उत्तर प्रदेश के रामपुर जिला जेल से समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम जिला जेल से रिहा हो गए। लेकिन मामले में ट्विस्ट तब आया जब जेल से रिहा होते ही आजम को ED की एक टीम ने हिरासत में ले लिया। खबर है कि ईडी के पास दर्ज एक मामले में उन्हें हिरासत में लिया गया है।

ईडी की टीम को उन्हें साथ ले जाते देखकर सपा नेता के समर्थकों जमकर नारेबाजी की। बताया जा रहा कि शनिवार सुबह से ही आजम खान और अब्दुल्ला आजम की रिहाई को लेकर रामपुर जेल में गहमागहमी बनी हुई थी। दोनों की रिहाई की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक जेल के बाहर आ गए थे।

हाईकोर्ट ने दी थी जमानत

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान और उनके बेटे, पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान को राहत दी थी। इसके बाद जैसे ही वे जेल से बाहर आए उन्हें ईडी ने हिरासत में ले लिया और उन्हें अपने साथ ले गए। वहीं अब्दुल्ला रिहा होकर अपने घर के लिए रवाना हो गए।

भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने भारी जवान जेल के बाहर तैनात कर रखे थे। साथ ही आसपास की सुरक्षा भी कड़ी कर रखी थी।

परवाने किए थे जारी

आजम और उनके बेटे अब्दुल्ला को दो पैनकार्ड रखने के मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने दोनों के परवाने जारी कर दिए थे। इसके बाद जमानत की शर्तों पूरी करने के बाद जेल प्रशासन को परवाने दिए गए थे। इसके बाद से उनके करीबी और समर्थक रिहाई का इंतजार कर रहे थे।

कोर्ट ने इससे पहले उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने, सजा निलंबित करने और अंतरिम जमानत देने की याचिकाओं पर सुनवाई के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था।

ईडी की टीम साथ हुई रवाना

रिहाई की खबर के बीच ईडी की एक टीम रामपुर जेल पहुंच गई थी। इसके बाद जेल से बाहर आते ही टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया और अपने साथ लेकर रवाना हो गई। इसके बाद वहां मौजूद समर्थकों ने ईडी की कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दूसरी ओर अब्दुल्ला आजम अपने घर के लिए रवाना हो गए।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि ED ने शनिवार को रामपुर जेल के बाहर से सपा नेता आजम खान को हिरासत में ले लिया। यह घटना तब हुई जब वे कथित पैन (PAN) धोखाधड़ी के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आ रहे थे।

उन्होंने आगे बताया कि 78 वर्षीय सपा नेता को जल्द ही ‘प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की एक विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी उनकी रिमांड की मांग करेगी।

मैं इस सच को साबित नहीं कर सका क्योंकि मेरा नाम अब्दुल्ला है- आजम के बेटे

इधर आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान ने कहा, “मैं कितना बदनसीब हूँ कि मेरे पास अपने जन्म के वीडियो सबूत, अस्पताल के रिकॉर्ड और मेरी माँ की मैटरनिटी लीव (प्रसूति अवकाश) के दस्तावेज होने के बावजूद, मुझे पिछले सात सालों से सजा भुगतनी पड़ रही है। और यह सजा सिर्फ इस आरोप पर मिल रही है कि मैंने जन्म की एक गलत तारीख को ठीक किया था। यह मेरी बदकिस्मती है कि मैं इस सच को साबित नहीं कर सका, सिर्फ इसलिए क्योंकि मेरा नाम अब्दुल्ला है।”

आगे कहा, “अगर मेरा नाम अब्दुल्ला न होता, तो शायद मैं इस सच को साबित कर पाता। जैसा कि मैंने कहा, हमारे पास कोई अधिकार नहीं हैं… आजम साहब दस बार विधायक और दो बार सांसद रहे हैं। उनकी बस एक ही गलती थी कि उन्होंने रामपुर में बच्चों की शिक्षा का इंतजाम किया एक ऐसी जगह जहाँ कभी साक्षरता दर सिर्फ 22 प्रतिशत थी। उनका सपना था कि उनके शहर में एक यूनिवर्सिटी हो। अगर उन्होंने यह सपना न देखा होता और बाकी विधायकों या सांसदों की तरह अपना काम करते, तो उनके साथ कुछ भी बुरा न होता। उन्हें अपने सपने के लिए सज़ा मिली। हमें हमारे नाम की वजह से सज़ा मिली। अगर हमारे नाम आजम खान और अब्दुल्ला आजम खान न होते, तो शायद हमारे साथ ऐसा न होता। यही सच है।

टीवी या फ्रिज की चोरी में फिर से सजा सुना दी जाए- अब्दुल्ला आजम

ईडी की कार्रवाई से जुड़े सवाल पर अब्दुल्ला आजम खान ने कहा, “कोई कुछ भी कह सकता है, लेकिन असल सच यही है। आज हम जमानत की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे, और हो सकता है कि कल आजम साहब को किसी टीवी या फ्रिज की चोरी के आरोप में फिर से दस साल की सजा सुना दी जाए। असल में यही तो हुआ है। हम अपनी कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। हमने हमेशा यही कहा है कि हम अपनी कानूनी लड़ाई लड़ेंगे, और हम बस यही कर सकते है।”

यह भी पढ़ें: ED ने अटैच की आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी, परिसर में सरकारी फंड के इस्तेमाल का है आरोप

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने यूपी के पूर्व मंत्री और सपा नेता आजम खान की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ रुपये की जमीन और इमारतों को अटैच यानी कब्जे में ले लिया है। ईडी के मुताबिक, इन संपत्तियों की मौजूदा कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपये हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें