जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में रविवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.6 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप सुबह 4:32 बजे आया।
भूकंप से अभी तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है। पुलिस और राहत टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क जरूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें। भूकंप 10 किलोमीटर की उथली गहराई पर आया, जिसका केंद्र अक्षांश 33.090 उत्तर और देशांतर 75.928 पूर्व पर स्थित था।
भूकंप पृथ्वी की सतह से लेकर लगभग 700 किलोमीटर नीचे तक की गहराई पर आ सकते हैं। वैज्ञानिक वर्गीकरण के लिए, यूएसजीएस के आंकड़ों के अनुसार, इस गहराई सीमा को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है- उथली, मध्यम और गहरी।
उथले भूकंप 0-70 किमी की गहराई पर आते हैं, मध्यम तीव्रता वाले भूकंप 70 से 300 किमी के बीच और गहरे भूकंप 300 से 700 किमी के बीच आते हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, आमतौर पर 70 किलोमीटर से अधिक गहराई वाले भूकंपों को “गहरे केंद्र वाले भूकंप” कहा जाता है।
डोडा में 1 मार्च को भी आया था भूकंप
डोडा में भूकंप आना कोई नया नहीं है। इससे पहले 1 मार्च 2026 को भी यहां 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। हालांकि उस समय भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था, लेकिन लोगों में दहशत फैल गई थी।
महाराष्ट्र में भी महसूस हुए थे भूकंप के झटके
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र स्थित हिंगोली जिले के कुछ हिस्सों में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई। इसके साथ ही पड़ोसी जिलों नांदेड़ और परभणी के भी कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। हिंगोली के जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि पांगरा शिंदे गांव के कुछ हिस्सों में भूकंप का असर देखने को मिला है। यहां कुछ घरों और सामुदायिक केंद्रो की दीवारों में दरार देखने को मिली हैं। हालांकि किसी प्रकार की जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
वहीं, नादेड़ जिला अधिकारी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई थी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की एक रीडिंग का हवाला देते हुए कहा कि भूकंप शनिवार सुबह 8.45 बजे दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के शिरली गांव में भूमि से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था।
दिल्ली-NCR में भूकंप के तेज झटके, घरों से बाहर निकले लोग
दिल्ली-एनसीआर में 3 अप्रैल की रात 9:42 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। जिसके बाद लोग अपने घरों और बिल्डिगों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके कुछ देर तक महसूस किए गए। भूकंप के झटके चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में महसूस किए गए, लेकिन तीव्रता इतनी थी कि लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। पढ़ें पूरी खबर।
