राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। जिसमें कहा गया है कि 13 फरवरी 2026 को दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में यूजीसी नियमों के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन को कवर करने के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ भीड़ ने मारपीट की और यौन उत्पीड़न किया।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पत्रकार की जाति का पता लगाकर उस पर हमला किया और कुछ ने उसे नग्न अवस्था में घुमाने की धमकी भी दी। जिसके बाद वह बेहोश हो गई।

आयोग ने पाया है कि यदि समाचार रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है, तो यह पीड़िता के मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा उठाती है। इसलिए, आयोग ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। हालांकि, आयोग ने पत्रकार का नाम नहीं लिया है।

14 फरवरी 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित पत्रकार ने आरोप लगाया है कि उसे विशेष रूप से उसकी जाति के कारण निशाना बनाया गया था। वह कुछ शिक्षकों और महिला पुलिसकर्मियों की मदद से इस भयावह घटना से किसी तरह बच निकली।

यूट्यूबर रुचि तिवारी ने क्या कहा था?

महिला यूट्यूबर रुचि तिवारी ने इस मामले में पत्रकारों को बताया कि वह यूजीसी के नये नियमों को लागू करने की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों को कवर करने के लिए डीयू गई थीं। उनका कहना है कि उनके कुछ पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे और इस वजह से कुछ लोग पहले से ही उन्हें निशाना बना रहे थे।

महिला यूट्यूबर का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उससे उनकी जाति पूछी और फिर उस पर हमला कर दिया। रुचि तिवारी ने कहा, ‘मैं विरोध प्रदर्शन को कवर करने गई थी। इससे पहले कि मैं अपना माइक निकाल पाती, मेरे पीछे खड़े एक व्यक्ति ने बार-बार मेरा नाम लेकर मुझे उकसाने की कोशिश की। जब मैंने उससे पूछा कि मामला क्या है तो उसने मेरा नाम और जाति पूछी। मैंने उसे अपना नाम बताया और पूछा कि क्या हुआ था। इसके बाद मामला और बढ़ गया।’

रुचि तिवारी ने कहा कि बहुत सारे लोगों ने उन्हें घेर लिया और हमला करने की कोशिश की। तिवारी का कहना है कि भीड़ में शामिल लोगों ने उन्हें बलात्कार की धमकी दी और कहा कि उन्हें नग्न अवस्था में घुमाया जाएगा। बता दें, यूजीसी के नए नियमों को लेकर बीते दिनों देश भर के कई राज्यों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो चुके हैं। यूजीसी के नए नियमों के समर्थन और विरोध में कई बार लोग आमने-सामने आ चुके हैं।

डीयू में UGC के नए नियमों को लेकर प्रदर्शन के दौरान बवाल

दिल्ली यूनिवर्सिटी में यूजीसी के नए नियमों को लेकर हुए प्रदर्शन के मामले में बड़ा विवाद हो गया है। हुआ यह है कि ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ता जब शुक्रवार को डीयू की आर्ट फैकल्टी में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे तो इस दौरान एक महिला यूट्यूबर रुचि तिवारी ने कुछ प्रदर्शनकारियों पर उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी खबर।