम से रामेश्वर तेली, भुबनेश्वर कलिता, अजित कुमार भुयान, बिहार से अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और हरिबंश नारायण सिंह, छत्तीसगढ़ से कवि तेजपाल सिंह तुलसी, फूलो देवी नेताम, हरियाणा से किरण चौधरी और राम चंदर जांगड़ा, हिमाचल प्रदेश से इंदु बाला गोस्वामी भी इसी तिथि को सेवानिवृत्त होंगे।
तेलंगाना के डॉ. अभिषेक मनु सिंहवी तथा के.आर. सुरेश रेड्डी भी अप्रैल 2026 में परिषद के सदस्य पद से सेवानिवृत्त होंगे। सभी सदस्यों की सेवानिवृत्ति की तिथि 2 अप्रैल या 9 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें- पांच राज्यों में अप्रैल में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव, मार्च के मध्य में घोषित होंगी तिथियां
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में अप्रैल में अलग-अलग तारीखों पर विधानसभा चुनाव हो सकते हैं, जिससे संबंधित कार्यक्रम मार्च के मध्य में घोषित किए जाने की संभावना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन आयोग विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा मार्च के मध्य में किसी समय एक साथ करेगा और चुनाव अप्रैल में अलग-अलग तारीखों पर हो सकते हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
