दिल्ली के बारापुला फेज़-3 फ्लाईओवर का काम पिछले कई महीनों से अटका हुआ है। इस परियोजना में कथित देरी और अनियमितताओं को लेकर अब दिल्ली की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने एफआईआर दर्ज कर ली है। व्यय वित्त समिति (EFC) ने बारापुला फेज़-3 फ्लाईओवर परियोजना में कई अनियमितताएं पाई थीं, जिसके बाद ACB ने अपनी ओर से प्रारंभिक जांच शुरू की थी।

किनके खिलाफ हुई FIR

प्रारंभिक जांच के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7A और धारा 13 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। द इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के मुताबिक, यह एफआईआर फिलहाल अज्ञात अधिकारियों और एक ठेकेदार के खिलाफ दर्ज की गई है। जांच एजेंसी इस समय उन सभी दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है, जो सीधे तौर पर बारापुला फेज़-3 परियोजना से जुड़े हुए हैं।

एलजी वीके सक्सेना ने क्या कहा?

जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल अक्टूबर में उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने इस परियोजना को लेकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि इस देरी की वजह से सरकारी खजाने को सैकड़ों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सिफारिश पर मामले की जांच के आदेश दिए गए थे, जिसे उपराज्यपाल ने मंजूरी दी।

बताया जा रहा है कि इस मामले पर पहली बार पिछले साल 28 जुलाई को व्यय वित्त समिति (EFC) की बैठक में चर्चा हुई थी, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कर रही थीं। उस बैठक में परियोजना की गहन जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई थी।

प्रोजेक्ट में कैसे होती गई देरी?

सरकार ने बारापुला के तीसरे चरण के पूरा होने की समय सीमा को बढ़ाकर वर्ष 2027 कर दिया है। 2015 में शुरू हुई परियोजना का करीब 95 फीसद काम पूरा हो चुका है लेकिन अभी अंतिम हिस्से के पूरा करने में 15 माह का और समय लगेगा। इस परियोजना के निर्माण कार्य के पूरा होने में देरी के चलते अब अनुमानित लागत भी 1260.63 करोड़ रुपए से बढ़कर 1,653.03 करोड़ रुपए हो गई है। अब परियोजना की कुल लागत में 374.40 करोड़ रुपए की वृद्धि हो गई है।

यह परियोजना पर 2015 से काम जारी है और इस दौरान कई बार इसकी समय सीमा बढ़ाई गई और इसकी लागत में वृद्धि हुई है। इसकी शुरुआती समय सीमा 2017 थी। शुरुआत में इस परियोजना की लागत 1,260.63 करोड़ रुपए अनुमानित थी, जो अब बढ़कर 1,653.03 करोड़ रुपए हो गई है।

ये भी पढ़ें- राहुल गांधी के भाषणों से गायब ‘मुस्लिम’ शब्द